मुख्य सामग्री पर जाएँ

PDF Edit कैसे करें? मोबाइल और PC में फ्री तरीके

PDF Edit कैसे करें? मोबाइल और PC में फ्री तरीके
विज्ञापन

PDF edit kaise kare? PDF एडिट करने का सही तरीका इस बात पर निर्भर करता है कि आप करना क्या चाहते हैं. सिर्फ फॉर्म भरना या साइन करना है तो फोन में Adobe Acrobat Reader या iPhone का Markup मुफ्त में काफी है. अंदर लिखा टेक्स्ट बदलना है तो कंप्यूटर पर Sejda या LibreOffice Draw सबसे अच्छा मुफ्त रास्ता है. और पूरा पेज नए सिरे से सजाना है तो Canva. नीचे हर तरीका स्क्रीनशॉट के साथ है, और साथ में यह भी कि कौन-सा तरीका कहाँ धोखा दे जाता है.

PDF Edit कैसे करें

एक बात शुरू में ही समझ लीजिए, इससे बहुत समय बचेगा: PDF बनी ही इसलिए है कि वह हर डिवाइस पर एक जैसी दिखे — यानी उसे बदलना जानबूझकर मुश्किल रखा गया है. इसीलिए कोई भी मुफ्त टूल Word जैसी आज़ादी नहीं देता. जो टूल “सब कुछ फ्री में एडिट” का दावा करते हैं, वे या तो वॉटरमार्क लगाते हैं या आखिरी कदम पर पैसे माँगते हैं.

इस लेख में आप जानेंगे

लेख की रूपरेखा — 25 विषय

कौन-सा तरीका आपके काम का है

आपको क्या करना हैसबसे आसान मुफ्त तरीका
फॉर्म भरना, साइन करनाफोन में Adobe Acrobat Reader (Fill & Sign), iPhone में Files का Markup
अंदर लिखा टेक्स्ट बदलनाकंप्यूटर पर Sejda या LibreOffice Draw
हाईलाइट करना, नोट लिखनाMicrosoft Edge या कोई भी PDF रीडर
डिज़ाइन बदलना, नया पेज बनानाCanva
जोड़ना, अलग करना, साइज़ घटानाiLovePDF वेबसाइट या PDF24 (ऑफलाइन)
स्कैन की हुई PDF का टेक्स्ट निकालनाGoogle Drive में “Open with Google Docs”

मोबाइल से PDF एडिट कैसे करें (Canva)

फोन पर PDF एडिट करने वाले ज़्यादातर ऐप्स में असली टेक्स्ट बदलने का काम पैसे लेकर होता है. Canva इसमें अपवाद है — इसमें PDF को डिज़ाइन की तरह खोलकर मुफ्त में बदला जा सकता है. पहले ऐप में गूगल या फेसबुक अकाउंट से लॉग इन कर लीजिए.

1. Canva ऐप में प्लस बटन पर टैप करें

लॉग इन के बाद यह स्क्रीन खुलती है. नीचे दिख रहे Plus बटन पर टैप कीजिए.

Canva ऐप में प्लस बटन

2. एडिट करने के लिए PDF अपलोड करें

Upload आइकॉन पर टैप कीजिए, फाइल मैनेजर खुलेगा, वहाँ से अपनी PDF चुनकर अपलोड कर दीजिए.

Canva में PDF अपलोड करना

3. अपलोड हुई PDF खोलकर एडिट करें

अपलोड होते ही फाइल Recent designs में आ जाती है. उस पर टैप करते ही PDF खुलती है और नीचे सारे एडिटिंग टूल आ जाते हैं.

Canva में PDF खुलने के बाद एडिटिंग टूल

4. PDF के अंदर लिखा टेक्स्ट बदलें

यही वह फीचर है जिसके लिए लोग PDF एडिटर ढूँढते हैं. किसी टेक्स्ट पर दो बार टैप कीजिए और उसे बदल दीजिए — नाम की स्पेलिंग, तारीख, कोई टाइपिंग की गलती, सब ठीक की जा सकती है.

Canva में PDF का टेक्स्ट एडिट करना

यहाँ दो ईमानदार चेतावनियाँ हैं. पहली — Canva PDF को अपने हिसाब से दोबारा बनाता है, इसलिए फॉन्ट और लेआउट बदल सकता है, खासकर हिंदी वाली या भारी डिज़ाइन वाली फाइलों में. डाउनलोड करने के बाद पूरी फाइल एक बार पढ़कर देख लीजिए. दूसरी, और ज़्यादा ज़रूरी — बिल, मार्कशीट, बैंक स्टेटमेंट या किसी सरकारी दस्तावेज़ की रकम, तारीख या नाम बदलना कागज़ात में हेराफेरी है, कोई तकनीकी ट्रिक नहीं. अपनी ही फाइल की गलती सुधारने तक बात ठीक है, उससे आगे नहीं.

विज्ञापन

5. PDF में टेक्स्ट हाईलाइट करें

किसी ज़रूरी लाइन पर ध्यान खींचना हो तो नीचे टूलबार में Draw चुनिए. अलग-अलग रंग और ब्रश मिलते हैं; ब्रश की मोटाई बाएँ से दाएँ स्लाइड करके बढ़ती है.

Canva में PDF हाईलाइट करना

6. PDF के ऊपर नया टेक्स्ट जोड़ें

टूलबार में Text → Add a heading चुनकर कुछ भी लिखा जा सकता है और उसे सही जगह खिसकाया जा सकता है. फॉर्म में नाम-पता भरने या कोई नोट चिपकाने के लिए यही सबसे आसान है.

Canva में PDF पर टेक्स्ट जोड़ना

7. एडिट की हुई PDF डाउनलोड करें

ऊपर Share आइकॉन → Download पर टैप कीजिए और फाइल टाइप में PDF चुनिए (डिफ़ॉल्ट कई बार PNG रहता है, यह गलती अक्सर होती है). फाइल फोन के Downloads फोल्डर में सेव हो जाएगी.

Canva से एडिट की हुई PDF डाउनलोड करना

ध्यान रहे कि Canva से निकली फाइल का साइज़ अक्सर बदल जाता है — कभी बढ़ता है, कभी घटता है. अगर किसी फॉर्म में फाइल की अधिकतम सीमा तय है तो डाउनलोड के बाद साइज़ ज़रूर देख लीजिए; घटाने का तरीका नीचे और विस्तार से फोटो का साइज़ कम कैसे करें में है.

PDF में फॉर्म भरना और साइन करना (सबसे आम ज़रूरत)

ज़्यादातर लोगों को असल में “एडिटिंग” नहीं, बस फॉर्म भरना और दस्तखत करना होता है. इसके लिए Canva की भी ज़रूरत नहीं.

  • Android — Play Store से Adobe Acrobat Reader डालिए. PDF खोलकर नीचे पेंसिल जैसे आइकॉन में Fill & Sign चुनिए. खाली जगह पर टैप करके टाइप कीजिए, और Sign में उँगली से दस्तखत बनाकर सेव कर लीजिए — अगली बार वही दस्तखत एक टैप में लग जाएगा. यह हिस्सा मुफ्त है; टेक्स्ट बदलने वाला “Edit PDF” पेड है.
  • iPhone — कुछ डाउनलोड करने की ज़रूरत ही नहीं. Files ऐप में PDF खोलिए, ऊपर मार्कर वाला आइकॉन (Markup) दबाइए, फिर प्लस से Signature और Text जोड़ लीजिए. हो जाने पर Done दबाते ही फाइल सेव हो जाती है.
  • कंप्यूटर — PDF को Microsoft Edge में खोलिए. ऊपर Draw और टेक्स्ट जोड़ने के विकल्प मिलते हैं, फिर Save. किसी सॉफ्टवेयर की ज़रूरत नहीं.

एक बात साफ रहे — इस तरह बनाया गया दस्तखत सिर्फ तस्वीर है. जहाँ डिजिटल सिग्नेचर (DSC) माँगा गया हो, वहाँ यह नहीं चलेगा; उसके लिए अलग टोकन या सरकारी सुविधा चाहिए. सरकारी दस्तावेज़ों को डिजिटल रूप में रखने और साझा करने के लिए DigiLocker ज़्यादा भरोसेमंद रहता है.

यह भी पढ़ें: रियल पैसे कमाने वाले ऐप

PC में PDF को एडिट कैसे करें (Sejda)

कंप्यूटर पर PDF एडिट करने वाले ज़्यादातर सॉफ्टवेयर और वेबसाइट सब्सक्रिप्शन लेते हैं. Sejda इस मामले में सबसे उदार मुफ्त विकल्प है — इसमें प्रति घंटे 3 काम मुफ्त होते हैं और फाइल 200 पेज या 50 MB तक की हो सकती है. आम इस्तेमाल के लिए यह काफी है.

विज्ञापन

STEP 1: वेबसाइट खोलकर Upload PDF file पर क्लिक कीजिए और अपनी फाइल चुनिए.

Sejda PDF Editor में फाइल अपलोड करना

STEP 2: अपलोड होते ही ऊपर सारे टूल आ जाते हैं — Text, Links, Forms, Images, Sign, Whiteout, और पेज जोड़ने-हटाने के विकल्प भी.

Sejda में PDF एडिटिंग टूल

STEP 3: पहले से लिखे टेक्स्ट पर क्लिक करके उसे बदला जा सकता है. इमेज जोड़ना, लिंक डालना और साइन करना भी यहीं से होता है.

Sejda में PDF का टेक्स्ट बदलना

STEP 4: काम पूरा होने पर नीचे Apply changes दबाइए.

Sejda में Apply changes बटन

STEP 5: अब Download पर क्लिक कीजिए और फाइल सेव हो जाएगी.

Sejda से एडिट की हुई PDF डाउनलोड करना

Sejda की एक अच्छी बात यह भी है कि अपलोड की गई फाइलें कुछ घंटों बाद उनके सर्वर से हटा दी जाती हैं. फिर भी बहुत निजी दस्तावेज़ के लिए नीचे बताया ऑफलाइन तरीका ही बेहतर है.

बिना इंटरनेट, ऑफलाइन PDF एडिट करने के तरीके

  • LibreOffice Draw — मुफ्त और पूरी तरह ऑफलाइन. PDF को सीधे खोलकर उसका टेक्स्ट बदला जा सकता है, फिर File → Export as PDF. यह अकेला मुफ्त सॉफ्टवेयर है जो असली टेक्स्ट एडिटिंग देता है. कमी यह है कि जटिल डिज़ाइन वाली फाइल में लाइनें इधर-उधर खिसक जाती हैं.
  • PDF24 Creator — Windows के लिए मुफ्त प्रोग्राम. जोड़ना, अलग करना, साइज़ घटाना, पेज घुमाना — सब कुछ आपके अपने कंप्यूटर पर, बिना फाइल कहीं भेजे.
  • Microsoft Word — PDF को Word में खोलिए, वह उसे एडिट करने लायक दस्तावेज़ में बदल देता है. टेक्स्ट वाली साधारण फाइलों में यह अच्छा चलता है; तालिका और डिज़ाइन वाली फाइलों का लेआउट बिगड़ सकता है.
  • Microsoft Edge — हाईलाइट, ड्रॉइंग और टेक्स्ट जोड़ने के लिए, बिना कुछ इंस्टॉल किए.

PDF का टेक्स्ट एडिट ही नहीं हो रहा? ये तीन वजहें हैं

  • PDF असल में फोटो है. स्कैन की हुई या फोटो से बनी PDF में टेक्स्ट होता ही नहीं, सिर्फ तस्वीर होती है — इसलिए कोई भी एडिटर उसे नहीं बदल सकता. जाँचने का आसान तरीका: PDF खोलकर किसी शब्द को सेलेक्ट करने की कोशिश कीजिए. सेलेक्ट न हो तो वह तस्वीर है.
  • PDF पर पासवर्ड या पाबंदी लगी है. कुछ फाइलें खुल तो जाती हैं पर उनमें बदलाव की अनुमति नहीं होती. ऐसी फाइल भेजने वाले से ही बिना पाबंदी वाली प्रति माँगिए.
  • फॉन्ट फाइल में मौजूद नहीं है. हिंदी वाली PDF में यह आम है — एडिट करने पर अक्षर टूटे-फूटे दिखने लगते हैं.

स्कैन वाली PDF से टेक्स्ट निकालना हो तो सबसे आसान मुफ्त रास्ता Google Drive है: फाइल Drive में अपलोड कीजिए, उस पर राइट क्लिक करके Open with → Google Docs चुनिए. Google उसे पढ़कर टेक्स्ट में बदल देता है (OCR). डिज़ाइन नहीं बचता, पर लिखा हुआ सब मिल जाता है, और हिंदी में भी यह ठीक-ठाक काम करता है.

विज्ञापन

PDF जोड़ना, अलग करना और साइज़ घटाना

  • कई PDF को एक बनाना — iLovePDF या Smallpdf का Merge टूल, या ऑफलाइन PDF24.
  • एक PDF से कुछ पेज निकालना — Split या “Extract pages”.
  • साइज़ घटाना — Compress टूल में आमतौर पर तीन स्तर मिलते हैं. सरकारी फॉर्म के लिए अक्सर 100 KB या 200 KB की सीमा होती है; ऐसे में मध्यम स्तर से शुरू कीजिए, क्योंकि सबसे ज़्यादा दबाने पर अक्षर पढ़ने लायक नहीं रहते.
  • फोन में — iLovePDF का ऐप यही सारे काम कर देता है, हालाँकि मुफ्त में रोज़ की एक सीमा रहती है.

यह भी पढ़ें: WhatsApp पर किसी ने ब्लॉक कर दिया तो अनब्लॉक कैसे करें

कौन-सी PDF ऑनलाइन टूल पर नहीं डालनी चाहिए

यह सलाह किसी और लेख में शायद ही मिलेगी, पर सबसे ज़रूरी है. हर ऑनलाइन PDF टूल आपकी फाइल अपने सर्वर पर भेजता है. साधारण नोट्स के लिए कोई दिक्कत नहीं, लेकिन इन चीज़ों के लिए ऑफलाइन तरीका ही अपनाइए:

  • आधार, PAN, पासपोर्ट या कोई पहचान पत्र
  • बैंक स्टेटमेंट, सैलरी स्लिप, ITR
  • मेडिकल रिपोर्ट
  • दफ्तर के गोपनीय दस्तावेज़ और एग्रीमेंट

इनके लिए LibreOffice Draw, PDF24 या फोन का Acrobat Reader इस्तेमाल कीजिए — फाइल आपके डिवाइस से बाहर नहीं जाती. और किसी अनजान वेबसाइट पर तो बिलकुल मत डालिए, चाहे वह सबसे ऊपर दिख रही हो. किसी लिंक को खोलने से पहले उसकी जाँच करने का तरीका भी हमने लिखा है.

अन्य PDF Editor ऐप्स और वेबसाइट

PDF Candy: दर्जनों मुफ्त टूल एक ही जगह. Windows के लिए इसका सॉफ्टवेयर भी है जिससे ऑफलाइन काम हो जाता है. मुफ्त इस्तेमाल पर कुछ समय की सीमा लगती है.

SmallPDF: हाईलाइट, ऐनोटेट और टेक्स्ट-इमेज जोड़ना मुफ्त में हो जाता है, पर रोज़ की सीमा रहती है. आगे का काम सब्सक्रिप्शन में है — ताज़ा कीमत इनकी वेबसाइट पर देख लीजिए.

iLovePDF: जोड़ना, अलग करना, साइज़ घटाना और कन्वर्ट करना — इन कामों के लिए सबसे तेज़. वेबसाइट और ऐप दोनों उपलब्ध हैं.

DeftPDF: मुफ्त में एडिट करने पर फाइल में वॉटरमार्क रह जाता है, जिसे हटाने के लिए पेड प्लान लेना पड़ता है. इसीलिए किसी ज़रूरी दस्तावेज़ के लिए यह उपयुक्त नहीं.

Xodo: ऐनोटेट करने और साइन करने के लिए अच्छा, वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों में. और ऐसे ही काम के ऐप्स की सूची टॉप मोबाइल ऐप्स वाले लेख में है.

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

मोबाइल से PDF एडिट कैसे करें?

फॉर्म भरना या साइन करना है तो Adobe Acrobat Reader का Fill & Sign (iPhone में Files का Markup) सबसे आसान और मुफ्त है. अंदर का टेक्स्ट बदलना है तो Canva ऐप में PDF अपलोड करके टेक्स्ट पर दो बार टैप कीजिए और बदलकर PDF में डाउनलोड कर लीजिए.

विज्ञापन

ऑनलाइन फ्री में PDF एडिट कैसे करें?

Sejda सबसे उदार मुफ्त विकल्प है — प्रति घंटे 3 काम, 200 पेज या 50 MB तक. इसके अलावा PDF Candy और Smallpdf भी हैं, पर उनमें मुफ्त सीमा जल्दी खत्म हो जाती है.

PDF में लिखा नाम या तारीख कैसे बदलें?

Sejda या LibreOffice Draw में फाइल खोलकर उस टेक्स्ट पर क्लिक कीजिए और सुधार लीजिए. पर ध्यान रहे, यह सिर्फ अपनी बनाई फाइल की गलती सुधारने के लिए है — किसी जारी किए गए प्रमाणपत्र या बिल का नाम-तारीख बदलना कानूनन गलत है.

क्या PDF एडिट करने से उसकी क्वालिटी कम होती है?

टेक्स्ट वाली PDF में आमतौर पर नहीं, लेकिन तस्वीरों वाली फाइल को दोबारा सेव करने पर तस्वीरें थोड़ी दब सकती हैं और फाइल का साइज़ भी बदल जाता है. Canva जैसी जगह से निकली फाइल में फॉन्ट तक बदल सकता है, इसलिए डाउनलोड के बाद एक बार पूरी फाइल देख लेना ज़रूरी है.

स्कैन की हुई PDF एडिट क्यों नहीं होती?

क्योंकि उसमें टेक्स्ट होता ही नहीं, सिर्फ पन्ने की तस्वीर होती है. उसे बदलने के लिए पहले OCR करना पड़ता है — सबसे आसान तरीका Google Drive में फाइल डालकर “Open with Google Docs” चुनना है.

बिना वॉटरमार्क के PDF एडिट करने वाला ऐप कौन-सा है?

Canva, Sejda और LibreOffice Draw — तीनों मुफ्त इस्तेमाल में वॉटरमार्क नहीं लगाते. वॉटरमार्क आमतौर पर उन ऐप्स में आता है जो मुफ्त एडिटिंग का विज्ञापन करके अंत में सब्सक्रिप्शन बेचते हैं.

PDF को Word में बदलकर एडिट करना ठीक रहेगा?

साधारण टेक्स्ट वाली फाइल के लिए हाँ, यह सबसे सुविधाजनक है. लेकिन तालिका, कॉलम या डिज़ाइन वाली फाइल में लेआउट बिगड़ जाता है — ऐसे में सीधे PDF एडिटर में काम करना बेहतर है.

सीधी बात यह है कि एक ही टूल सब कुछ नहीं करता. साइन और फॉर्म के लिए फोन का Acrobat Reader, टेक्स्ट बदलने के लिए Sejda या LibreOffice, और डिज़ाइन के लिए Canva — तीनों एक बार आज़मा लीजिए, आगे हर बार सोचना नहीं पड़ेगा.

इन्हें भी पढ़ें:

कोई फाइल एडिट नहीं हो रही हो तो कमेंट में बताइए कि वह स्कैन की हुई है या टाइप की हुई — उसी के हिसाब से तरीका सुझा देंगे.

Hindi Sink को फॉलो करें

@hindisinkofficial

नई Pocket FM कहानियों, स्टोरी गाइड और ताज़ा अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

विज्ञापन
🔒 Link Safety Checker — कोई भी link safe है या नहीं, यहाँ जाँचें