मुख्य सामग्री पर जाएँ

मोबाइल एप्लीकेशन क्या है? परिभाषा, प्रकार और उदाहरण

मोबाइल एप्लीकेशन क्या है? परिभाषा, प्रकार और उदाहरण
विज्ञापन

मोबाइल एप्लीकेशन क्या है? मोबाइल एप्लीकेशन (मोबाइल ऐप) एक ऐसा सॉफ्टवेयर है जो स्मार्टफोन, टैबलेट या स्मार्टवॉच जैसे छोटे उपकरणों पर चलने के लिए बनाया जाता है. इसे Google Play Store या App Store जैसे ऐप स्टोर से डाउनलोड करके इंस्टॉल किया जाता है और यह किसी एक तय काम को पूरा करता है — जैसे WhatsApp से बात करना, Paytm से पैसे भेजना या Google Maps से रास्ता देखना.

हिंदी में इसे मोबाइल अनुप्रयोग कहते हैं. नीचे इसी की पूरी परिभाषा, चारों प्रकार, ऐप और सॉफ्टवेयर का अंतर, फायदे-नुकसान और परीक्षा में लिखने लायक तैयार उत्तर दिए गए हैं.

Mobile Application क्या है

इस लेख में आप जानेंगे

लेख की रूपरेखा — 25 विषय

मोबाइल एप्लीकेशन क्या है (परिभाषा)

मोबाइल एप्लीकेशन वह प्रोग्राम है जिसे मोबाइल डिवाइस के सीमित हार्डवेयर — छोटी स्क्रीन, कम RAM, बैटरी और टचस्क्रीन — को ध्यान में रखकर लिखा जाता है. कंप्यूटर का सॉफ्टवेयर बड़ा और भारी हो सकता है क्योंकि वहाँ ज़्यादा RAM और पावर मिलती है, जबकि मोबाइल ऐप को हल्का रखना पड़ता है ताकि वह धीमे फोन पर भी चले.

हर ऐप का एक तय उद्देश्य होता है. कुछ प्रसिद्ध उदाहरण — फेसबुक (सोशल), जीमेल (ईमेल), गूगल (सर्च), PhonePe (भुगतान) और Google Maps (नक्शा).

थोड़ा इतिहास — Nokia के 6110 फोन (1997) में आया Snake गेम अक्सर सबसे शुरुआती मोबाइल ऐप के तौर पर गिना जाता है. आज जैसा ऐप स्टोर वाला ढाँचा 2008 में बना, जब Apple ने App Store और Google ने Android Market (अब Google Play) शुरू किया. इसी के बाद ऐप बनाना एक अलग पेशा बन गया.

मोबाइल एप्लीकेशन को समझाइए — परीक्षा में लिखने लायक उत्तर

स्कूल-कॉलेज के पेपर में यह सवाल अक्सर 2, 3 या 5 अंक का आता है. उतने ही अंक का उत्तर नीचे दिया है, जैसा है वैसा लिखा जा सकता है.

2 अंक का उत्तर

मोबाइल एप्लीकेशन एक सॉफ्टवेयर प्रोग्राम है जिसे स्मार्टफोन और टैबलेट जैसे मोबाइल उपकरणों पर चलाने के लिए विकसित किया जाता है. इसे ऐप स्टोर से डाउनलोड करके इंस्टॉल किया जाता है और यह उपयोगकर्ता का कोई विशेष कार्य पूरा करता है.

5 अंक का उत्तर (बिंदुवार)

  1. परिभाषा: मोबाइल एप्लीकेशन वह सॉफ्टवेयर है जो मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम (Android, iOS) पर चलने के लिए बनाया जाता है.
  2. वितरण: इसे Google Play Store, Apple App Store जैसे प्लेटफॉर्म से डाउनलोड किया जाता है.
  3. प्रकार: नेटिव, हाइब्रिड, वेब और प्रोग्रेसिव वेब एप्लीकेशन.
  4. विशेषता: सीमित हार्डवेयर पर चलने योग्य, टचस्क्रीन के अनुकूल, कैमरा-GPS जैसे सेंसर का उपयोग करने में सक्षम.
  5. उदाहरण: WhatsApp, Google Maps, PhonePe, Instagram.

मोबाइल एप्लीकेशन के प्रकार

1. नेटिव एप्लीकेशन (Native App)

नेटिव ऐप किसी एक ही ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए बनाया जाता है. Android के लिए Java या Kotlin में, iPhone के लिए Swift में. यही वजह है कि iOS के लिए बना ऐप एंड्राइड में नहीं चलता — दोनों की भाषा और ढाँचा अलग है.

विज्ञापन

फायदा: सबसे तेज़ चलता है, कैमरा-GPS-फिंगरप्रिंट जैसे सारे फीचर पूरी तरह इस्तेमाल कर पाता है, ऑफलाइन भी चल सकता है. नुकसान: एक ही ऐप को दो बार बनाना पड़ता है, इसलिए खर्च दोगुना. उदाहरण: WhatsApp, Instagram, PUBG/BGMI जैसे गेम.

2. हाइब्रिड एप्लीकेशन (Hybrid App)

हाइब्रिड ऐप एक बार लिखा जाता है और Android तथा iPhone दोनों पर चल जाता है. अंदर से यह वेब तकनीक (HTML, CSS, JavaScript) पर बना होता है, जिसे एक नेटिव खोल में लपेट दिया जाता है. Flutter और React Native आजकल इसी काम के लिए सबसे ज़्यादा इस्तेमाल होते हैं.

फायदा: कम समय और कम खर्च में दोनों प्लेटफॉर्म तैयार. नुकसान: भारी गेम या बहुत तेज़ एनिमेशन वाले ऐप में नेटिव जितनी रफ्तार नहीं मिलती.

3. वेब एप्लीकेशन (Web App)

वेब ऐप असल में ब्राउज़र में खुलने वाला पेज होता है जो देखने में ऐप जैसा लगता है. इसे कोडिंग की वेब भाषाओं (HTML, CSS, JavaScript) से बनाया जाता है और यह किसी भी ऑपरेटिंग सिस्टम में चल जाता है, क्योंकि ब्राउज़र सबमें होता है.

यह पूरी तरह इन्टरनेट पर चलता है. इसे इंस्टॉल करने की ज़रूरत नहीं पड़ती, सिर्फ URL खोलना होता है — यही इसकी सबसे बड़ी खूबी है क्योंकि फोन की स्टोरेज नहीं भरती. सीमा: इंटरनेट बंद होते ही काम करना बंद कर देता है और फोन के सारे सेंसर इस्तेमाल नहीं कर पाता. यह सामान्य वेबसाइट से इस मायने में अलग है कि वेबसाइट मुख्य रूप से पढ़ने के लिए होती है, जबकि वेब ऐप में आप काम करते हैं.

4. प्रोग्रेसिव वेब एप्लीकेशन (PWA)

PWA वेब ऐप का ही बेहतर रूप है. यह ब्राउज़र में भी खुलता है और चाहें तो “Add to Home screen” करके फोन या कंप्यूटर पर इंस्टॉल भी किया जा सकता है. इंस्टॉल होने के बाद यह अपने आइकॉन से खुलता है, नोटिफिकेशन भेज सकता है और कुछ हद तक ऑफलाइन भी चलता है — लेकिन इसका साइज़ नेटिव ऐप से बहुत कम रहता है.

विज्ञापन

कम स्टोरेज वाले फोन में यही सबसे काम का विकल्प है. कई बड़ी कंपनियाँ अपने “Lite” वर्ज़न इसी तरीके से देती हैं.

यह भी पढ़ें: मोबाइल में ऐप्स को कैसे छुपाएं

ऐप और सॉफ्टवेयर में क्या अंतर है

यह सवाल सबसे ज़्यादा उलझाता है. सीधा जवाब — हर ऐप एक सॉफ्टवेयर है, लेकिन हर सॉफ्टवेयर ऐप नहीं है. सॉफ्टवेयर बड़ा शब्द है जिसमें ऑपरेटिंग सिस्टम, ड्राइवर और यूटिलिटी सब आ जाते हैं; ऐप उसी का एक छोटा हिस्सा है जो सीधे उपयोगकर्ता के काम के लिए बना होता है.

आधारमोबाइल ऐपकंप्यूटर सॉफ्टवेयर
कहाँ चलता हैस्मार्टफोन, टैबलेट, वॉचडेस्कटॉप, लैपटॉप, सर्वर
आकारकुछ MB से कुछ सौ MBअक्सर कई GB तक
कहाँ से मिलता हैPlay Store / App Storeवेबसाइट, CD, इंस्टॉलर फाइल
काम का दायराआमतौर पर एक ही मुख्य कामएक साथ कई बड़े काम
इनपुटटच, आवाज़, सेंसरकीबोर्ड और माउस

मोबाइल एप्लीकेशन के उदाहरण (श्रेणी के अनुसार)

मोबाइल ऐप कैसे बनाए जाते हैं

ऐप बनाने की प्रक्रिया आमतौर पर पाँच चरणों में चलती है — विचार तय करना, स्क्रीन का डिज़ाइन (UI/UX), कोडिंग, टेस्टिंग, और ऐप स्टोर पर पब्लिश करना.

  • Android के लिए: Java या Kotlin, टूल — Android Studio
  • iPhone के लिए: Swift, टूल — Xcode (केवल Mac पर चलता है)
  • दोनों के लिए एक साथ: Flutter (Dart) या React Native (JavaScript)

एक साधारण ऐप में भी हज़ारों लाइन का कोड होता है और टेस्टिंग समेत महीनों लग जाते हैं. Play Store पर ऐप पब्लिश करने के लिए Google के डेवलपर अकाउंट की एक बार की फीस लगती है, जबकि Apple का डेवलपर प्रोग्राम हर साल की फीस पर चलता है.

मोबाइल एप्लीकेशन के फायदे और नुकसान

फायदे

  • बैंक, टिकट, पढ़ाई और सरकारी काम जेब में — लाइन में लगने की ज़रूरत नहीं.
  • वेबसाइट खोलने से तेज़, क्योंकि ऐप का बड़ा हिस्सा फोन में पहले से रहता है.
  • कैमरा, GPS, फिंगरप्रिंट सेंसर का सीधा इस्तेमाल.
  • कई ऐप ऑफलाइन भी काम करते हैं — जैसे डाउनलोड किया हुआ नक्शा या नोट्स.

नुकसान

  • हर ऐप स्टोरेज और RAM लेता है; कम मेमोरी वाला फोन धीमा पड़ जाता है. बहुत ऐप भर जाने पर लोग अक्सर फोन रीसेट करने तक पहुँच जाते हैं.
  • कई ऐप ज़रूरत से ज़्यादा अनुमति (कॉन्टैक्ट, SMS, लोकेशन) माँगते हैं — इंस्टॉल करते समय यही सबसे बड़ा जोखिम है.
  • Play Store के बाहर से लिए गए MOD APK में वायरस और डेटा चोरी का असली खतरा रहता है.
  • मुफ्त ऐप अक्सर विज्ञापन दिखाकर या डेटा से कमाते हैं — “फ्री” का मतलब बिना कीमत नहीं होता.

मोबाइल एप्लीकेशन कहाँ से डाउनलोड करें

हर ऑपरेटिंग सिस्टम का अपना ऐप स्टोर होता है. वहीं से डाउनलोड करना सबसे सुरक्षित है, क्योंकि स्टोर पर आने से पहले ऐप की जाँच होती है.

विज्ञापन

एंड्राइड: Google Play Store फोन में पहले से रहता है. इसके अलावा सैमसंग के फोन में Galaxy Store और Xiaomi/Redmi में GetApps मिलता है, जो कंपनी के अपने स्टोर हैं.

आईओएस: iPhone और iPad में App Store पहले से होता है और भारत में यही एकमात्र आधिकारिक रास्ता है.

कीपैड/जावा फोन: अब इनका बाज़ार लगभग खत्म हो चुका है. JioPhone जैसे KaiOS फोन में JioStore मिलता है, जिसमें गिने-चुने ऐप ही होते हैं.

Android में मोबाइल एप्लीकेशन कैसे डाउनलोड करें

नीचे Google Play Store से ऐप इंस्टॉल करने का पूरा तरीका स्क्रीनशॉट के साथ दिया है. iPhone में App Store खोलकर यही क्रम अपनाया जाता है, बस बटन पर Install की जगह Get लिखा होता है.

1. अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर ओपन करें. इसके लिए फोन में Google अकाउंट से लॉग इन होना ज़रूरी है.

Mobile app Kya Hai

2. ऊपर दिए सर्च बार में उस ऐप का नाम लिखकर खोजें. नाम लिखते समय ध्यान दें — मिलते-जुलते नाम के नकली ऐप भी दिखते हैं.

Mobile App Hindi

3. सही ऐप मिल जाए तो हरे रंग के Install बटन पर टैप करें. टैप करने से पहले नीचे लिखा डेवलपर का नाम और डाउनलोड की संख्या ज़रूर देख लें — असली ऐप की पहचान यही है.

Mobile एप्लीकेशन क्या है

4. ऐप डाउनलोड होकर अपने आप इंस्टॉल हो जाएगा. इंस्टॉल पूरा होने पर Install की जगह Open (और गेम में Play) का विकल्प आ जाता है.

5. अगर “Insufficient storage” लिखा आए तो पुराने ऐप हटाकर या Files ऐप से कैश साफ़ करके जगह बनानी पड़ेगी. गेम डाउनलोड करने का विस्तृत तरीका इस लेख में दिया है.

विज्ञापन

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

मोबाइल एप्लीकेशन को हिंदी में क्या कहते हैं?

मोबाइल अनुप्रयोग. पाठ्यपुस्तकों में यही शब्द आता है, हालाँकि बोलचाल और परीक्षा दोनों में “मोबाइल एप्लीकेशन” या सिर्फ “ऐप” लिखना भी स्वीकार्य है.

मोबाइल एप्लीकेशन कितने प्रकार के होते हैं?

मुख्य रूप से चार — नेटिव, हाइब्रिड, वेब और प्रोग्रेसिव वेब एप्लीकेशन. कुछ किताबों में सिर्फ पहले तीन ही गिनाए जाते हैं.

मोबाइल ऐप्स का उद्देश्य क्या है?

उपयोगकर्ता का कोई तय काम फोन पर ही, कम समय में पूरा करना — चाहे वह पैसे भेजना हो, टिकट बुक करना हो या पढ़ाई. यही कारण है कि एक ऐप आमतौर पर एक ही मुख्य काम पर केंद्रित रहता है.

क्या ऐप बनाने के लिए कोडिंग आना ज़रूरी है?

गंभीर ऐप के लिए हाँ. कुछ “no-code” वेबसाइटें बिना कोडिंग के छोटा ऐप बना देती हैं, लेकिन उनमें डिज़ाइन और फीचर दोनों सीमित रहते हैं और अक्सर मासिक शुल्क लगता है.

ऐप और वेबसाइट में क्या अंतर है?

वेबसाइट ब्राउज़र में खुलती है और इंस्टॉल नहीं होती; ऐप फोन में इंस्टॉल होकर आइकॉन बनाता है, तेज़ चलता है और फोन के सेंसर इस्तेमाल कर सकता है. जगह बचानी हो तो वेबसाइट बेहतर, रोज़ इस्तेमाल करना हो तो ऐप.

क्या कोई ऐप फोन को नुकसान पहुँचा सकता है?

Play Store या App Store से लिया गया ऐप आमतौर पर सुरक्षित होता है. खतरा तब है जब ऐप किसी अनजान वेबसाइट की APK फाइल से इंस्टॉल किया जाए, या जब कोई साधारण सा ऐप SMS और कॉन्टैक्ट की अनुमति माँगे — ऐसी अनुमति मना कर देनी चाहिए.

इन्हें भी पढ़ें:

अगर यह सवाल आपकी किसी किताब या पेपर से है और वहाँ प्रकारों की गिनती अलग दी गई है, तो कमेंट में क्लास और किताब का नाम लिख दीजिए — उसी हिसाब का उत्तर जोड़ दिया जाएगा.

Hindi Sink को फॉलो करें

@hindisinkofficial

नई Pocket FM कहानियों, स्टोरी गाइड और ताज़ा अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

विज्ञापन
🔒 Link Safety Checker — कोई भी link safe है या नहीं, यहाँ जाँचें