Cartoon Video Kaise Banaye — मोबाइल से बनाना हो तो Chroma Toons ऐप सबसे सीधा रास्ता है: किरदार चुनिए, उन्हें चलाइए-हिलाइए, अपनी आवाज़ की ऑडियो फाइल लगाइए और स्क्रीन रिकॉर्ड कर लीजिए. YouTube पर दिखने वाली ज़्यादातर हिंदी कार्टून कहानियाँ इसी तरह बनती हैं. तस्वीर या वीडियो को सीधे कार्टून में बदलना हो तो lensgo.ai जैसे AI टूल से काम चल जाता है, और कंप्यूटर पर असली 3D एनीमेशन के लिए Blender (फ्री) इस्तेमाल होता है. नीचे हर तरीका स्क्रीनशॉट के साथ है.

कार्टून वीडियो सिर्फ बच्चों के मनोरंजन के लिए नहीं बनते. दुकान या बिज़नेस का प्रमोशन, स्कूल का प्रोजेक्ट, धार्मिक कहानियाँ और यूट्यूब चैनल — हर जगह इनका इस्तेमाल होता है, क्योंकि इनमें न कैमरा चाहिए, न कोई कलाकार, न चेहरा दिखाना पड़ता है. PC पर पहले इसके लिए महँगे सॉफ्टवेयर लगते थे, अब पैसे खर्च किए बिना भी बन जाता है.
लेख की रूपरेखा — 30 विषय
- मोबाइल से Cartoon वीडियो कैसे बनाएं (Chroma Toons से)
- AI से कार्टून वीडियो कैसे बनाएं
- नार्मल वीडियो को कार्टून में कैसे बदलें
- Motu Patlu जैसा कार्टून वीडियो कैसे बनाएं (कॉपीराइट की सच्चाई)
- कहानी वाला कार्टून वीडियो और YouTube किड्स चैनल
- PC में 3D कार्टून वीडियो कैसे बनाएं
- मोबाइल से 3D एनीमेशन वीडियो कैसे बनाएं
- Cartoon वीडियो बनाने वाले बेस्ट ऐप
- Cartoon वीडियो बनाने से जुड़े सवाल-जवाब
- अपनी फोटो को कार्टून में कैसे बदलें?
- क्या Toontastic 3D ऐप से कार्टून बना सकते हैं?
- मोबाइल से कार्टून वीडियो कैसे बनाते हैं?
- क्या फ्री में बिना वॉटरमार्क कार्टून वीडियो बन सकता है?
- कार्टून वीडियो में हिंदी आवाज़ कैसे डालें?
- कार्टून वीडियो से पैसे कैसे कमाए जाते हैं?
- Motu Patlu video kaise banaen?
- Motu Patlu ka cartoon YouTube par daal sakte hain kya?
- Laptop se kids cartoon video kaise banaye?
- Hindi Sink को फॉलो करें
मोबाइल से Cartoon वीडियो कैसे बनाएं (Chroma Toons से)
Cartoon वीडियो बनाने के लिए Chroma Toons ऐप इस्तेमाल कीजिए. इसमें करैक्टर सेलेक्ट करके उन्हें इधर-उधर मूव कराना होता है और अपनी आवाज़ वाली ऑडियो फाइल लगानी होती है. यूट्यूब पर दिखने वाली ज़्यादातर हिंदी कार्टून कहानियाँ इसी ऐप से बनती हैं. सभी स्टेप नीचे स्क्रीनशॉट के साथ दिए हैं.
1. Chroma Toons इंस्टॉल करके खोलें
ऊपर गूगल प्ले स्टोर का लिंक दिया है, वहाँ से ऐप इंस्टॉल कर लें. खोलने पर नीचे वाली स्क्रीन दिखेगी. ऐप स्टोरेज और माइक की परमिशन माँगे तो Allow कर दें, वरना वीडियो रिकॉर्ड ही नहीं होगा. इसके बाद Let’s Start पर टैप करें.

2. Recording Type चुनें (यहीं सबसे ज़्यादा लोग अटकते हैं)
अगला पेज Recording Type पूछता है. एंड्रॉइड 8, 9, 12, 13 या उससे नया है तो Rec Type1 चुनकर OK दबाएं. एंड्रॉइड 10 या 11 है तो Rec Type2 चुनें.

एंड्रॉइड वर्जन देखना हो तो फोन की Settings → About phone में मिल जाएगा. अगर चुने हुए टाइप से रिकॉर्डिंग नहीं हो रही, तो दूसरा टाइप चुनकर दोबारा कोशिश करें — यह ऐप की सबसे आम दिक्कत है और सिर्फ इसी को बदलने से ठीक हो जाती है.
3. स्क्रीन के सारे बटन समझ लें
ऐप का इंटरफ़ेस पहली नज़र में उलझा हुआ लगता है, इसलिए नीचे वाली तस्वीर में हर बटन का काम लिखा है. दो मिनट इसे देखने में लगाइए, बाद में काम आधा हो जाएगा.

4. कहानी के हिसाब से किरदार चुनें
कार्टून बनाने से पहले कहानी तय कीजिए — पहले कहानी, फिर ऐप. बच्चों की किताबों की कहानियाँ, दादी-नानी वाली कहानियाँ और पंचतंत्र की कहानियाँ इसके लिए सबसे आसान हैं, क्योंकि उनमें किरदार कम होते हैं. इसके बाद Characters पर टैप करके ज़रूरत भर के किरदार चुनें.

और किरदार जोड़ने हों तो SP आइकॉन से जोड़िए. ऐप खोलने पर चार किरदार पहले से चुने हुए रहते हैं; किसी को हटाना हो तो उसकी जगह None चुन दें. सब चुन लेने के बाद OK दबाएं. पहली वीडियो में दो ही किरदार रखिए — चार किरदारों को एक साथ संभालना शुरू में मुश्किल पड़ता है.
5. कहानी की ऑडियो फाइल पहले तैयार रखें
यह सबसे ज़रूरी बात है और यहीं ज़्यादातर लोग उल्टा कर बैठते हैं. पहले पूरी कहानी की ऑडियो रिकॉर्ड कीजिए — सारे डायलॉग, म्यूजिक और साउंड इफ़ेक्ट एक ही फाइल में. उसके बाद एनीमेशन को उस आवाज़ के हिसाब से बनाइए. उल्टा करेंगे तो होंठ और आवाज़ कभी नहीं मिलेंगे. अलग-अलग किरदारों की आवाज़ बदलने के लिए Voice Changer ऐप इस्तेमाल कीजिए.

ऑडियो लगाने के लिए ऊपर Aud पर टैप करें, फाइल मैनेजर से अपनी रिकॉर्डिंग चुनें और OK दबाएं.
6. किरदार का एनीमेशन चुनें
चलना, दौड़ना, बात करना, हँसना, गुस्सा करना — ऐप में इंसान के लगभग सारे सामान्य एनीमेशन पहले से मौजूद हैं. हर टाइमफ्रेम में एनीमेशन लगाना ज़रूरी है, वरना किरदार मूर्ति की तरह खड़ा दिखता है.

एनीमेशन लगाने के लिए किरदार के ऊपर बने प्लस (+) पर टैप करें, Default Move सेक्शन से एनीमेशन चुनें और OK दबाएं.
7. पूरी कहानी टाइमफ्रेम दर टाइमफ्रेम बनाएं
ऊपर New पर टैप करें. फिर REC के नीचे वाले प्लस आइकॉन से एक टाइमफ्रेम बढ़ाएं और समय को ऊपर खिसकाकर 5 सेकंड कर दें. अब किरदार पर Walk एनीमेशन लगाकर उसे एक जगह से दूसरी जगह मूव कराएं. यही चक्र बार-बार दोहराना है — एक टाइमफ्रेम, एक एनीमेशन, एक मूवमेंट.

इसके बाद फिर से REC के नीचे वाले प्लस आइकॉन पर टैप करें और ऊपर बाईं तरफ Play दबाकर देखें. स्क्रीन पर कुछ ऐसा दिखेगा:
8. रिकॉर्ड करके वीडियो सेव करें
जब कहानी पूरी बन जाए (कम-से-कम 15-30 टाइमफ्रेम) तो ऊपर दाईं तरफ 🔴REC पर टैप करें. पूरा वीडियो अपने आप चलने लगेगा और साथ-साथ रिकॉर्ड होता रहेगा. इसी वजह से रिकॉर्डिंग के दौरान फोन को छूइए मत और कोई नोटिफिकेशन न आए इसके लिए Do Not Disturb चालू कर लीजिए — वरना नोटिफिकेशन भी वीडियो में रिकॉर्ड हो जाता है.

वीडियो पूरा चल जाने पर नीचे दाएं कोने में बने Chroma Toons आइकॉन पर टैप करें. रिकॉर्डिंग रुक जाएगी और फाइल फोन के इंटरनल स्टोरेज में Movies → ChromaToonsRecordings फोल्डर में सेव हो जाएगी. वहाँ से उसे यूट्यूब पर अपलोड किया जा सकता है.
एक सच्ची बात — इस ऐप से बना पहला वीडियो अच्छा नहीं बनता. लिप-सिंक बिगड़ता है, किरदार अटकते हैं और रिकॉर्डिंग बीच में रुक जाती है. तीन-चार बार बनाने के बाद हाथ बैठ जाता है, इसलिए पहला वीडियो दो मिनट से लंबा मत बनाइए.
AI से कार्टून वीडियो कैसे बनाएं
“AI से कार्टून वीडियो” के नाम पर आजकल जो दिखाया जाता है, उसमें असल में दो अलग चीज़ें हैं और दोनों का फर्क समझना ज़रूरी है.
- अपनी वीडियो को कार्टून में बदलना — इसमें आप खुद शूट की हुई वीडियो अपलोड करते हैं और AI उसे कार्टून जैसा बना देता है. lensgo.ai वाला तरीका नीचे दिया है. यह असल में काम करता है, पर वीडियो छोटी रखनी पड़ती है.
- सिर्फ लिखकर कार्टून वीडियो बनवाना — Google के Gemini जैसे टूल लिखी हुई बात से वीडियो बना देते हैं, लेकिन क्लिप कुछ ही सेकंड की होती है और यह सुविधा ज़्यादातर पेड प्लान में मिलती है. पाँच मिनट की पूरी कहानी वाली कार्टून वीडियो अभी एक प्रॉम्प्ट से नहीं बनती — जो वीडियो ऐसा दावा करते हैं, उनमें बीस-तीस छोटी क्लिप जोड़कर वीडियो बनाया गया होता है, यह वे बताते नहीं.
वेब पर Animaker और Vidnoz जैसे टूल भी हैं, जिनमें तैयार किरदारों से एनीमेशन बनता है. इनके फ्री प्लान में आमतौर पर वॉटरमार्क लगता है और महीने में गिने-चुने वीडियो ही बनते हैं. किसी भी AI साइट पर बच्चों की या परिवार की तस्वीरें अपलोड करने से पहले दो बार सोचिए — वे तस्वीरें किसी और के सर्वर पर चली जाती हैं. AI वाले और टूल देखने हों तो फ्री AI टूल्स की लिस्ट देख लीजिए.
AI सिर्फ कार्टून तक सीमित नहीं है — उसी prompt box से असली जैसे दिखने वाले clips भी बनते हैं, और style बदलकर एक ही scene को cartoon या realistic दोनों तरह से निकाला जा सकता है. मोबाइल पर यह पूरा तरीका हमने AI से वीडियो कैसे बनाएं वाले लेख में लिखा है.
नार्मल वीडियो को कार्टून में कैसे बदलें
- मोबाइल ब्राउज़र से lensgo.ai पर जाएँ.
- अपने गूगल अकाउंट से साइन अप करें.
- ‘Upload Video’ पर क्लिक करें.
- गैलरी से कोई छोटा वीडियो चुनें — 10-15 सेकंड का वीडियो सबसे अच्छा नतीजा देता है.
- दिए गए प्रॉम्प्ट/स्टाइल में से कोई एक चुनें.
- START पर क्लिक करें और कुछ मिनट रुकें.
- डाउनलोड के आइकॉन से वीडियो सेव कर लें.
इसकी सीमा यह है कि फ्री क्रेडिट जल्दी खत्म हो जाते हैं और लंबे वीडियो में चेहरा हर कुछ सेकंड बाद बदलता हुआ लगता है. इसलिए इसे पूरी कहानी बनाने के लिए नहीं, सिर्फ छोटे इंट्रो या रील के लिए इस्तेमाल कीजिए.
Motu Patlu जैसा कार्टून वीडियो कैसे बनाएं (कॉपीराइट की सच्चाई)
यह सवाल सबसे ज़्यादा पूछा जाता है, इसलिए सीधा जवाब पहले: मोटू पतलू, छोटा भीम या डोरेमोन जैसे किरदार आपके नहीं हैं. इन किरदारों पर उन्हें बनाने वाली कंपनियों का कॉपीराइट है (मोटू और पतलू मूल रूप से Lotpot कॉमिक्स से आए किरदार हैं). इनके नाम, शक्ल या आवाज़ का इस्तेमाल करके यूट्यूब पर वीडियो डालने पर कॉपीराइट स्ट्राइक आती है, कमाई बंद हो जाती है और तीन स्ट्राइक पर चैनल ही बंद हो जाता है.
जो करना सही है वह यह है — उसी अंदाज़ का अपना कार्टून बनाइए. मोटू पतलू जैसी वीडियो जो चीज़ें लोकप्रिय बनाती हैं, वे किरदार नहीं हैं:
- दो दोस्त — एक मोटा-भोला, एक दुबला-चालाक. आप अपने किरदारों के अपने नाम रखिए.
- छोटी, सीधी कहानी जो 5-7 मिनट में खत्म हो और अंत में कोई सीख या मज़ेदार मोड़ हो.
- तेज़, थोड़ी बढ़ी-चढ़ी आवाज़ में हिंदी डबिंग और बीच-बीच में साउंड इफ़ेक्ट.
- चमकीले रंग और गाँव या मोहल्ले का साधारण बैकग्राउंड.
Chroma Toons और FlipaClip दोनों में ऐसे किरदार बनाए जा सकते हैं. शीर्षक में किसी मशहूर कार्टून का नाम डालकर व्यूज़ खींचने की कोशिश मत कीजिए — उसी से सबसे तेज़ शिकायत आती है.
कहानी वाला कार्टून वीडियो और YouTube किड्स चैनल
बच्चों के लिए कहानी वाला चैनल बनाने से पहले एक बात जान लेना ज़रूरी है, क्योंकि ज़्यादातर लोगों को यह बाद में पता चलती है. यूट्यूब पर वीडियो अपलोड करते समय पूछा जाता है कि वीडियो बच्चों के लिए है या नहीं. बच्चों वाली वीडियो पर “Made for Kids” चुनना कानूनन ज़रूरी है, और यह चुनते ही उस वीडियो पर कमेंट बंद हो जाते हैं, नोटिफिकेशन नहीं जाते, वीडियो सेव नहीं की जा सकती और विज्ञापन भी सामान्य से कम कमाई वाले लगते हैं.
इससे बचने के लिए झूठ बोलकर “Not for Kids” चुनना और भी महँगा पड़ता है — पकड़े जाने पर चैनल पर कार्रवाई होती है. इसलिए कार्टून चैनल का मन बना रहे हों तो कहानियाँ ऐसी चुनिए जो बच्चों के साथ बड़े भी देखें, या यूट्यूब चैनल बनाने का पूरा गाइड पढ़कर पहले कमाई का गणित समझ लीजिए. बच्चों के चैनल पर काम करते समय अपनी यूट्यूब हिस्ट्री अलग रखिए, वरना सुझाव में सिर्फ कार्टून ही आते रहते हैं और रिसर्च मुश्किल हो जाती है. कहानी की वीडियो को काटने-जोड़ने और सबटाइटल लगाने के लिए CapCut जैसा एडिटर या InShot काम आता है.
PC में 3D कार्टून वीडियो कैसे बनाएं
Chroma Toons से सिर्फ 2D कार्टून बनता है. असली 3D एनीमेशन के लिए कंप्यूटर और Blender चाहिए, जो पूरी तरह फ्री और ओपन सोर्स है — कोई ट्रायल, कोई वॉटरमार्क नहीं. सच यह भी है कि Blender सीखने में महीनों लगते हैं और 4 GB रैम वाले लैपटॉप पर रेंडरिंग घंटों चलती है. शौक हो तो ज़रूर सीखिए, पर पहली वीडियो मोबाइल से ही बनाइए.
Blender का पूरा तरीका लिखकर समझाना मुश्किल है, इसलिए नीचे एक वीडियो लगा दिया है जिसमें 3D एनीमेशन बनाने की पूरी प्रक्रिया दिखाई गई है.
लैपटॉप से Kids Cartoon वीडियो कैसे बनाएं (2D, फ्री)
बच्चों वाली सीधी-सादी 2D कहानियों के लिए Blender की ज़रूरत नहीं. लैपटॉप पर दो फ्री और ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर काम आते हैं: Pencil2D, जो हल्का है और फ्रेम-दर-फ्रेम ड्रॉइंग सीखने के लिए सबसे आसान है, और OpenToonz, जिसमें किरदार की हड्डियाँ (bones) बनाकर उसे बार-बार चलाया जा सकता है. ड्रॉइंग नहीं आती तो ब्राउज़र में Canva के एनीमेटेड टेम्पलेट से भी छोटी क्लिप बन जाती है. तरीका मोबाइल जैसा ही है: पहले कहानी और आवाज़ रिकॉर्ड कीजिए, फिर बैकग्राउंड और किरदार रखिए, सीन-दर-सीन एनीमेट कीजिए और MP4 में एक्सपोर्ट कीजिए. सारी क्लिप जोड़ने और आवाज़ बिठाने के लिए Windows 11 में पहले से मौजूद Clipchamp काफी है. YouTube पर डालते समय वीडियो को “Made for Kids” ज़रूर चुनिए.
मोबाइल से 3D एनीमेशन वीडियो कैसे बनाएं
सीधी बात पहले: YouTube पर दिखने वाली लंबी 3D कार्टून कहानियाँ मोबाइल से नहीं बनतीं, वे कंप्यूटर पर Blender जैसे सॉफ्टवेयर में बनती हैं. मोबाइल पर जो Chroma Toons ऊपर बताया है, उससे 2D कार्टून बनता है. फिर भी मोबाइल से 3D जैसा दिखने वाला वीडियो बनाने के दो काम के रास्ते हैं:
1. Toontastic 3D ऐप से
- Play Store से Google का फ्री Toontastic 3D ऐप इंस्टॉल करें, इसमें कोई विज्ञापन नहीं है.
- नई कहानी शुरू करें. ऐप कहानी को तीन हिस्सों में बांटने का ढांचा पहले से देता है.
- हर हिस्से के लिए बैकग्राउंड और 3D किरदार चुनें.
- रिकॉर्डिंग शुरू करके किरदारों को उंगली से हिलाते जाएं और साथ-साथ डायलॉग बोलते जाएं, वीडियो उसी समय बनता जाता है.
- तीनों हिस्से पूरे होने पर वीडियो सेव कर लें.
यह तरीका बच्चों की छोटी कहानी और स्कूल प्रोजेक्ट के लिए सबसे आसान है, पर इसमें किरदार ऐप के ही होते हैं.
2. AI से छोटी 3D क्लिप
Gemini जैसे AI टूल लिखी हुई बात से 3D या कार्टून स्टाइल की क्लिप बना देते हैं, लेकिन हर क्लिप कुछ ही सेकंड की होती है और यह सुविधा ज़्यादातर पेड प्लान में मिलती है. कई क्लिप बनाकर उन्हें CapCut या InShot में जोड़ा जा सकता है. पूरा तरीका ऊपर AI वाले हिस्से में दिया है.
Cartoon वीडियो बनाने वाले बेस्ट ऐप
Chroma Toons के अलावा भी कई ऐप हैं. किस काम के लिए कौन सा सही रहेगा, यह नीचे देख लीजिए.
Note: किसी भी ऐप को डाउनलोड करने के लिए उसके नाम पर क्लिक करें, गूगल प्ले स्टोर में उसका पेज खुल जाएगा.
FlipaClip: इसमें हर फ्रेम आपको खुद बनाना पड़ता है, यानी थोड़ा-बहुत ड्रॉइंग आना ज़रूरी है. मेहनत ज़्यादा लगती है, पर वीडियो पूरी तरह आपकी अपनी बनती है और कॉपीराइट का कोई झंझट नहीं रहता. फ्री वर्जन में एक्सपोर्ट पर वॉटरमार्क आता है और फ्रेम की एक सीमा है.
Make Joke of Creator: हिंदी में मज़ाकिया 2D वीडियो बनाने के लिए सबसे तेज़ ऐप. किरदार और जगह चुनिए, अपनी आवाज़ दीजिए और वीडियो तैयार. यूट्यूब पर “MJO” वाली जो वीडियो दिखती हैं, वे इसी से बनती हैं.
Stick Nodes: स्टिक फिगर (लकीरों वाले आदमी) की लड़ाई और एक्शन वाली वीडियो के लिए बना है. वर्चुअल कैमरे से सिनेमा जैसा इफ़ेक्ट जुड़ जाता है. कहानी वाले कार्टून के लिए यह ठीक नहीं है.
Animate It: इसमें किरदार के हाथ-पैर खींचकर एनीमेशन बनता है, इसलिए नए लोगों के लिए समझना आसान है. पिछले टाइमफ्रेम में कुछ बदलना हो तो ‘Past’ ऑप्शन से बदला जा सकता है.
Toontastic 3D: Google का बनाया हुआ फ्री ऐप, खासकर बच्चों और स्कूल प्रोजेक्ट के लिए. तीन-हिस्से वाली कहानी का ढाँचा पहले से मिलता है, किरदार को उंगली से हिलाते जाइए और साथ-साथ बोलते जाइए — वीडियो बनती जाती है. पहले यह भारत में नहीं मिलता था, अब Play Store पर दिख जाता है. Google के दूसरे ऐप की तरह इसमें कोई विज्ञापन नहीं है.
पहले इस लेख में Plotagon Story का ज़िक्र था, लेकिन अब वह ऐप भारत के Play Store पर नहीं मिलता, इसलिए उसे हटा दिया गया है. ऐसे ऐप अक्सर बंद हो जाते हैं, इसलिए अपना काम किसी एक ऐप के भरोसे मत छोड़िए — बनाई हुई फाइलें हमेशा फोन में भी सेव रखिए.
Cartoon वीडियो बनाने से जुड़े सवाल-जवाब
अपनी फोटो को कार्टून में कैसे बदलें?
फोटो को कार्टून बनाने के लिए Cutout.Pro जैसी वेबसाइट पर फोटो अपलोड कीजिए और स्टाइल चुन लीजिए. फ्री में एक-दो फोटो बन जाती हैं, उसके बाद क्रेडिट खत्म हो जाते हैं और डाउनलोड पर वॉटरमार्क आ सकता है. ज्यादा भरोसेमंद तरीका यह है कि फोटो एडिट करने वाले किसी ऐप में कार्टून फ़िल्टर लगाइए.
क्या Toontastic 3D ऐप से कार्टून बना सकते हैं?
हाँ. यह Google का फ्री ऐप है और कुछ साल पहले तक भारत में नहीं मिलता था, लेकिन अब Play Store पर इसका पेज खुल जाता है. इसमें कहानी को तीन हिस्सों में बाँटकर किरदार हिलाते जाइए और साथ-साथ बोलते जाइए, वीडियो बनती जाती है. बच्चों और स्कूल प्रोजेक्ट के लिए यह सबसे आसान ऐप है.
मोबाइल से कार्टून वीडियो कैसे बनाते हैं?
Chroma Toons ऐप इंस्टॉल कीजिए, Recording Type चुनिए, किरदार सेलेक्ट कीजिए, अपनी आवाज़ वाली ऑडियो फाइल लगाइए और हर टाइमफ्रेम में एनीमेशन देकर आखिर में REC से रिकॉर्ड कर लीजिए. पूरा तरीका इसी लेख में स्क्रीनशॉट के साथ ऊपर दिया है.
क्या फ्री में बिना वॉटरमार्क कार्टून वीडियो बन सकता है?
हाँ. Chroma Toons स्क्रीन रिकॉर्डिंग से वीडियो बनाता है, इसलिए उसमें कोई वॉटरमार्क नहीं आता. Toontastic 3D और कंप्यूटर वाला Blender भी बिना वॉटरमार्क के हैं. FlipaClip और ज़्यादातर AI वेबसाइटों के फ्री वर्जन में वॉटरमार्क आता है.
कार्टून वीडियो में हिंदी आवाज़ कैसे डालें?
सबसे सरल तरीका है अपनी ही आवाज़ में पूरी कहानी रिकॉर्ड कर लेना और उसे ऑडियो फाइल की तरह ऐप में लगा देना. अलग-अलग किरदारों की आवाज़ बदलनी हो तो Voice Changer ऐप में पतली, मोटी या बच्चे जैसी आवाज़ में बदल लीजिए. रिकॉर्डिंग शांत कमरे में कीजिए और पंखा बंद रखिए, वरना पीछे की आवाज़ साफ़ सुनाई देती है.
कार्टून वीडियो से पैसे कैसे कमाए जाते हैं?
कमाई का सबसे आम रास्ता यूट्यूब है, लेकिन बच्चों के लिए बनी वीडियो पर Made for Kids लगाना पड़ता है और उस पर विज्ञापन से कमाई कम होती है. दूसरा रास्ता यह है कि दुकानों, कोचिंग या छोटे बिज़नेस के लिए प्रमोशन वाली कार्टून वीडियो बनाकर दी जाए — इसमें यूट्यूब की शर्तों का झंझट नहीं रहता और पैसा सीधे मिलता है.
Motu Patlu video kaise banaen?
मोटू पतलू के असली किरदार, नाम या आवाज़ इस्तेमाल करने पर यूट्यूब पर कॉपीराइट स्ट्राइक आती है. सही तरीका है उसी अंदाज़ का अपना कार्टून बनाना: एक मोटा-भोला और एक दुबला-चालाक दोस्त, अपने नाम, 5-7 मिनट की सीधी कहानी और तेज़ हिंदी डबिंग. ऐसे किरदार Chroma Toons या FlipaClip में बनाए जा सकते हैं.
Motu Patlu ka cartoon YouTube par daal sakte hain kya?
नहीं. इन किरदारों पर उन्हें बनाने वाली कंपनियों का कॉपीराइट है, इसलिए ऐसी वीडियो पर कॉपीराइट स्ट्राइक आती है, कमाई बंद होती है और तीन स्ट्राइक पर चैनल बंद हो जाता है. शीर्षक में भी मशहूर कार्टून का नाम डालकर व्यूज़ खींचने की कोशिश मत कीजिए.
Laptop se kids cartoon video kaise banaye?
लैपटॉप पर फ्री Pencil2D या OpenToonz इंस्टॉल कीजिए, पहले कहानी की आवाज़ रिकॉर्ड कीजिए, फिर किरदार और बैकग्राउंड बनाकर सीन-दर-सीन एनीमेट कीजिए और MP4 एक्सपोर्ट करके Clipchamp जैसे एडिटर में आवाज़ जोड़ दीजिए.
इन्हें भी पढ़ें:






