मुख्य सामग्री पर जाएँ

Photo का Size कैसे कम करें — 20KB, 50KB या 100KB में

Photo का Size कैसे कम करें — 20KB, 50KB या 100KB में
विज्ञापन

Photo ka size kaise kam kare? किसी भी फोटो को 20KB, 50KB या 100KB का बनाना हो तो सबसे तेज़ रास्ता यह है — मोबाइल में QReduce Lite ऐप खोलिए, फोटो चुनिए, नीचे जितने KB चाहिए वह लिखिए और Compress दबा दीजिए. बिना कुछ इंस्टॉल किए करना हो तो ब्राउज़र में ImageResizer.com खोलकर Target File Size में वही नंबर डाल दीजिए. दोनों तरीक़े नीचे स्क्रीनशॉट के साथ हैं, साथ ही सिग्नेचर, PDF, iPhone और कंप्यूटर वाले अलग-अलग तरीक़े भी.

Photo Ka Size Kaise Kam Kare

इस लेख में आप जानेंगे

लेख की रूपरेखा — 19 विषय

पहले यह समझ लें: KB और Pixel दो अलग चीज़ें हैं

ज़्यादातर लोग यहीं अटकते हैं. फॉर्म में दो शर्तें अलग-अलग लिखी होती हैं:

  • File size — यानी फोटो कितने KB का है. यह घटाने को ही “साइज़ कम करना” कहा जाता है.
  • Dimension — यानी फोटो कितने pixel चौड़ा और लंबा है, जैसे 200 × 230.

आज के फोन 4000 pixel से भी चौड़ी फोटो खींचते हैं, इसलिए फाइल 4-6 MB की बन जाती है. सबसे समझदारी वाला तरीक़ा यह है कि पहले dimension घटाइए, फिर compress कीजिए. सीधे 5MB की फोटो को 20KB पर दबाने से चेहरा धुंधला और दानेदार हो जाता है, जबकि चौड़ाई पहले 600-800 pixel कर देने पर वही 20KB में साफ़ दिखती है.

और एक बात साफ़ रहे — साइज़ कम करने पर क्वालिटी थोड़ी घटती ज़रूर है. बात सिर्फ़ इतनी है कि 50KB तक फ़र्क़ आँख से लगभग नहीं दिखता; 20KB से नीचे जाने पर दिखने लगता है. इसलिए फॉर्म जितना माँगे, उतना ही घटाइए — उससे कम नहीं.

फॉर्म में कितने KB का फोटो और सिग्नेचर चाहिए

सरकारी भर्ती और परीक्षा फॉर्म में आम तौर पर फोटो 20-50 KB और सिग्नेचर 10-20 KB माँगा जाता है, फ़ॉर्मेट JPG/JPEG. कुछ पोर्टल 100 KB तक भी लेते हैं और कुछ में अंगूठे का निशान भी अलग से लगता है. सही आँकड़ा हमेशा उसी फॉर्म के नोटिफिकेशन या अपलोड पेज पर लिखा रहता है — इंटरनेट पर मिली किसी सूची के भरोसे मत रहिए, हर विभाग की शर्त अलग होती है. अपलोड बॉक्स के ठीक ऊपर या बग़ल में छोटे अक्षरों में लिखी लाइन एक बार पढ़ लीजिए, वहीं तीनों बातें — KB, pixel और फ़ॉर्मेट — मिल जाती हैं.

एक व्यावहारिक सलाह: फॉर्म भरने से पहले अपनी फोटो और सिग्नेचर की तीन-तीन कॉपी (20KB, 50KB, 100KB वाली) बनाकर फोन में एक फोल्डर में रख लीजिए. फिर चाहे SSO ID हो, कोई योजना का फॉर्म हो या कोई ऑनलाइन अकाउंट — हर बार दोबारा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी.

मोबाइल से फोटो का साइज़ कैसे कम करें (ऐप से)

पूरा तरीक़ा स्क्रीनशॉट के साथ नीचे दिया गया है. यह ऐप फ्री है, इंटरनेट के बिना भी चल जाती है और फोटो पर वॉटरमार्क नहीं लगाती — यही इसे फॉर्म भरने के लिए सबसे सुविधाजनक बनाता है. कमी यह है कि इसमें विज्ञापन दिखते हैं.

स्टेप 1. सबसे पहले QReduce Lite ऐप को इंस्टाल करके ओपन करें.

विज्ञापन

स्टेप 2. ऐसा इंटरफ़ेस दिखेगा जैसा नीचे इमेज में है. फोटो चुनने के लिए Choose Photo पर क्लिक करें.

Photo Ko KB Me Kaise Badle

स्टेप 3. मोबाइल की Gallery खुल जाएगी. परमिशन माँगे तो Allow कर दें और जिस फोटो का साइज़ कम करना है उसे चुनें.

Photo का Size कैसे कम करें

स्टेप 4. फोटो ऐप में आ जाएगी और ऊपर उसका असली साइज़ लिखा दिखेगा. नीचे वाले बॉक्स में लिखिए कि फोटो कितने KB की चाहिए — हमने 50 KB डाला है. फिर Compress पर क्लिक करें.

Photo Ki MB Kaise Kam Hoti Hai

स्टेप 5. कंप्रेस होना शुरू हो जायेगा और पूरा होने पर COMPRESS की जगह SAVED लिखा आ जायेगा. नई फाइल इंटरनल स्टोरेज के Download फोल्डर में मिलेगी — पुरानी फोटो वहीं की वहीं सुरक्षित रहती है.

Photo Ka Size Kaise Kam Kare Mobile Se

स्टेप 6. SAVED पर क्लिक करके देख लीजिए कि चेहरा साफ़ दिख रहा है या नहीं. धुंधला लगे तो वही फोटो दोबारा लेकर 50 की जगह 80-100 KB डाल दीजिए.

Photo Size Kam Kaise Kare

बिना ऐप के Online फोटो का साइज़ कम करें

फोन में जगह नहीं है या कोई ऐप इंस्टॉल नहीं करना — तो सीधे ब्राउज़र से काम हो जाता है. यहाँ हम ImageResizer.com इस्तेमाल कर रहे हैं, क्योंकि इसमें सीधे “कितने KB चाहिए” डालने का बॉक्स मिलता है और वॉटरमार्क नहीं लगता. ऐसी और भी काम की वेबसाइट्स हैं, पर काम सबका यही है.

एक सावधानी: ऑनलाइन टूल पर फोटो उनके सर्वर पर अपलोड होती है. सामान्य पासपोर्ट फोटो के लिए यह ठीक है, लेकिन आधार, मार्कशीट, बैंक पासबुक या किसी पहचान-पत्र की स्कैन कॉपी का साइज़ कम करना हो तो ऑनलाइन साइट की जगह ऊपर वाली ऑफ़लाइन ऐप इस्तेमाल कीजिए.

1. मोबाइल के Chrome ब्राउज़र में वेबसाइट खोलें.

2. Select Image पर क्लिक करके वे फोटो चुनें जिनका साइज़ कम करना है.

JPG Photo Ka Size Kaise Kam Kiya Jata Hai Online

3. गैलरी खुलेगी. एक से ज़्यादा फोटो भी चुनी जा सकती हैं. चुनने के बाद ऊपर सही के निशान पर क्लिक करें.

फोटो साइज कनवर्टर

4. बड़ी इमेज अपलोड होने में थोड़ा समय ले सकती है. उसके बाद नीचे Resize पर क्लिक करें.

Photo Ka Size Kam Kare Online

5. फॉर्म में pixel भी माँगे गए हों तो Width और Height वहीं भर दीजिए. सिर्फ़ KB घटाना है तो Target File Size में नंबर डालिए (जैसे 50) और नीचे Resize दबा दीजिए.

20 to 50 KB Photo Size Converter

6. पूरा होने पर Download Image पर क्लिक कर दें. नीचे Output सेक्शन में नया साइज़ लिखा रहता है — उसे पढ़कर ही डाउनलोड कीजिए, वरना कई बार फाइल माँगे गए KB से ऊपर ही रह जाती है.

50 KB Photo Kaise Banaye Online

बिना कुछ इंस्टॉल किए: WhatsApp वाला जुगाड़

यह तरीक़ा किसी गाइड में कम मिलता है, पर काम का है. WhatsApp हर फोटो को भेजते समय ख़ुद दबा देता है. अपने ही नंबर वाली चैट (Message Yourself) खोलिए, फोटो भेजिए, फिर उसी फोटो को डाउनलोड करके गैलरी से उठा लीजिए — 4MB वाली तस्वीर अक्सर 100-200 KB की रह जाती है.

इसकी सीमा भी साफ़ है: आप तय नहीं कर सकते कि कितने KB की बनेगी, और 20-50 KB तक यह नहीं ले जायेगा. इसलिए इसे “फाइल बहुत बड़ी है” वाली दिक़्क़त के लिए इस्तेमाल कीजिए, सटीक KB वाले फॉर्म के लिए नहीं. भेजते समय Document की जगह सामान्य फोटो वाला तरीक़ा ही चुनिए — Document से भेजने पर फाइल दबती नहीं.

विज्ञापन

Android की Gallery से ही फोटो छोटी करना

कई फोनों की अपनी गैलरी में भी यह सुविधा रहती है, बस नाम अलग-अलग होते हैं:

  • Samsung: Gallery में फोटो खोलिए → Edit → ऊपर तीन बिंदु → Resize. यहाँ प्रतिशत में छोटा किया जाता है.
  • Xiaomi / Redmi और Realme: Gallery → Edit → Crop में फोटो काटकर भी फाइल काफ़ी हल्की हो जाती है.
  • कोई भी Android: फोटो का स्क्रीनशॉट ले लीजिए और उसे क्रॉप कर लीजिए. स्क्रीनशॉट आपकी स्क्रीन जितने pixel का ही बनता है, इसलिए फाइल अपने-आप काफ़ी छोटी हो जाती है. फॉर्म के लिए यह आख़िरी उपाय है, क्योंकि क्वालिटी पर असर पड़ता है.

Google Photos में “साइज़ कम करने” का कोई सीधा बटन नहीं है — वहाँ जो Storage saver विकल्प है वह सिर्फ़ Google के सर्वर पर रखी कॉपी को छोटा करता है, आपके फोन की फाइल को नहीं. इसीलिए फॉर्म भरने के काम में वह मदद नहीं करता.

iPhone में फोटो का साइज़ कैसे कम करें

iPhone वालों के साथ पहली दिक़्क़त साइज़ की नहीं, फ़ॉर्मेट की होती है. iPhone तस्वीरें HEIC फ़ॉर्मेट में सेव करता है और ज़्यादातर सरकारी पोर्टल सिर्फ़ JPG/JPEG लेते हैं — इसीलिए अपलोड करते ही “invalid file” वाली गलती आती है.

  1. पहले Settings → Camera → Formats → Most Compatible चुन लीजिए. इसके बाद खींची गई तस्वीरें JPG में ही सेव होंगी.
  2. पुरानी HEIC फोटो को JPG बनाना हो तो उसे खोलकर Share → Copy Photo कीजिए और Files ऐप में पेस्ट कर दीजिए — वह JPG बनकर सेव होती है.
  3. अब साइज़ घटाने के लिए ब्राउज़र में ImageResizer वाला तरीक़ा अपनाइए, या Shortcuts ऐप में “Resize Image” वाला छोटा शॉर्टकट बना लीजिए.
  4. जल्दी में हों तो फोटो को Mail ऐप से अपने ही ईमेल पर भेजिए — भेजते समय iPhone Small / Medium / Large चुनने को पूछता है. Small चुनकर भेजी हुई फोटो ईमेल से वापस डाउनलोड कर लीजिए.

PC में इमेज Resize कैसे करें (Convert MB to KB)

कंप्यूटर में यह काम दो हिस्सों में होता है — पहले Windows Photos से dimension घटाइए, फिर ज़रूरत पड़े तो एक कंप्रेस वाली साइट से फाइल हल्की कर लीजिए. फोटो फोन में है तो पहले उसे कंप्यूटर में ट्रांसफर कर लीजिए.

1. कंप्यूटर का फाइल एक्स्प्लोरर (This PC) खोलें.

2. जिस फाइल का साइज़ कम करना है उस पर Left-Click करके उसे सेलेक्ट करें.

Photo Ka Size Kaise Kam Kare Online

3. ऊपर Open पर क्लिक करके Photos चुनें.

Photo Ko KB Me Convert App Kya Hota Hai

4. Windows Photos में फोटो खुल जाएगी. ऊपर तीन बिंदु पर क्लिक करके Resize Image चुनें.

Photo Ka Size Kam Karne Wala Apps

5. पॉप-अप में उस इमेज का Width और Height दिखेगा. Width वाले बॉक्स में 500 लिख दीजिए (लंबाई अपने-आप उसी अनुपात में बदल जाएगी) और Save करके किसी फोल्डर में रख लीजिए. फाइल का नाम अंग्रेज़ी में और बिना स्पेस के रखिए, जैसे photo50kb.jpg.

Photo Ko Resize Kaise Karte Hain

6. Width 500 करने के बाद भी फाइल 50KB से बड़ी है तो उसे कंप्रेस करना पड़ेगा. गूगल में compress jpg लिखकर सर्च करें.

विज्ञापन

7. नीचे इमेज में दिख रही वेबसाइट (CompressJPEG.com) खोलें.

Photo Ko Compress Kaise Karte Hain

8. Upload Files पर क्लिक करके resize हो चुकी इमेज अपलोड करें, फिर Download दबाकर नई फाइल ले लें.

Image Ko Compress Karne Ka Tarika

Windows में एक और छोटा रास्ता Paint है: फोटो को Paint में खोलिए → Resize → Percentage में 50 → फिर File → Save as → JPEG. PNG फाइल को JPEG में सेव करने भर से ही साइज़ अक्सर आधे से कम रह जाता है.

सिग्नेचर का साइज़ 10-20 KB कैसे करें

सिग्नेचर के साथ अलग दिक़्क़त आती है — दस्तख़त तो छोटे होते हैं, पर फोटो खींचते समय आधा पन्ना साथ आ जाता है, इसलिए फाइल भारी बनती है और दस्तख़त धुंधले दिखते हैं. सही तरीक़ा यह है:

  1. सफ़ेद काग़ज़ पर काले या नीले पेन से दस्तख़त कीजिए (पेंसिल कभी नहीं) और अच्छी रोशनी में सीधे ऊपर से फोटो खींचिए, परछाईं न आए.
  2. गैलरी में जाकर उसे crop कीजिए — सिर्फ़ दस्तख़त वाला हिस्सा बचे, आसपास का काग़ज़ नहीं. यहीं फाइल आधी से कम हो जाती है.
  3. अब QReduce Lite या ImageResizer में target size 20 KB डालकर कंप्रेस कीजिए. बहुत से फॉर्म 10 KB माँगते हैं — उसके लिए पहले चौड़ाई 140 pixel के आसपास कर लीजिए, फिर कंप्रेस कीजिए.
  4. आख़िर में फाइल खोलकर देख लीजिए कि दस्तख़त साफ़ पढ़ा जा रहा है. धुंधला सिग्नेचर फॉर्म रिजेक्ट होने की आम वजह है.

PDF का साइज़ कैसे कम करें

कई फॉर्म में मार्कशीट या प्रमाणपत्र PDF में और 200-500 KB के अंदर माँगे जाते हैं. इमेज वाला टूल यहाँ काम नहीं आएगा — इसके लिए ilovepdf.com या smallpdf.com का Compress PDF विकल्प इस्तेमाल कीजिए, जो ब्राउज़र में ही चल जाता है.

एक ज़्यादा भरोसेमंद रास्ता यह है कि पहले हर पन्ने की फोटो का साइज़ ऊपर बताए तरीक़े से कम कीजिए और फिर उन्हें PDF बनाइए — तब PDF अपने-आप हल्की बनती है. यह कैसे करना है, यह फोटो को PDF कैसे बनाएं में स्टेप बाय स्टेप दिया गया है. बनी हुई PDF में कुछ बदलना हो तो PDF एडिट कैसे करें देख लीजिए.

फोटो अपलोड न हो तो — 6 आम गलतियाँ

  • फ़ॉर्मेट ग़लत है. फॉर्म JPG माँग रहा है और आपकी फाइल PNG, WEBP या HEIC है. नाम के आख़िर में .jpg ही होना चाहिए — सिर्फ़ नाम बदलने से नहीं, दोबारा JPEG में सेव करने से.
  • साइज़ बहुत ज़्यादा घटा दिया. कई पोर्टल में नीचे की भी सीमा होती है, जैसे “10KB से 50KB के बीच”. 4KB की फाइल भी रिजेक्ट होती है.
  • फाइल के नाम में स्पेस, हिंदी या ख़ास चिह्न हैं. नाम अंग्रेज़ी में और बिना स्पेस के रखिए.
  • pixel की शर्त पूरी नहीं हुई. KB ठीक है पर फोटो 200 × 230 की जगह 900 × 1200 की है. Width/Height वाले बॉक्स में वही नंबर डालिए जो फॉर्म में लिखा है.
  • पुरानी वाली फाइल चुन ली. कंप्रेस हुई फाइल Download फोल्डर में जाती है, गैलरी की पहली तस्वीर नहीं. अपलोड करते समय फोल्डर देखकर चुनिए.
  • ब्राउज़र की गड़बड़. Chrome में न चढ़े तो एक बार डेस्कटॉप मोड बंद करके, या दूसरे ब्राउज़र से कोशिश कीजिए — सरकारी पोर्टल अक्सर पुराने ढंग से बने होते हैं.

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

50 KB फोटो ऑनलाइन कैसे बनाये?

मोबाइल के ब्राउज़र में ImageResizer.com खोलिए, Select Image से फोटो चुनिए, Resize पर क्लिक कीजिए और Target File Size में 50 लिख दीजिए. फिर नीचे Resize दबाकर Download Image कर लीजिए. डाउनलोड करने से पहले Output में लिखा नया साइज़ एक बार पढ़ लीजिए.

क्या साइज़ कम करने पर फोटो की क्वालिटी कम होती है?

हाँ, थोड़ी कम होती है — यही compression का मतलब है. फर्क यह है कि 50KB तक यह अंतर आँख से लगभग नहीं दिखता, जबकि 20KB से नीचे जाने पर चेहरा दानेदार दिखने लगता है. नुकसान कम करने का तरीका यह है कि पहले फोटो की चौड़ाई घटाइए, फिर compress कीजिए.

मैं फ्री में फोटो का साइज कैसे कम कर सकता हूं?

दोनों तरीके फ्री हैं — मोबाइल में QReduce Lite ऐप, और बिना ऐप के ImageResizer.com या tinypng.com जैसी वेबसाइट. कंप्यूटर में Windows Photos के Resize Image से चौड़ाई घटाकर, फिर CompressJPEG जैसी साइट से फाइल हल्की की जा सकती है. किसी के लिए पैसे देने की जरूरत नहीं है.

फोटो को 20 KB में कैसे बदलें?

सीधे 20 KB पर दबाने से फोटो धुंधली हो जाती है. पहले फोटो की चौड़ाई घटाकर 300-400 pixel कीजिए, फिर QReduce Lite या ImageResizer में target size 20 KB डालिए. इसके बाद फाइल खोलकर देख लीजिए कि चेहरा पहचान में आ रहा है — न आए तो फॉर्म की ऊपरी सीमा तक (जैसे 50KB) रहना बेहतर है.

मोबाइल से फोटो का MB कम कैसे करें बिना ऐप के?

ब्राउज़र में ImageResizer.com खोलकर target file size डाल दीजिए — कुछ भी इंस्टॉल नहीं करना पड़ेगा. बहुत जल्दी में हों तो फोटो को WhatsApp में Message Yourself पर भेजकर वापस डाउनलोड कर लीजिए; WhatsApp उसे अपने आप दबा देता है, हालांकि कितने KB की बनेगी यह आप तय नहीं कर सकते.

iPhone की फोटो फॉर्म में अपलोड क्यों नहीं होती?

क्योंकि iPhone तस्वीरें HEIC फॉर्मेट में सेव करता है और ज्यादातर सरकारी पोर्टल सिर्फ JPG/JPEG लेते हैं. Settings → Camera → Formats में Most Compatible चुन लीजिए, इसके बाद खींची गई फोटो JPG में सेव होंगी. पुरानी फोटो के लिए उसे Share → Copy Photo करके Files ऐप में पेस्ट कर दीजिए.

किसी ख़ास फॉर्म में फोटो अटक रही हो तो कमेंट में उस पोर्टल का नाम और जो शर्त लिखी है (KB और pixel) दोनों लिख दीजिए — उसी हिसाब से बता देंगे कि कौन-सा तरीक़ा चलेगा.

विज्ञापन

इन्हें भी पढ़ें:

  1. फोटो का बैकग्राउंड फ्री में कैसे हटाएँ
  2. Google पर फोटो कैसे डालें
  3. Kutumb App क्या है
  4. Angel One App Kya Hai
  5. Logo कैसे बनाये
  6. YouTube पर वीडियो कैसे अपलोड करें
  7. गाड़ी नंबर से मालिक का नाम कैसे पता करें
  8. मोबाइल नंबर से लोकेशन का सच क्या है
  9. ऐप से पैसे कैसे कमाएं

Hindi Sink को फॉलो करें

@hindisinkofficial

नई Pocket FM कहानियों, स्टोरी गाइड और ताज़ा अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

विज्ञापन
🔒 Link Safety Checker — कोई भी link safe है या नहीं, यहाँ जाँचें