मुख्य सामग्री पर जाएँ

आयुष्मान कार्ड कैसे बनाएं मोबाइल से (घर बैठे, 70+ भी)

आयुष्मान कार्ड कैसे बनाएं मोबाइल से (घर बैठे, 70+ भी)
विज्ञापन

Ayushman Card Kaise Banaye — आयुष्मान कार्ड अब घर बैठे मोबाइल से बनता है. Ayushman ऐप या beneficiary.nha.gov.in खोलिए, Beneficiary चुनकर मोबाइल नंबर और OTP से लॉग इन कीजिए, राशन कार्ड या आधार नंबर से अपना परिवार खोजिए और अपने नाम के आगे दिए Do e-KYC पर टैप कीजिए. पूरी प्रक्रिया में 10 मिनट लगते हैं, बशर्ते आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक हो.

अंतिम अपडेट: 20 सितंबर 2026 — जानकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) और PIB के आधिकारिक स्रोतों से मिलाई गई है.

Ayushman Card Kaise Banaye

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) 23 सितंबर 2018 से चल रही है. इसके तहत पात्र परिवारों को प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है. PIB के अनुसार यह कवर 12.34 करोड़ परिवारों यानी लगभग 55 करोड़ लोगों के लिए है, और 28 अक्टूबर 2025 तक 42 करोड़ से ज़्यादा आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके थे.

पहले यह कार्ड सिर्फ़ लोक सेवा केंद्र, ग्राम रोजगार सहायक या आयुष्मान मित्र के ज़रिए बनता था. अब आप इसे मोबाइल से खुद बना सकते हैं. असली अड़चन प्रक्रिया नहीं, पात्रता है — इसलिए पहले वही देख लीजिए.

इस लेख में आप जानेंगे

लेख की रूपरेखा — 19 विषय

पहले यह देखिए — आप पात्र हैं या नहीं

पात्रता समझे बिना कोशिश करने पर ऐप में नाम ही नहीं मिलेगा और समय बर्बाद होगा. पात्रता के तीन मुख्य रास्ते हैं.

1. SECC 2011 और राशन कार्ड वाला रास्ता

मूल योजना में पात्रता सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (SECC) 2011 के वंचित मानदंडों से तय हुई थी. कई राज्यों ने इसे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के राशन कार्डधारी परिवारों तक बढ़ाया है, इसलिए ऐप में खोज अक्सर राशन कार्ड या फैमिली आईडी से होती है. यहाँ आवेदन नहीं करना होता — या तो आपका परिवार सूची में है, या नहीं.

2. 70 साल और उससे ऊपर — आयुष्मान वय वंदना कार्ड

यह इस योजना का सबसे बड़ा बदलाव है और ज़्यादातर पुराने लेखों में गायब है. 29 अक्टूबर 2024 को PM-JAY का विस्तार करके 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को शामिल किया गया — आय या सामाजिक-आर्थिक स्थिति चाहे जो भी हो. इनके लिए बनने वाला कार्ड आयुष्मान वय वंदना कार्ड कहलाता है.

  • 70+ वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये सालाना का कवर मिलता है, भले ही वे किसी भी आय वर्ग के हों.
  • जो 70+ नागरिक पहले से PM-JAY में शामिल किसी परिवार के सदस्य हैं, उन्हें अपने लिए अलग से 5 लाख रुपये तक का टॉप-अप कवर मिलता है — यानी परिवार का कवर उनके इलाज में नहीं घटेगा.
  • PIB के अनुसार इस विस्तार से लगभग 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिक (करीब 4.5 करोड़ परिवार) कवर होते हैं.
  • पंजीकरण उसी Ayushman ऐप या beneficiary पोर्टल से आधार e-KYC करके होता है. राशन कार्ड की सूची में नाम होना यहाँ ज़रूरी नहीं.

ध्यान रखें: उम्र आधार में दर्ज जन्मतिथि से देखी जाती है. आधार में उम्र गलत है तो पहले उसे सुधरवाना पड़ेगा, वरना 70+ वाली श्रेणी में नाम नहीं आएगा.

3. राज्य की अपनी योजनाएँ

कई राज्यों ने PM-JAY को अपनी राज्य स्वास्थ्य योजना के साथ जोड़ रखा है और उनकी पात्रता शर्तें थोड़ी अलग हैं. ऐप में Scheme चुनते समय PMJAY के अलावा अपने राज्य की योजना का विकल्प भी दिख सकता है — वही चुनिए जो आप पर लागू हो. मज़दूरी करने वालों के लिए एक और काम का दस्तावेज़ है, लेबर कार्ड ऑनलाइन कैसे बनवाएँ यह भी देख लीजिए.

विज्ञापन

आयुष्मान कार्ड लिस्ट में अपना नाम कैसे देखें

कार्ड बनाने की कोशिश करने से पहले यह जाँच लेना सबसे अच्छा है, और यह उसी पोर्टल से मुफ़्त में हो जाता है.

  1. beneficiary.nha.gov.in खोलिए या Ayushman ऐप में Beneficiary चुनिए.
  2. मोबाइल नंबर और OTP से लॉग इन कीजिए.
  3. Scheme में PMJAY या अपने राज्य की योजना, फिर राज्य और ज़िला चुनिए.
  4. Search By में Family ID (राशन कार्ड), Aadhaar, Name या PMJAY ID में से कोई चुनकर खोजिए.
  5. नाम आ गया तो आप पात्र हैं. आगे उसके सामने या तो Do e-KYC लिखा होगा (कार्ड बना नहीं है) या Download Card (कार्ड पहले से बना है).

एक व्यावहारिक बात: एक ही तरीके से न मिलने पर हार मत मानिए. राशन कार्ड नंबर से न मिले तो आधार नंबर से खोजिए, फिर नाम से. कई परिवारों का रिकॉर्ड पुराने राशन कार्ड नंबर पर है, इसलिए आधार से खोजने पर ही नाम सामने आता है.

मोबाइल से आयुष्मान कार्ड कैसे बनाएं

संक्षेप में: Ayushman ऐप खोलिए, Beneficiary चुनकर मोबाइल नंबर और OTP से लॉग इन कीजिए, राज्य-ज़िला और फैमिली आईडी से परिवार खोजिए, और जिसका कार्ड बनाना है उसके नाम के आगे Do e-KYC पर टैप करके आधार OTP से सत्यापन पूरा कीजिए.

ऊपर दिए लिंक से ऐप डाउनलोड कीजिए, या ब्राउज़र से beneficiary.nha.gov.in पर वही स्टेप फॉलो कीजिए. दोनों जगह प्रक्रिया एक जैसी है.

शुरू करने से पहले तैयार रखें: आधार कार्ड, राशन कार्ड या फैमिली आईडी, और वह मोबाइल नंबर जो आधार से लिंक है — क्योंकि e-KYC आधार OTP से होती है. यह एक चीज़ न हो तो प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी.

स्टेप 1. Ayushman ऐप खोलकर Accept पर क्लिक कीजिए. यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की प्राइवेसी पॉलिसी है.

Ayushman Card Kaise Banta Hai

स्टेप 2. अगले इंटरफ़ेस में Login पर क्लिक कीजिए. अंग्रेज़ी समझ न आती हो तो यहीं से भाषा बदल सकते हैं.

Ayushman Card Kaise Banaen

स्टेप 3. Beneficiary विकल्प चुनकर मोबाइल नंबर दर्ज कीजिए और Verify पर क्लिक कीजिए. (Operator विकल्प आम नागरिकों के लिए नहीं है — वह CSC संचालकों और आयुष्मान मित्र के लिए है.)

आयुष्मान कार्ड कैसे बनाएं

स्टेप 4. मोबाइल पर आए OTP को दर्ज कीजिए, Captcha भरिए और Login पर क्लिक कीजिए.

आयुष्मान कार्ड कैसे बनता है

स्टेप 5. Scheme में PMJAY (या अपने राज्य की योजना) चुनिए, फिर अपना राज्य और ज़िला. Search By में Family ID चुनकर नीचे वाले बॉक्स में अपना राशन कार्ड या फैमिली आईडी नंबर दर्ज कीजिए और Search पर क्लिक कीजिए.

आयुष्मान कार्ड ऑनलाइन कैसे बनाएं

स्टेप 6. परिवार के सभी सदस्यों की लिस्ट आ जाएगी. जिनका कार्ड बन चुका है उनके नाम के आगे Download Card लिखा होता है और जिनका नहीं बना उनके आगे Do e-KYC. जिसका कार्ड बनाना है, उसके नाम के आगे Do e-KYC पर क्लिक कीजिए.

Ayushman Card Kaise Banaye Mobile Se

स्टेप 7. e-KYC के लिए चार विकल्प आते हैं. फिंगरप्रिंट, IRIS स्कैन और Face RD के लिए अलग डिवाइस या सेटअप चाहिए, इसलिए घर से करने पर Aadhaar OTP चुनिए और Verify पर क्लिक कीजिए.

Ayushman Card Banane Ka Tarika

स्टेप 8. अगले पॉप-अप में Yes, I accept पर टिक करके Allow पर क्लिक कीजिए.

विज्ञापन
Ayushman Bharat Card Kaise Banaye

स्टेप 9. पहले आधार OTP दर्ज कीजिए, फिर राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की तरफ़ से आए दूसरे OTP को. दोनों अलग-अलग OTP हैं — जल्दबाज़ी में एक ही डालने की गलती बहुत लोग करते हैं.

आयुष्मान कार्ड कैसे बनाये

स्टेप 10. अब लाइव फोटो और बाकी जानकारी भरकर Submit कीजिए. आवेदन जमा हो जाता है और अनुमोदन के बाद कार्ड डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो जाता है. यह अनुमोदन तुरंत भी हो सकता है और कुछ दिन भी ले सकता है — इसलिए Submit के बाद ऐप में दोबारा जाकर स्थिति देखते रहिए.

आयुष्मान कार्ड डाउनलोड कैसे करें

  • Ayushman ऐप खोलकर मोबाइल नंबर और OTP से लॉग इन कीजिए.
  • राज्य, ज़िला और फैमिली आईडी (या आधार नंबर) से अपने परिवार को सर्च कीजिए.
  • अपने नाम के आगे दिए Download Card विकल्प पर क्लिक कीजिए.
Ayushman Card Download Kaise Kare
  • आधार OTP से खुद को वेरीफाई कीजिए.
  • सदस्यों की लिस्ट में से नाम चुनिए और नीचे दिए Download पर क्लिक कीजिए. कार्ड PDF में सेव हो जाता है.
आयुष्मान कार्ड डाउनलोड

परिवार के किसी सदस्य का कार्ड डाउनलोड करने के लिए यह सत्यापित करना होता है कि आप उसी परिवार के हैं — इसीलिए आधार OTP माँगा जाता है. उसके बाद परिवार में किसी का भी कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है.

डाउनलोड की गई PDF फोन की गैलरी में नहीं, Downloads फोल्डर में जाती है. उसे संभालकर रखिए — चाहें तो DigiLocker में सेव कर लीजिए, ताकि फोन बदलने पर भी मिल जाए. प्रिंट निकलवाना हो तो PDF बनाने और संभालने वाला लेख काम आएगा. अस्पताल में कागज़ का कार्ड ज़रूरी नहीं होता, फोन में PDF और आधार से भी काम चल जाता है.

नाम लिस्ट में नहीं मिल रहा तो क्या करें

यह सबसे आम शिकायत है. क्रम से ये चीज़ें आज़माइए.

  1. दूसरे तरीके से खोजिए — Search By में फैमिली आईडी की जगह आधार नंबर, नाम या PMJAY ID चुनकर देखिए.
  2. सही Scheme चुनी है या नहीं देखिए — कई राज्यों में PMJAY के साथ राज्य की योजना भी सूची में होती है.
  3. 70+ हैं तो अलग रास्ता है — वय वंदना कवर के लिए राशन कार्ड की सूची में होना ज़रूरी नहीं. सीधे आधार से e-KYC कराइए.
  4. आधार से लिंक नंबर बदल गया है — तो पहले नज़दीकी आधार केंद्र से नंबर अपडेट कराइए, वरना OTP आएगा ही नहीं.
  5. नज़दीकी CSC या आयुष्मान मित्र के पास जाइए — अस्पतालों में भी आयुष्मान मित्र काउंटर होता है, जहाँ ऑपरेटर आईडी से खोज के अतिरिक्त विकल्प रहते हैं और फिंगरप्रिंट से e-KYC हो जाती है.
  6. राष्ट्रीय हेल्पलाइन 14555 पर कॉल कीजिए — यह NHA का टोल-फ्री नंबर है और कई भाषाओं में 24×7 चलता है. यहाँ से पात्रता और नज़दीकी अस्पताल दोनों की जानकारी मिलती है.

एक बात साफ़ कह देना ज़रूरी है: अगर आपका परिवार पात्र सूची में है ही नहीं, तो कोई ऐप, एजेंट या “₹500 में कार्ड बनवा दूँगा” वाला आदमी उसे बना नहीं सकता. ऐसे दावों पर पैसे मत दीजिए. कार्ड बनाने का कोई शुल्क नहीं है — यह प्रक्रिया पूरी तरह मुफ़्त है.

किस अस्पताल में इलाज मिलेगा — सूचीबद्ध अस्पताल कैसे खोजें

कार्ड बन जाना आधा काम है. असली सवाल तब आता है जब इलाज की ज़रूरत पड़े — कौन-सा अस्पताल इस योजना में सूचीबद्ध (empanelled) है. यह पहले से देख लेना चाहिए, बीमारी के वक़्त नहीं.

विज्ञापन
  • आधिकारिक खोज पेज hospitals.pmjay.gov.in पर है.
  • यहाँ राज्य, ज़िला, अस्पताल का प्रकार (सरकारी / निजी नॉट-फॉर-प्रॉफ़िट / निजी), स्पेशलिटी और नाम से खोजा जा सकता है.
  • इसी पेज पर निलंबित (suspended) अस्पतालों की सूची भी है — वहाँ जाने से पहले यह ज़रूर देख लीजिए.
  • अस्पताल में आयुष्मान मित्र काउंटर पर कार्ड दिखाकर सत्यापन कराइए. इलाज कैशलेस होता है — भर्ती के लिए आपसे पैसे नहीं माँगे जाने चाहिए.
  • कार्ड वैध होने के बावजूद मुफ़्त इलाज न मिले तो 14555 पर शिकायत दर्ज कराइए.

कई सरकारी सेवाएँ अब एक ही जगह मिल जाती हैं — UMANG ऐप में भी स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएँ हैं, और पहचान के दस्तावेज़ों के लिए घर बैठे PAN कार्ड बनवाने का तरीका अलग से दिया है.

आयुष्मान कार्ड के फायदे और सीमाएँ

5 लाख का सालाना कवर: प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज, द्वितीयक और तृतीयक स्तर के अस्पताल में भर्ती के लिए. यह राशि परिवार के किसी भी सदस्य पर इस्तेमाल हो सकती है.

कैशलेस और पेपरलेस: सूचीबद्ध अस्पताल में इलाज का खर्च सीधे योजना से निपटाया जाता है, आपको नकद नहीं देना होता और न बाद में क्लेम करना पड़ता है.

पूरे देश में मान्य: कार्ड किसी भी राज्य में बना हो, इलाज देश के किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में कराया जा सकता है. दूसरे राज्य में काम करने वालों के लिए यह सबसे बड़ी सुविधा है.

इलाज पैकेज: PM-JAY में इलाज “हेल्थ बेनिफिट पैकेज” के रूप में सूचीबद्ध होते हैं. 2021 में हुए संशोधन (HBP 2022) के बाद इनकी संख्या 1,949 प्रोसीजर, 27 स्पेशलिटी में की गई थी, जिनमें कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और जनरल सर्जरी जैसी श्रेणियाँ शामिल हैं. यह सूची समय-समय पर बदलती रहती है — इसलिए अपनी बीमारी के लिए कवर की पुष्टि pmjay.gov.in पर या 14555 पर कॉल करके ही कीजिए, किसी ब्लॉग की सूची से नहीं.

सीमाएँ जो जान लेनी चाहिए: यह मुख्य रूप से अस्पताल में भर्ती से जुड़ी योजना है — रोज़मर्रा की OPD जाँच और दवाइयाँ आम तौर पर इसके दायरे में नहीं आतीं. कुछ श्रेणियाँ पैकेज सूची में शामिल नहीं होतीं, और हर निजी अस्पताल सूचीबद्ध नहीं होता. इसलिए भर्ती से पहले अस्पताल के आयुष्मान काउंटर से कवरेज की पुष्टि करा लेना ज़रूरी है.

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए

आधार कार्ड, राशन कार्ड या फैमिली आईडी, और वह मोबाइल नंबर जो आधार से लिंक हो — क्योंकि e-KYC आधार OTP से होती है. आधार से लिंक नंबर न हो तो पहले उसे अपडेट कराना पड़ेगा, या फिंगरप्रिंट और फेस e-KYC के लिए CSC या आयुष्मान मित्र के पास जाना होगा.

आयुष्मान कार्ड के लिए पात्रता क्या है

मूल पात्रता SECC 2011 के वंचित मानदंडों से तय होती है और कई राज्यों में इसे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के राशन कार्डधारी परिवारों तक बढ़ाया गया है. इसके अलावा 29 अक्टूबर 2024 से 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिक पात्र हैं, आय चाहे जो भी हो — उनके लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनता है.

विज्ञापन

70 साल से ऊपर वालों को क्या अलग फायदा मिलता है

उन्हें आय की शर्त के बिना 5 लाख रुपये सालाना का कवर मिलता है. जो 70+ नागरिक पहले से PM-JAY में शामिल किसी परिवार के सदस्य हैं, उन्हें अपने लिए अलग से 5 लाख रुपये तक का टॉप-अप कवर मिलता है, जिससे परिवार का कवर उनके इलाज में नहीं घटता. यही कार्ड आयुष्मान वय वंदना कार्ड कहलाता है.

आयुष्मान कार्ड में कितने रुपये का इलाज मुफ़्त होता है

प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक. यह राशि परिवार के किसी भी सदस्य के इलाज पर खर्च की जा सकती है और हर साल फिर से मिलती है. यह अस्पताल में भर्ती के लिए है — सामान्य OPD जाँच और दवाइयाँ आम तौर पर इसमें शामिल नहीं होतीं.

आयुष्मान कार्ड से इलाज कैसे करवाएं

पहले hospitals.pmjay.gov.in पर देख लीजिए कि आपके इलाके का कौन-सा अस्पताल सूचीबद्ध है और वह निलंबित सूची में तो नहीं है. अस्पताल जाकर आयुष्मान मित्र काउंटर पर कार्ड दिखाइए. वह पात्रता जाँचेगा, फिर भर्ती और इलाज कैशलेस तरीके से होता है. कार्ड वैध होने पर भी मुफ़्त इलाज न मिले तो 14555 पर शिकायत दर्ज कराइए.

कार्ड बनने में कितने दिन लगते हैं

e-KYC पूरी होने के बाद कई मामलों में कार्ड उसी दिन डाउनलोड के लिए आ जाता है, पर अनुमोदन में कुछ दिन भी लग सकते हैं. Submit करने के बाद हर दो-तीन दिन में ऐप खोलकर स्थिति देखते रहिए. एक हफ़्ते से ज़्यादा हो जाए तो 14555 पर या नज़दीकी CSC पर पूछिए.

क्या आयुष्मान कार्ड बनवाने के पैसे लगते हैं

नहीं, यह पूरी तरह मुफ़्त है. न कार्ड बनाने का शुल्क है, न सालाना प्रीमियम. कोई एजेंट पैसे माँगे तो वह ठगी है. ऐप और पोर्टल दोनों सरकारी हैं और वहीं से खुद काम हो जाता है.

घर में कोई 70 साल से ऊपर का सदस्य है तो आय चाहे जो भी हो, उनका कार्ड ज़रूर बनवाइए — यह हक 2024 में जुड़ा है और बहुत लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं है.

स्रोत: राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) का लाभार्थी पोर्टल beneficiary.nha.gov.in, PM-JAY सूचीबद्ध अस्पताल खोज hospitals.pmjay.gov.in, और PIB की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्तियाँ (70+ विस्तार, कवरेज और कार्ड संख्या से जुड़े आंकड़े). योजना के नियम बदल सकते हैं — किसी भी निर्णय से पहले आधिकारिक पोर्टल या 14555 से पुष्टि कर लीजिए.

इन्हें भी पढ़ें:

कार्ड बनाते समय कोई दिक्कत आ रही हो तो कमेंट में अपनी समस्या बताइए — हम मदद करने की कोशिश करेंगे.

Hindi Sink को फॉलो करें

@hindisinkofficial

नई Pocket FM कहानियों, स्टोरी गाइड और ताज़ा अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

विज्ञापन
🔒 Link Safety Checker — कोई भी link safe है या नहीं, यहाँ जाँचें