Facebook page kaise banaye — फेसबुक ऐप खोलिए, ऊपर-दाएँ तीन लाइन वाले मेन्यू में जाइए, Pages पर टैप कीजिए और Create दबाइए. इसके बाद पेज का नाम, कैटेगरी और एक लाइन का Bio भरते ही पेज बन जाता है — पूरा काम दो-तीन मिनट का है और इसका कोई पैसा नहीं लगता. एक फेसबुक अकाउंट से कई पेज बनाए जा सकते हैं.
पेज बनाने के लिए पहले फेसबुक अकाउंट होना जरूरी है – फेसबुक आईडी बनाने का सिंपल तरीका यहाँ पढ़ें.

नीचे पूरी प्रक्रिया स्क्रीनशॉट के साथ दी गई है, साथ में वे चीज़ें भी जो पेज बनाने के बाद तुरंत कर लेनी चाहिए — जैसे username सेट करना और action button बदलना. आखिर में यह भी साफ-साफ लिखा है कि फेसबुक पेज से कमाई कब शुरू होती है, क्योंकि इस मामले में इंटरनेट पर ज्यादातर जानकारी पुरानी या बढ़ा-चढ़ाकर लिखी हुई है.
लेख की रूपरेखा — 28 विषय
- Facebook Page Kaise Banaye (मोबाइल से)
- स्टेप 1: Facebook अकाउंट में लॉगिन करें
- स्टेप 2: थ्री लाइन मेन्यू खोलें
- स्टेप 3: Pages ऑप्शन पर जाएँ
- स्टेप 4: Create पर क्लिक करें
- स्टेप 5: Get Started दबाएँ
- स्टेप 6: पेज का नाम डालें
- स्टेप 7: Category सेलेक्ट करें
- स्टेप 8: Bio और बाकी डिटेल्स भरें
- स्टेप 9: प्रोफाइल फोटो और कवर लगाएँ
- स्टेप 10: WhatsApp जोड़ें या Skip करें
- स्टेप 11: दोस्तों को Invite करें
- स्टेप 12: आपका पेज तैयार है
- पेज बनाने के बाद ये चार काम तुरंत करें
- पेज का नाम कैसे चुनें (और क्यों रिजेक्ट होता है)
- Facebook Page क्या है और प्रोफाइल से कैसे अलग है
- कंप्यूटर से फेसबुक पेज कैसे बनाएं
- फेसबुक पेज से पैसे कब और कैसे मिलते हैं
- पेज बनाते समय आने वाली आम दिक्कतें
- फेसबुक पेज कैसे डिलीट करें
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Facebook Page Kaise Banaye (मोबाइल से)
पेज बनाने के लिए सिर्फ एक चालू फेसबुक अकाउंट चाहिए. अलग से मोबाइल नंबर या ईमेल देने की जरूरत नहीं पड़ती — वह सिर्फ Contact डिटेल के तौर पर बाद में जोड़ा जाता है.
स्टेप 1: Facebook अकाउंट में लॉगिन करें
Facebook ऐप, Facebook Lite या facebook.com में अपने अकाउंट से लॉग इन करें. अगर आपके पास दो-तीन अकाउंट हैं तो उसी में लॉग इन करें जिसे आप रोज़ चलाते हैं, क्योंकि पेज आगे उसी प्रोफाइल से जुड़ा रहेगा और नोटिफिकेशन वहीं आएँगे.
स्टेप 2: थ्री लाइन मेन्यू खोलें
होम पेज पर ऊपर की तरफ दाएँ कोने में तीन लाइन वाला मेन्यू होता है, उस पर टैप करें. कुछ फोनों में यह मेन्यू सबसे नीचे दाईं तरफ दिखता है — जगह अलग हो सकती है, आइकॉन वही रहता है.

स्टेप 3: Pages ऑप्शन पर जाएँ
मेन्यू में कई विकल्प दिखते हैं. Pages ढूंढकर उस पर टैप करें. न दिखे तो ऊपर सर्च बॉक्स में Pages टाइप कर लें या “See more” खोलकर देखें.

स्टेप 4: Create पर क्लिक करें
इस स्क्रीन पर वे पेज दिखते हैं जिन्हें आप फॉलो या लाइक करते हैं. ऊपर या नीचे दिए Create बटन पर टैप करें.

स्टेप 5: Get Started दबाएँ
अगली स्क्रीन पर नीचे Get Started मिलेगा. ऐप के नए वर्जन में इसी बटन का नाम Create new Page या सिर्फ Next हो सकता है, काम वही है.

स्टेप 6: पेज का नाम डालें
बॉक्स में अपने पेज का नाम लिखकर Next दबाएँ. नाम सोच-समझकर रखें — यह बाद में बदला तो जा सकता है, पर हर बार फेसबुक की समीक्षा से गुजरता है और कई बार खारिज हो जाता है. नाम चुनने के नियम नीचे अलग सेक्शन में दिए हैं.

स्टेप 7: Category सेलेक्ट करें
अब पेज की Category चुननी है, यानी पेज किस बारे में है — Blogger, Digital Creator, Clothing Store, Education वगैरह. टाइप करते ही सुझाव आने लगते हैं और तीन कैटेगरी तक जोड़ी जा सकती हैं. Category चुनकर Create दबाएँ.

स्टेप 8: Bio और बाकी डिटेल्स भरें
यहाँ Bio, Website, Contact Email, मोबाइल नंबर और लोकेशन माँगी जाती है. Bio में एक ही लाइन में साफ लिखें कि पेज पर क्या मिलेगा — यही लाइन सर्च रिजल्ट में लोगों को दिखती है. बाकी फील्ड अभी छोड़ भी सकते हैं, बाद में भरी जा सकती हैं. इसके बाद Next दबाएँ.

स्टेप 9: प्रोफाइल फोटो और कवर लगाएँ
अब पेज का Logo और Cover Image डालनी है. प्रोफाइल फोटो चौकोर (लगभग 360×360 पिक्सल) रखें क्योंकि वह गोल दिखती है, और कवर फोटो चौड़ी (लगभग 820×312) रखें ताकि मोबाइल पर किनारे न कटें. अपना लोगो नहीं है तो फ्री में लोगो बनाने का तरीका देख लें.
इसी स्क्रीन पर Edit action button भी मिलता है. डिफ़ॉल्ट रूप से यह Follow रहता है, पर इसे बदलकर Message, WhatsApp, Call Now, Send Email या View Shop किया जा सकता है. दुकान या सर्विस वाला पेज है तो यह सबसे काम का बटन है.

स्टेप 10: WhatsApp जोड़ें या Skip करें
फेसबुक पूछता है कि WhatsApp नंबर जोड़ना है या नहीं. जोड़ने पर पेज पर सीधा WhatsApp बटन आ जाता है और लोग एक टैप में मैसेज कर सकते हैं. नहीं जोड़ना हो तो Skip दबा दें — बाद में Settings से कभी भी जोड़ सकते हैं. जोड़ने के लिए कंट्री कोड के साथ नंबर डालकर Get code दबाएँ और OTP से वेरीफाई करें.

स्टेप 11: दोस्तों को Invite करें
अगली स्क्रीन पर दोस्तों को पेज फॉलो करने का Invite भेजा जा सकता है. यहाँ एक सलाह — सबको एक साथ इनवाइट मत भेजिए. जो लोग आपके पेज के विषय में दिलचस्पी नहीं रखते, वे फॉलो तो कर लेंगे पर पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे, जिससे पेज की रीच शुरू से ही गिरने लगती है. अभी Next दबाकर आगे बढ़ें और पहले दो-चार अच्छी पोस्ट डालें.

स्टेप 12: आपका पेज तैयार है
सारे स्टेप पूरे होते ही पेज सामने खुल जाता है. ऊपर Professional dashboard का लिंक मिलता है — पोस्ट की रीच, नए फॉलोअर और कमाई से जुड़े सारे टूल वहीं रहते हैं.

पेज बनाने के बाद ये चार काम तुरंत करें
नया पेज बनाकर छोड़ देने से कुछ नहीं होता. ये चार सेटिंग्स पहले दिन ही कर लेने से पेज ढूँढना और शेयर करना आसान हो जाता है.
- Username (@handle) सेट करें. पेज → Edit/Settings → Username में जाकर एक यूनिक नाम चुनें. इसके बाद आपके पेज का लिंक facebook.com/आपकाnaam जैसा छोटा हो जाता है, जिसे WhatsApp या विजिटिंग कार्ड पर शेयर करना आसान है. यूजरनेम में कम से कम 5 अक्षर होने चाहिए और सिर्फ अक्षर, अंक और डॉट चलते हैं.
- Category दोबारा जाँचें. गलत कैटेगरी होने पर फेसबुक पेज को गलत लोगों को दिखाता है. जरूरत हो तो एक की जगह दो-तीन मिलती-जुलती कैटेगरी डालें.
- पहली पोस्ट डालें. खाली पेज को कोई फॉलो नहीं करता. एक परिचय पोस्ट और दो-तीन काम की पोस्ट डालने के बाद ही इनवाइट भेजें.
- दूसरा एडमिन जोड़ें. Settings → Page access में किसी भरोसेमंद व्यक्ति को एडमिन बना दें. अगर कभी आपका अकाउंट लॉक हो जाए तो पेज उसके जरिए वापस मिल जाता है.
पेज का नाम कैसे चुनें (और क्यों रिजेक्ट होता है)
फेसबुक पेज का नाम अपने आप मंज़ूर नहीं होता, उसकी जाँच होती है. जो नाम सबसे ज्यादा खारिज होते हैं वे ये हैं:
- सिर्फ आम शब्द वाला नाम, जैसे “Photos”, “News”, “Shayari” — किसी एक पेज को आम शब्द नहीं दिया जाता.
- पूरे नाम का बड़े अक्षरों में लिखा होना, अनावश्यक चिन्ह या “Official” जैसे शब्द बिना असली ब्रांड के.
- किसी कंपनी, सेलिब्रिटी या सरकारी योजना का नाम, जिससे लगे कि पेज उन्हीं का है.
सबसे सुरक्षित तरीका है दो शब्द जोड़ना — जैसे “Hindi Tech Sagar” या “Raipur Mobile Store”. नाम बदलने की प्रक्रिया अपनी प्रोफाइल के नाम से अलग होती है; प्रोफाइल का नाम बदलना हो तो फेसबुक पर नाम कैसे चेंज करें पढ़ें.
Facebook Page क्या है और प्रोफाइल से कैसे अलग है
Facebook Page एक पब्लिक प्रोफाइल है जिसे कोई भी बिना फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजे फॉलो कर सकता है. पोस्ट सिर्फ एडमिन डालते हैं, बाकी लोग लाइक और कमेंट कर सकते हैं. निजी प्रोफाइल पर दोस्तों की संख्या 5,000 तक सीमित है, जबकि पेज को फॉलो करने वालों की कोई सीमा नहीं.
पेज और प्रोफाइल में बाकी फर्क इस तरह हैं:
- पेज पर विज्ञापन (Boost/Ads) चलाए जा सकते हैं, निजी प्रोफाइल पर नहीं.
- पेज पर Insights मिलते हैं — कितने लोगों तक पोस्ट पहुँची, किस उम्र के लोग हैं, कहाँ से हैं.
- एक पेज को कई लोग मिलकर चला सकते हैं, पासवर्ड साझा किए बिना.
- पेज पर WhatsApp, Shop और बुकिंग जैसे बटन जोड़े जा सकते हैं.
दूसरी तरफ, आजकल फेसबुक अपनी निजी प्रोफाइल पर भी Professional mode चालू करने देता है, जिससे प्रोफाइल पर फॉलोअर आने लगते हैं और क्रिएटर टूल मिल जाते हैं. अगर आप अपने नाम से कंटेंट बनाते हैं तो अकसर यही तरीका ज्यादा काम करता है, क्योंकि प्रोफाइल की पोस्ट पेज की तुलना में ज्यादा लोगों तक पहुँचती है. दुकान, ब्रांड या किसी विषय का पेज बनाना हो तो पेज ही सही विकल्प है. इसी तरह का मुकाबला इंस्टाग्राम पर भी है — Instagram Page कैसे बनाएं में इसका तरीका दिया है.
कंप्यूटर से फेसबुक पेज कैसे बनाएं
लैपटॉप पर facebook.com खोलकर लॉग इन करें, बाईं तरफ के मेन्यू में Pages पर क्लिक करें और फिर Create new Page दबाएँ. बाईं ओर नाम, कैटेगरी और Bio भरते जाइए — दाईं तरफ पेज का लाइव प्रीव्यू साथ-साथ बनता दिखता है. आखिर में Create Page दबा दें.
कंप्यूटर वाला तरीका तब बेहतर है जब आपको कवर फोटो ठीक से काटनी हो या कई पेज एक साथ संभालने हों. Facebook Lite ऐप में भी पेज बन जाता है, बस वहाँ मेन्यू में Pages थोड़ा नीचे मिलता है और कुछ बटन नहीं दिखते.
फेसबुक पेज से पैसे कब और कैसे मिलते हैं
सीधी बात — नया पेज बनाते ही कमाई शुरू नहीं होती. फेसबुक की कमाई वाली सुविधाएँ पेज के Professional dashboard → Monetization सेक्शन में दिखती हैं और हर पेज के लिए अलग-अलग खुलती हैं. वहीं पर यह भी लिखा रहता है कि आपका पेज अभी किस शर्त से कितना दूर है, इसलिए किसी और की बताई हुई संख्या पर भरोसा करने से बेहतर है कि खुद वही पेज देखें.
कमाई के रास्ते मोटे तौर पर ये हैं:
- वीडियो और Reels पर विज्ञापन — इसके लिए एक तय संख्या में फॉलोअर और वीडियो देखने का कुल समय चाहिए होता है. शर्तें मेटा समय-समय पर बदलता रहता है और भारत में कई कार्यक्रम अभी न्योते पर ही खुलते हैं.
- Stars — लाइव या वीडियो के दौरान दर्शक सीधे स्टार भेजते हैं, जो पैसे में बदलते हैं.
- ब्रांड प्रमोशन — यही वह रास्ता है जिससे ज्यादातर छोटे भारतीय पेज कमाते हैं. फॉलोअर कम हों पर विषय साफ हो तो भी काम मिल जाता है.
- अपने काम पर ट्रैफिक — दुकान, कोचिंग, ब्लॉग या यूट्यूब चैनल तक लोगों को भेजना. एक ही कंटेंट को WhatsApp चैनल पर भी डाल देने से पहुँच दोगुनी हो जाती है.
जो बात साफ समझ लेनी चाहिए: सिर्फ फॉलोअर बढ़ा लेने से पैसे नहीं आते. खरीदे हुए या इनवाइट से जुटाए गए फॉलोअर पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते, और फेसबुक ऐसे पेज की पोस्ट कम लोगों को दिखाता है.
पेज बनाते समय आने वाली आम दिक्कतें
- मेन्यू में Pages या Create नहीं दिख रहा — ऐप बहुत पुराना है. Play Store से Facebook अपडेट करें, या अस्थायी तौर पर ब्राउज़र में facebook.com/pages/create खोलकर पेज बना लें.
- “Page creation unavailable” आ रहा है — यह नए या हाल ही में सीमित किए गए अकाउंट पर आता है. कुछ दिन सामान्य तरीके से अकाउंट चलाएँ, मोबाइल नंबर वेरीफाई करें और फिर कोशिश करें.
- पेज तो बन गया पर सर्च में नहीं मिल रहा — नए पेज को सर्च में आने में कुछ दिन लगते हैं. Username सेट करने और दो-तीन पोस्ट डालने के बाद यह जल्दी होता है.
- गलती से दो पेज बन गए — एक जैसे नाम और कैटेगरी वाले अपने ही दो पेजों को Settings में जाकर मर्ज करने का विकल्प मिलता है. मर्ज करने पर फॉलोअर जुड़ जाते हैं पर पोस्ट सिर्फ एक पेज की बचती हैं.
फेसबुक पेज कैसे डिलीट करें
पेज खोलकर Settings → Privacy → Facebook Page information → Deactivation and deletion में जाएँ. यहाँ दो विकल्प हैं — Deactivate करने पर पेज छिप जाता है और कभी भी वापस लाया जा सकता है, जबकि Delete चुनने पर पेज 30 दिन तक हटने की प्रक्रिया में रहता है और उस बीच रद्द किया जा सकता है. 30 दिन बाद पेज और उसकी सारी पोस्ट स्थायी रूप से चली जाती हैं. पूरा अकाउंट ही हटाना हो तो फेसबुक अकाउंट डिलीट करने का तरीका अलग है.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
एक फेसबुक अकाउंट से कितने पेज बन सकते हैं?
आम तौर पर एक अकाउंट से कई पेज बनाए जा सकते हैं और फेसबुक ने कोई सार्वजनिक संख्या नहीं बताई है. हाँ, बहुत कम समय में एक के बाद एक कई पेज बनाने पर अकाउंट पर रोक लग सकती है, इसलिए एक बार में एक ही पेज बनाएँ.
क्या पेज बनाने के लिए पैसे लगते हैं?
नहीं, पेज बनाना पूरी तरह मुफ्त है. पैसा सिर्फ तब लगता है जब आप पोस्ट को Boost करें या विज्ञापन चलाएँ. अगर कोई “पेज बनवाने” या “ब्लू टिक दिलाने” के नाम पर पैसे माँगे तो वह ठगी है.
पेज का नाम बाद में बदल सकते हैं?
हाँ, Settings में जाकर नाम बदलने का अनुरोध भेजा जा सकता है. फेसबुक इसे जाँचता है और मंज़ूरी में कुछ दिन लग सकते हैं. बार-बार नाम बदलने पर अनुरोध खारिज होने लगता है, और नया नाम पुराने से बिलकुल अलग विषय का हो तो भी मना कर दिया जाता है.
पेज पर ब्लू टिक कैसे मिलता है?
अब दो अलग चीज़ें हैं. एक है Meta Verified, जो एक मासिक सब्सक्रिप्शन है और सरकारी पहचान पत्र से नाम मिलाने पर मिल जाता है. दूसरा है पुराने तरीके का वेरिफिकेशन, जो बड़े ब्रांड और जानी-मानी हस्तियों को ही मिलता है. किसी एजेंट को पैसे देकर टिक लेने की कोशिश न करें, उसमें अकाउंट जाने का खतरा रहता है.
पेज की पोस्ट कम लोगों तक क्यों पहुँच रही है?
पेज की बिना पैसे वाली रीच सालों से घट रही है, यह सबके साथ होता है. सबसे ज्यादा फर्क Reels और तस्वीरों वाली पोस्ट से पड़ता है; सिर्फ बाहरी लिंक वाली पोस्ट सबसे कम लोगों तक जाती है. लिंक को पोस्ट के बजाय पहले कमेंट में डालने से रीच थोड़ी बेहतर रहती है.
पेज को किसी और के नाम कैसे करें?
Settings → Page access में उस व्यक्ति को पहले full control वाला एडमिन बनाएँ. वह अपनी तरफ से न्योता स्वीकार करेगा, उसके बाद आप खुद को हटा सकते हैं. ध्यान रहे, आखिरी एडमिन खुद को नहीं हटा सकता — पहले दूसरे को जोड़ना जरूरी है.
किसी स्टेप पर अटक रहे हों तो नीचे कमेंट में बता दें, जवाब दे दिया जाएगा.
इन्हें भी पढ़ें:


