Instagram par story kaise lagaye, इसका सबसे छोटा रास्ता यह है — ऐप के होम पेज पर ऊपर बाईं तरफ अपनी प्रोफाइल फोटो (Your story) पर टैप कीजिए, गैलरी से फोटो या वीडियो चुनिए, ऊपर के आइकॉन से टेक्स्ट, म्यूजिक या स्टिकर जोड़िए और नीचे Your story पर टैप कर दीजिए. स्टोरी 24 घंटे बाद अपने-आप हट जाती है.
नीचे यही पूरा काम स्क्रीनशॉट के साथ है. साथ में वो चीजें भी हैं जो लोग सबसे ज्यादा खोजते हैं — stylish story कैसे बनाएं, स्टोरी में गाना कैसे लगाएं, एक साथ कई फोटो कैसे डालें, लैपटॉप से स्टोरी कैसे लगाएं और स्टोरी अपलोड न हो तो क्या करें.

लेख की रूपरेखा — 20 विषय
- Instagram पर Story कैसे लगाएं (Gallery से)
- कैमरा से नई Instagram Story कैसे बनाएं
- Instagram पर Stylish Story कैसे लगाएं
- Instagram Story में Song कैसे लगाएं
- एक साथ कई Photo की Story कैसे लगाएं
- इंस्टाग्राम स्टोरी में Link कैसे लगाएं
- किसी के लिए Instagram Story Hide कैसे करें
- Laptop या PC से Instagram Story कैसे लगाएं
- Story अपलोड नहीं हो रही तो क्या करें
- Instagram स्टोरी में क्या डालें
- दूसरों की Instagram Story कैसे देखें
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Instagram पर Story कैसे लगाएं (Gallery से)
यह तरीका Android और iPhone दोनों में, और Instagram तथा Instagram Lite दोनों ऐप में एक जैसा काम करता है.
1. Instagram ऐप खोलकर अपने अकाउंट में लॉग इन करें.
2. ऊपर दाईं तरफ दिए Plus आइकॉन पर टैप करके Story चुनें. इससे भी आसान है — होम स्क्रीन पर सबसे बाईं तरफ अपनी फोटो के नीचे लिखे Your story पर सीधे टैप कर देना.

3. नीचे गैलरी खुल जाती है, वहां से फोटो या वीडियो चुनें. कैमरा खुल जाए तो स्क्रीन पर ऊपर की तरफ स्वाइप कर दें, गैलरी सामने आ जाएगी.

4. सिर्फ लिखी हुई (text) स्टोरी डालनी हो तो बाईं तरफ के मोड में Create चुनें. यहां रंगीन बैकग्राउंड, Poll, Quiz, Countdown और “Add Yours” जैसे टेम्पलेट पहले से मिलते हैं.

5. मीडिया चुनते ही एडिटिंग स्क्रीन आती है. ऊपर दिए आइकॉन क्रम से यह काम करते हैं — पहला Aa टेक्स्ट लिखने के लिए, दूसरा स्टिकर (Music, Poll, Quiz, Location, Mention, #hashtag, Link), तीसरा इफेक्ट और फिल्टर, और चौथे से स्टोरी को गैलरी में सेव किया जाता है.

6. एडिट पूरा होने पर स्टोरी कुछ इस तरह दिखती है. अब नीचे दिए तीर पर टैप करें.

7. Your story के आगे Share दबा दें. यहीं Close Friends का हरे रंग वाला विकल्प भी दिखता है — उसे चुनने पर स्टोरी सिर्फ आपकी क्लोज फ्रेंड्स लिस्ट वालों को दिखेगी.

8. स्टोरी लग चुकी है. चाहें तो इसे किसी को मैसेज में भेज सकते हैं या Highlight में जोड़कर हमेशा के लिए प्रोफाइल पर रख सकते हैं, वरना 24 घंटे बाद यह अपने-आप हट जाएगी. आखिर में Done दबा दें.

ऐप का latest version Instagram की official Play Store listing से install या update करें, तभी Story के नए sticker और option दिखते हैं।
कैमरा से नई Instagram Story कैसे बनाएं
गैलरी की पुरानी फोटो के बजाय उसी समय फोटो या वीडियो खींचकर स्टोरी बनानी हो तो Your story पर टैप करते ही कैमरा खुलता है. इसे इस्तेमाल करने का तरीका:
- फोटो के लिए नीचे बीच वाले गोल बटन पर एक बार टैप करें. वीडियो के लिए उसी बटन को दबाए रखें, उंगली हटाते ही रिकॉर्डिंग रुक जाएगी.
- आगे और पीछे का कैमरा बदलने के लिए नीचे दिए दो तीर वाले आइकॉन पर टैप करें.
- गोल बटन के आसपास स्वाइप करने पर फेस इफेक्ट और फिल्टर बदलते हैं.
- बाईं तरफ के मोड में Boomerang (छोटा आगे-पीछे चलने वाला वीडियो), Layout (एक स्क्रीन पर कई फोटो) और Hands-free (बिना बटन दबाए वीडियो) मिलते हैं.
- फोटो या वीडियो बनते ही वही एडिटिंग स्क्रीन आती है: Aa से टेक्स्ट, स्टिकर से Music या Poll जोड़ें और Your story पर टैप करके शेयर कर दें.
कैमरा काम न करे तो फोन की Settings → Apps → Instagram → Permissions में Camera और Microphone की इजाजत चालू कर दें.
Instagram पर Stylish Story कैसे लगाएं
स्टाइलिश स्टोरी के लिए किसी बाहरी ऐप की जरूरत नहीं है, Instagram के अंदर ही पूरा सामान मौजूद है. जो चीजें सबसे ज्यादा फर्क डालती हैं:
- टेक्स्ट स्टाइल बदलें — Aa दबाकर लिखते समय ऊपर फॉन्ट की पट्टी आती है: Classic, Modern, Neon, Typewriter, Strong. Neon और Typewriter सबसे साफ दिखते हैं. उसी पट्टी के बगल में टेक्स्ट को एनिमेट करने का विकल्प भी होता है.
- रंग उठाएं फोटो से — रंगों वाली पट्टी में किसी भी रंग को दबाकर रखें, कलर पिकर खुल जाएगा. उसे फोटो पर खींचकर वहीं का रंग टेक्स्ट में ले लीजिए, इससे स्टोरी एकदम प्रोफेशनल दिखती है.
- बैकग्राउंड भरें — फोटो चुनने के बाद ब्रश आइकॉन में से पहला ब्रश लीजिए, कोई रंग चुनिए और स्क्रीन पर दो सेकंड दबाए रखिए. पूरी स्क्रीन उस रंग से भर जाएगी. अब इरेज़र से बीच का हिस्सा मिटाकर फोटो झलकाई जा सकती है.
- इफेक्ट और फिल्टर — स्क्रीन पर दाएं-बाएं स्वाइप करने से फिल्टर बदलते हैं, और स्टिकर मेन्यू में मौजूद GIF सर्च करके हिंदी वाले स्टिकर भी मिल जाते हैं.
फैंसी फॉन्ट वाली वेबसाइट से टेक्स्ट कॉपी करके चिपकाने का चलन भी है, लेकिन एक ईमानदार चेतावनी — वो अक्षर असल में यूनिकोड के खास सिंबल होते हैं. पुराने फोन और कुछ iPhone पर वे डिब्बे (□□□) बनकर दिखते हैं. नाम या bio में तो और भी दिक्कत होती है क्योंकि ऐसे नाम सर्च में नहीं आते.
Instagram Story में Song कैसे लगाएं
फोटो या वीडियो चुनने के बाद ऊपर स्टिकर वाले आइकॉन पर टैप कीजिए और Music चुनिए. गाने का नाम या बोल लिखकर सर्च कीजिए, गाने पर टैप कीजिए और नीचे आई पट्टी को खिसकाकर वो हिस्सा चुनिए जो स्टोरी में बजना चाहिए. फोटो वाली स्टोरी में गाना ज्यादातर 15 सेकंड तक चलता है.
गाना चुनने के बाद स्क्रीन पर एक और विकल्प आता है — गाने के बोल (lyrics) दिखाने हैं, सिर्फ कवर आर्ट दिखाना है, या कुछ भी नहीं दिखाना. बोल वाले स्टाइल सबसे ज्यादा देखे जाते हैं.
अगर Music स्टिकर दिख ही नहीं रहा तो आमतौर पर वजह यह होती है कि आपका अकाउंट business टाइप का है. बिजनेस अकाउंट को कॉपीराइट नियमों की वजह से सीमित म्यूजिक लाइब्रेरी मिलती है, जिसमें फिल्मी गाने नहीं होते. हल यह है कि अकाउंट को personal या creator में बदल लें — तरीका इंस्टाग्राम पेज कैसे बनाएं में दिया है.
एक साथ कई Photo की Story कैसे लगाएं
गैलरी खुलने पर उसके ऊपर दाईं तरफ एक बहु-चयन (multi-select) वाला आइकॉन होता है. उसे दबाकर एक-एक करके फोटो चुनते जाइए — एक बार में 10 तक ली जा सकती हैं. Next दबाने पर हर फोटो अलग स्टोरी बनकर एक के बाद एक लग जाती है.
अगर कई फोटो एक ही स्क्रीन पर चाहिए तो कैमरा मोड में बाईं तरफ Layout चुनिए, या स्टिकर मेन्यू से किसी फोटो को स्टोरी के ऊपर चिपकाइए. फोटो से वीडियो बनाकर स्टोरी में डालनी हो तो फोटो से वीडियो कैसे बनाएं देख लीजिए.
इंस्टाग्राम स्टोरी में Link कैसे लगाएं
पहले लिंक स्टिकर सिर्फ 10 हजार फॉलोअर्स वालों को मिलता था. अब यह सबके लिए खुला है, चाहे आपके 50 फॉलोअर्स ही क्यों न हों. फोटो चुनने के बाद स्टिकर आइकॉन दबाइए, Link चुनिए, URL चिपकाइए और चाहें तो नीचे उस लिंक का कोई छोटा नाम (जैसे “पूरा लेख पढ़ें”) लिख दीजिए.

लिंक स्टिकर को उंगली से खींचकर कहीं भी रखा जा सकता है और उस पर टैप करके रंग भी बदला जा सकता है. ध्यान रखिए — प्राइवेट अकाउंट की स्टोरी का लिंक सिर्फ आपके फॉलोअर्स खोल पाएंगे, और बार-बार एक ही कमाई वाला लिंक डालने पर Instagram स्टोरी की पहुंच घटा देता है.
किसी के लिए Instagram Story Hide कैसे करें
कुछ लोगों से स्टोरी छिपानी हो तो उन्हें ब्लॉक करने की जरूरत नहीं, Instagram में इसके लिए अलग सेटिंग है.
1. प्रोफाइल पेज में आकर अपनी प्रोफाइल फोटो (लगी हुई स्टोरी) पर टैप करें.

2. नीचे दाईं तरफ More पर टैप करें.

3. यहीं से स्टोरी डिलीट करना, उसका लिंक कॉपी करना और उसे पोस्ट बनाकर शेयर करना भी हो जाता है. अभी Story settings पर टैप करें.

4. Hide story from के नीचे लिखे 0 people पर टैप करें.

5. जिन लोगों को स्टोरी नहीं दिखानी, उन्हें चुन लें. उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं जाती और आपकी स्टोरी उनकी फीड से गायब हो जाती है.
इसी पेज पर Close Friends लिस्ट भी बनती है, स्टोरी पर रिप्लाई करने की इजाजत तय होती है और “स्टोरी अपने-आप गैलरी में सेव हो” वाली सेटिंग मिलती है. पूरी प्राइवेसी चाहिए तो अकाउंट ही प्राइवेट कर लीजिए — Instagram Account Private कैसे करें.
Laptop या PC से Instagram Story कैसे लगाएं
साफ बात — instagram.com पर स्टोरी लगाने का विकल्प नहीं है. वहां से पोस्ट और रील तो डाली जा सकती है, स्टोरी नहीं. दो रास्ते बचते हैं:
- Meta Business Suite — अगर अकाउंट professional है तो business.facebook.com पर जाकर स्टोरी बनाई और शेड्यूल भी की जा सकती है. यही सबसे साफ तरीका है.
- Chrome का मोबाइल व्यू — instagram.com खोलकर कीबोर्ड से Ctrl+Shift+I दबाइए, फिर ऊपर आए पैनल में मोबाइल वाला आइकॉन चुनिए और पेज रीलोड कीजिए. अब ऊपर प्लस का आइकॉन दिखने लगेगा और वहां से स्टोरी लग जाएगी. इसमें म्यूजिक और कई स्टिकर काम नहीं करते.
Story अपलोड नहीं हो रही तो क्या करें
स्टोरी अटक जाए या “Couldn’t upload” दिखे तो क्रम से यह देखिए:
- Wi-Fi और मोबाइल डेटा आपस में बदलकर देखिए. स्टोरी अपलोड में सबसे ज्यादा गड़बड़ी कमजोर नेटवर्क से होती है.
- Play Store से Instagram अपडेट कीजिए. पुराने वर्जन में अपलोड चुपचाप फेल होता रहता है.
- Settings → Apps → Instagram → Storage → Clear cache (Clear data नहीं, वरना लॉगआउट हो जाएंगे).
- वीडियो 60 सेकंड से लंबा हो तो Instagram उसे टुकड़ों में बांटता है और बड़ी फाइल में अक्सर अटक जाता है. वीडियो छोटा करके डालिए.
- गाना लगाते ही अपलोड रुक रहा हो तो वो गाना आपके इलाके में उपलब्ध नहीं है — दूसरा चुनिए.
- Data Saver ऑन हो तो बंद कर दीजिए, और फोन की Battery Saver सेटिंग में Instagram को बैकग्राउंड में चलने की इजाजत दे दीजिए.
Instagram स्टोरी में क्या डालें
जो चीजें असल में देखी जाती हैं वो ये हैं — दिन भर का कोई छोटा पल, कहीं घूमने की फोटो, कोई काम पूरा होने की खबर, त्योहार की बधाई, या कोई सवाल जिसका जवाब लोग दे सकें. Poll और Quiz स्टिकर इसीलिए काम के हैं: लोग टैप करते हैं और Instagram उसे दिलचस्पी मानकर आपकी अगली स्टोरी ज्यादा लोगों को दिखाता है.
एक व्यावहारिक बात — दिन में 3-5 स्टोरी काफी हैं. 15-20 स्टोरी एक साथ डालने पर लोग बीच में ही स्किप कर देते हैं, और स्किप होना Instagram के लिए बुरा संकेत है. रीच बढ़ाने के बाकी तरीके Instagram growth और reach वाले लेख में हैं.
दूसरों की Instagram Story कैसे देखें
जिन लोगों को आप फॉलो करते हैं, उनकी स्टोरी होम पेज पर सबसे ऊपर गोल फोटो की लाइन में दिखती है. जिस फोटो के चारों तरफ रंगीन घेरा है, उसकी स्टोरी आपने अभी तक नहीं देखी. हरा घेरा मतलब उस व्यक्ति ने आपको अपनी Close Friends लिस्ट में रखा है.
- किसी की फोटो पर टैप करते ही उसकी स्टोरी चल जाती है.
- स्क्रीन के दाएं हिस्से पर टैप करने से अगली स्टोरी और बाएं हिस्से पर टैप करने से पिछली स्टोरी खुलती है.
- बाईं तरफ स्वाइप करने पर अगले व्यक्ति की स्टोरी पर पहुंच जाते हैं.
- स्क्रीन को दबाए रखने से स्टोरी रुक जाती है, नीचे की तरफ स्वाइप करने से बाहर आ जाते हैं.
- किसी की प्रोफाइल खोलकर उसकी प्रोफाइल फोटो पर टैप करके भी उसकी स्टोरी देखी जा सकती है, और उसके Highlights प्रोफाइल पर फोटो के नीचे मिलते हैं.
ध्यान रहे, स्टोरी देखते ही आपका नाम उस व्यक्ति की viewers लिस्ट में आ जाता है. प्राइवेट अकाउंट की स्टोरी सिर्फ उसके फॉलोअर्स देख पाते हैं.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Instagram स्टोरी कितने समय तक रहती है?
24 घंटे. उसके बाद वो अपने-आप हट जाती है, लेकिन आपके Archive में सुरक्षित रहती है. हमेशा के लिए दिखानी हो तो उसे Highlight में जोड़ दीजिए.
स्टोरी किसने देखी, यह कैसे पता करें?
अपनी स्टोरी खोलकर नीचे बाईं तरफ आंख के निशान या व्यूज की संख्या पर ऊपर की तरफ स्वाइप कीजिए, पूरी लिस्ट खुल जाएगी. ध्यान रहे, यह लिस्ट सिर्फ 24 घंटे तक दिखती है; स्टोरी हटने के बाद सिर्फ गिनती बचती है.
बिना बताए किसी की स्टोरी कैसे देखें?
Instagram में ऐसा कोई आधिकारिक विकल्प नहीं है — स्टोरी खोलते ही आपका नाम उनकी लिस्ट में चला जाता है. जो ऐप और वेबसाइट “anonymous story viewer” का दावा करती हैं, वे या तो काम नहीं करतीं या लॉगिन मांगकर पासवर्ड चुरा लेती हैं. कोई ऐसा लिंक खोलने से पहले उसकी सुरक्षा जांच लीजिए.
किसी दूसरे की स्टोरी अपनी स्टोरी में कैसे लगाएं?
अगर उस स्टोरी में आपको mention किया गया है तो सीधे “Add to your story” का विकल्प आ जाता है. मेंशन न हो तो Instagram दोबारा शेयर करने नहीं देता; ऐसे में उस व्यक्ति से कहिए कि वो अपनी स्टोरी में आपको टैग कर दे.
स्टोरी डिलीट कैसे करें?
अपनी स्टोरी खोलिए, नीचे दाईं तरफ More दबाइए और Delete चुन लीजिए. एक बार हटाने के बाद व्यूज की गिनती वापस नहीं मिलती.
स्टोरी डालने से फॉलोअर्स बढ़ते हैं क्या?
सीधे नहीं. स्टोरी मुख्य रूप से मौजूदा फॉलोअर्स तक पहुंचती है और उनसे जुड़ाव बनाए रखती है. नए लोगों तक पहुंचने के लिए रील और अच्छे हैशटैग ज्यादा काम आते हैं; स्टोरी उन नए लोगों को टिकाए रखने में मदद करती है.
इन्हें भी पढ़ें:
- Instagram Account कैसे बनाएं और Login करें
- ट्रेन की लाइव लोकेशन कैसे देखें
- मोबाइल से रिज्यूम कैसे बनाये
- Airtel का Data कैसे Check करें
- Instagram Password Change कैसे करें (2026 का नया तरीका)
किसी स्टेप में अटक जाएं या स्टोरी में कोई विकल्प न दिख रहा हो तो कमेंट में अपने फोन का मॉडल और ऐप का वर्जन बता दीजिए — अक्सर दिक्कत वहीं से पकड़ में आती है.
Instagram Lite me story kaise lagaye?
Instagram Lite में भी तरीका वही है: Your story या Plus आइकॉन पर टैप करें, फोटो या वीडियो चुनें, एडिट करें और Share कर दें. कोई नया स्टिकर या विकल्प न दिखे तो Play Store से ऐप अपडेट कर लें.






