Snapchat kya hai — सीधे शब्दों में, SnapChat एक फ्री मैसेजिंग ऐप है जिसमें भेजी गई फोटो, वीडियो और चैट देख लेने के बाद अपने आप मिट जाती हैं — यही इसे WhatsApp और Instagram से अलग बनाता है. भेजी गई हर फोटो या वीडियो को यहाँ Snap कहते हैं, और अंग्रेजी में snap का मतलब ही होता है झटपट खींची गई तस्वीर. यही नाम पूरे ऐप पर चल पड़ा.
नीचे पूरा तरीका है: ऐप डाउनलोड करके आईडी कैसे बनती है, स्क्रीन के कौन-से हिस्से में क्या होता है, फोटो-वीडियो-स्टोरी कैसे भेजते हैं, स्ट्रीक (🔥) का असली मतलब क्या है, Snap Map से अपनी लोकेशन कैसे छुपाएँ, और क्या यह ऐप बच्चों के लिए सुरक्षित है. लैपटॉप पर चलाने और एक फोन में दो अकाउंट रखने वाले सवालों का सीधा जवाब भी आखिर में है.

लेख की रूपरेखा — 29 विषय
- SnapChat क्या है और “Snap” का हिंदी में मतलब क्या होता है
- स्नैपचैट डाउनलोड कैसे करें
- SnapChat की आईडी कैसे बनाते हैं
- स्नैपचैट कैसे चलाएँ — स्क्रीन का पूरा नक्शा
- स्नैपचैट स्ट्रीक (🔥) क्या होती है और कैसे टूटती है
- SnapChat के मुख्य फीचर्स
- Snap Map पर अपनी लोकेशन कैसे छुपाएँ (Ghost Mode)
- क्या SnapChat सेफ है?
- Snapchat+ क्या है और इसमें क्या मिलता है
- लैपटॉप या कंप्यूटर में Snapchat कैसे चलाएँ
- एक फोन में दो Snapchat कैसे चलाएँ
- कुछ जरूरी SnapChat नियम
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
- Snap का हिंदी में मतलब क्या होता है?
- स्नैपचैट कौन से देश का ऐप है और किसने बनाया?
- स्नैपचैट स्ट्रीक क्या होती है और कैसे टूटती है?
- क्या स्नैपचैट सेफ है, खासकर बच्चों के लिए?
- SnapChat पर किसी को ब्लॉक कैसे करें?
- SnapChat वीडियो डाउनलोड कैसे करें?
- क्या स्नैपचैट पर स्क्रीनशॉट लेने पर सामने वाले को पता चलता है?
- स्नैपचैट चलाने में कितना डेटा और पैसा लगता है?
- Snapchat ka matlab kya hai?
- Snapchat kaise chalate hain?
- Hindi Sink को फॉलो करें
SnapChat क्या है और “Snap” का हिंदी में मतलब क्या होता है
स्नैपचैट अमेरिका की कंपनी Snap Inc. का बनाया हुआ सोशल मैसेजिंग ऐप है, जिसे 2011 में इवान स्पीगल, बॉबी मर्फी और रेगी ब्राउन ने शुरू किया था. बाकी सोशल नेटवर्किंग ऐप्स में आप जो डालते हैं वह सालों पड़ा रहता है; स्नैपचैट इसका उल्टा है — यहाँ सब कुछ कुछ ही देर में मिट जाने के लिए बना है.
शब्द का मतलब समझ लीजिए, क्योंकि यही सवाल सबसे ज्यादा पूछा जाता है. अंग्रेजी में snap के दो मतलब हैं — चुटकी बजाने या किसी चीज के चटकने की आवाज, और झटपट खींची गई फोटो. स्नैपचैट में इसका दूसरा मतलब चलता है: ऐप के कैमरे से खींची गई और किसी को भेजी गई फोटो या वीडियो ही Snap है. और Snapchat का सीधा अर्थ हुआ — “झटपट फोटो के जरिए बातचीत”.
जो Snap आप किसी को भेजते हैं, वह उसके देख लेने के तुरंत बाद या 24 घंटे में (यह आप खुद चुन सकते हैं) चैट से हट जाता है. यही वजह है कि प्राइवेसी की फिक्र करने वालों को यह ऐप पसंद आता है. दूसरी बड़ी वजह इसके फिल्टर और lenses हैं, जो Facebook या Instagram में उस स्तर पर नहीं मिलते.
स्नैपचैट डाउनलोड कैसे करें
SnapChat एंड्राइड और iOS दोनों के लिए फ्री है. Play Store या App Store में Snapchat लिखकर सर्च कीजिए — पीले रंग का भूत (ghost) वाला आइकन वही असली ऐप है. नीचे दिए सीधे लिंक से भी जा सकते हैं. किसी वेबसाइट से Snapchat की APK डाउनलोड मत कीजिए; ऐसी फाइलों में अक्सर लॉगिन चुराने वाला कोड होता है, और किसी भी लिंक की सुरक्षा जाँचने का तरीका पहले पढ़ लेना बेहतर है.
SnapChat की आईडी कैसे बनाते हैं
1. सबसे पहले SnapChat ऐप को इनस्टॉल करके ओपन करें.
2. ऐप खुलने पर ऐसा इंटरफ़ेस मिलेगा. यहाँ Sign Up पर टैप करें.

3. ऐप को कैमरा, माइक और स्टोरेज की परमिशन चाहिए. Continue दबाकर Allow करते जाएँ. कॉन्टैक्ट की परमिशन अभी न भी दें तो ऐप चलता है — यह सिर्फ दोस्त ढूंढने के लिए मांगी जाती है.

4. अपना नाम डालें और Continue पर टैप करें.

5. जन्मतिथि चुनें. यहाँ सही तारीख डालिए — Snapchat उम्र के हिसाब से कुछ फीचर बंद रखता है, और गलत उम्र डालने पर बाद में बदलना आसान नहीं होता.

6. Snapchat खुद एक username सुझाता है. पसंद न आए तो Change my username पर टैप करके अपनी मर्जी का नाम रखें. ध्यान रहे, Snapchat का username साल में सिर्फ एक बार बदला जा सकता है, इसलिए सोच-समझकर रखिए. (Instagram में username बदलने का नियम इससे अलग है — वहाँ जितनी बार चाहें बदल सकते हैं.)

7. लॉगिन के लिए पासवर्ड बनाएँ — कम से कम 8 अक्षर, जिसमें अंक और सिंबल भी हों. यही पासवर्ड नया फोन लेने पर काम आएगा.

8. मोबाइल नंबर डालकर Finish दबाएँ; OTP ऐप खुद पढ़ लेता है. नंबर नहीं देना चाहते तो Use email address instead पर टैप करके ईमेल आईडी से भी अकाउंट बन जाता है.

9. अब ऐप दोस्त जोड़ने को कहेगा. +Add 5 Friends से जोड़ सकते हैं या ऊपर Skip दबाकर आगे बढ़ सकते हैं.

10. इसके बाद Bitmoji यानी कार्टून वाला अवतार बनाने का विकल्प आता है. Continue दबाकर बना लीजिए या Skip कर दीजिए — बाद में प्रोफाइल से कभी भी बन जाता है.

11. बस, आईडी तैयार है. स्टोरेज की परमिशन देते ही कैमरा स्क्रीन खुल जाएगी, और यही स्नैपचैट का होम है.

स्नैपचैट कैसे चलाएँ — स्क्रीन का पूरा नक्शा
पहली बार खोलने पर स्नैपचैट उलझा हुआ लगता है, क्योंकि यहाँ कोई फीड नहीं है — सीधे कैमरा खुलता है. समझने का सबसे आसान तरीका यह है कि नीचे की पट्टी के पाँच हिस्सों को याद कर लें: बाएँ से Map, Chat, बीच में Camera, फिर Stories और सबसे दाएँ Spotlight. कैमरा स्क्रीन से बाएँ-दाएँ स्वाइप करके भी इन्हीं के बीच आया-जाया जाता है.

दोस्तों को कैसे जोड़ें
ऊपर बाएँ अपनी प्रोफाइल पर टैप करके Add Friends में जाइए. यहाँ तीन रास्ते मिलते हैं — username से सीधे search करना, फोन की कॉन्टैक्ट लिस्ट से जोड़ना, और Snapcode स्कैन करना. Snapcode वह पीला कोड है जो हर प्रोफाइल पर दिखता है; सामने वाले के फोन पर कैमरा ले जाकर स्क्रीन दबाए रखिए, दोस्ती जुड़ जाएगी. Quick Add में ऐप खुद सुझाव देता है, पर वहाँ अनजान लोग भी आते हैं — बिना पहचाने किसी को मत जोड़िए.
SnapChat पर फोटो कैसे खींचें
कैमरा स्क्रीन पर गोल बटन एक बार दबाइए, फोटो खिंच जाएगी. उससे पहले चेहरे पर टैप करके कोई lens या फ़िल्टर चुन सकते हैं. फोटो खींचने के बाद ऊपर-दाएँ के आइकनों से कैप्शन, स्टिकर, ड्रॉइंग, म्यूजिक और टाइमर लगाइए, फिर Next दबाकर दोस्तों को भेजिए या स्टोरी में डालिए.

नीचे-बाएँ वाले Save आइकन से फोटो Memories में चली जाती है, जो सिर्फ आपको दिखती है. भेजी हुई फोटो अपने आप गैलरी में सेव नहीं होती — यह याद रखना जरूरी है.
SnapChat पर वीडियो कैसे बनाएँ
गोल बटन को दबाए रखिए, रिकॉर्डिंग चालू हो जाएगी. एक बार में करीब 60 सेकंड तक रिकॉर्ड होता है, जिसे ऐप 10-10 सेकंड के हिस्सों में बाँटकर भेजता है — यानी 30 सेकंड का वीडियो तीन स्नैप बनकर जाएगा और देखने वाले को लगातार चलता दिखेगा. रिकॉर्डिंग के बाद ऊपर स्वाइप करके फ़िल्टर, साउंड, स्टिकर और कैप्शन जोड़ सकते हैं. लंबा और ठीक से एडिट किया वीडियो चाहिए तो पहले CapCut से वीडियो एडिट करके Memories से अपलोड कर दीजिए.
SnapChat पर चैट कैसे करें
कैमरा स्क्रीन से दाईं ओर स्वाइप कीजिए या नीचे Chat पर टैप कीजिए. दोस्त के नाम पर टैप करके मैसेज लिखिए. डिफ़ॉल्ट रूप से मैसेज देख लेने के बाद मिट जाता है; चैट में नाम पर देर तक दबाकर Chat Settings → Delete Chats में जाकर इसे “24 hours after viewing” में बदला जा सकता है. किसी एक मैसेज को हमेशा के लिए रखना हो तो उस पर देर तक दबाकर Save in Chat चुनिए — वह ग्रे रंग का हो जाएगा और मिटेगा नहीं. वॉइस और वीडियो कॉल भी इसी स्क्रीन से होती है. जरूरी चैट का बैकअप यहाँ नहीं बनता, इसलिए काम की बात Snapchat पर करना ठीक नहीं.
SnapChat पर स्टोरी कैसे लगाएँ
फोटो या वीडियो बनाकर, उसे सजाकर Next दबाइए और My Story चुन लीजिए. स्टोरी 24 घंटे तक रहती है और वही लोग देख पाते हैं जो आपकी फ्रेंड लिस्ट में हैं. My Public Story चुनने पर वही स्टोरी सबके लिए खुल जाती है और Discover में पहुँच सकती है, जिससे व्यूज ज्यादा मिलते हैं — पर तब अनजान लोग भी आपको देख सकते हैं, यह ध्यान रखिए.

स्टोरी में लिंक भी लगाया जा सकता है — पेपरक्लिप वाले आइकन पर टैप करके अपने यूट्यूब चैनल, वेबसाइट या किसी प्रोडक्ट का पता चिपका दीजिए. Instagram में स्टोरी लगाने का तरीका इससे थोड़ा अलग है.

स्नैपचैट स्ट्रीक (🔥) क्या होती है और कैसे टूटती है
चैट लिस्ट में किसी दोस्त के नाम के आगे 🔥 और एक नंबर दिखे, तो वह Snapstreak है. मतलब — आप दोनों लगातार इतने दिनों से हर 24 घंटे के भीतर एक-दूसरे को स्नैप भेज रहे हैं. लगातार तीन दिन स्नैप की अदला-बदली होने पर यह शुरू होती है.
- स्ट्रीक सिर्फ Snap से बनती है. सिर्फ टेक्स्ट चैट करने से यह नहीं चलती — यही सबसे आम गलतफहमी है.
- दोनों तरफ से स्नैप जाना जरूरी है. आप भेजते रहें और सामने वाला न भेजे, तो 24 घंटे बाद स्ट्रीक खत्म.
- नाम के आगे ⌛ (hourglass) दिखने लगे तो समझिए समय खत्म होने वाला है — तुरंत स्नैप भेज दीजिए.
- Group chat के स्नैप और Memories से भेजी पुरानी फोटो स्ट्रीक में नहीं गिनी जातीं.
- स्ट्रीक टूट जाए तो Snapchat की सपोर्ट साइट पर एक फॉर्म भरकर उसे वापस मांगा जा सकता है. यह हर बार नहीं मिलती, और ऐसा दावा करने वाली बाहरी वेबसाइट या ऐप सिर्फ लॉगिन चुराने के लिए बनी होती हैं.
सीधी बात — स्ट्रीक का कोई इनाम नहीं मिलता, न ही यह दोस्ती का पैमाना है. स्कूल-कॉलेज में इसका दबाव काफी बन जाता है, इसलिए यह जान लेना जरूरी है कि यह बस एक गिनती है.
SnapChat के मुख्य फीचर्स
Filters और Lenses: कैमरा स्क्रीन पर चेहरे को टैप करते ही lenses की लंबी कतार खुल जाती है — चेहरा बदलने वाले, बैकग्राउंड बदलने वाले, उम्र घटाने-बढ़ाने वाले. इनमें से ज्यादातर दूसरे यूजर्स ने बनाए हैं, इसीलिए इनकी गिनती लाखों में है और दूसरे सोशल ऐप्स इस मामले में पीछे रह जाते हैं.
Explore: lenses का पूरा बाजार. यहाँ ट्रेंडिंग इफेक्ट और उन्हें बनाने वाले क्रिएटर मिलते हैं, जिन्हें फॉलो किया जा सकता है.
Bitmoji: आपकी शक्ल का कार्टून अवतार, जो प्रोफाइल फोटो की जगह लेता है और चैट में स्टिकर बनकर भी आता है. प्रोफाइल → Create Bitmoji से बनता है, और कपड़े-चश्मा-दाढ़ी सब बदले जा सकते हैं.
Snap Map: नक्शे पर दिखता है कि आपके दोस्त इस वक्त कहाँ हैं. पीले-लाल धब्बे वहाँ दिखते हैं जहाँ लोगों ने पब्लिक स्टोरी डाली है. यही फीचर सबसे ज्यादा चिंता की वजह भी है — इसे बंद करने का तरीका अगले सेक्शन में है.

Stories: दोस्तों और पब्लिक अकाउंट्स की 24 घंटे वाली स्टोरीज एक ही जगह. किसी स्टोरी को सेव या आगे भेजा भी जा सकता है.

Spotlight: Reels और Shorts जैसा छोटे वीडियो वाला सेक्शन. यहाँ अपने शॉर्ट वीडियो डालकर नए लोगों तक पहुँचा जा सकता है, और दूसरों के वीडियो Share आइकन → Download से गैलरी में सेव किए जा सकते हैं.

Memories: Save किए गए सारे स्नैप यहीं जमा होते हैं और सिर्फ आपको दिखते हैं. इसी के Camera Roll टैब से फोन की गैलरी की फोटो भी किसी को भेजी जा सकती है.
My AI: चैट लिस्ट में सबसे ऊपर पिन रहने वाला चैटबॉट, जिससे सवाल पूछे जा सकते हैं. यह आपकी बातें Snapchat के सर्वर पर भेजता है, इसलिए इसे अपना पता, स्कूल, फोन नंबर या कोई निजी जानकारी मत बताइए.
Scan: गूगल लेंस जैसा टूल — गाना पहचानना, कपड़े ढूंढना, गणित का सवाल हल करना और Snapcode स्कैन करना, सब इसी से होता है.
Director Mode और Stickers: Director Mode में ग्रीन स्क्रीन, टाइमलाइन एडिटिंग और स्पीड कंट्रोल जैसे टूल मिलते हैं, और स्टिकर हर त्योहार और मौके के लिए बने-बनाए तैयार रहते हैं.
Custom App Icon: प्रोफाइल से ऐप का आइकन बदलकर उसे पहचान से बाहर किया जा सकता है, पर यह Snapchat+ वालों को ही मिलता है. मुफ्त में ऐप को नजर से हटाना हो तो ऐप छुपाने का तरीका देख लीजिए.
Snap Map पर अपनी लोकेशन कैसे छुपाएँ (Ghost Mode)
यह इस पूरे लेख की सबसे काम की सेटिंग है. डिफ़ॉल्ट रूप से आपकी लोकेशन आपके दोस्तों को नक्शे पर दिखती है, और वह तब भी अपडेट होती रहती है जब ऐप बैकग्राउंड में हो.
- नीचे-बाएँ Map आइकन पर टैप करें.
- ऊपर-दाएँ ⚙ (Settings) दबाएँ.
- Ghost Mode ऑन कर दें. यहाँ चुनना होता है कि यह कितनी देर चले — 3 घंटे, 24 घंटे, या जब तक आप खुद बंद न करें. आखिरी वाला चुनिए.
- चाहें तो Ghost Mode के बिना भी My Location → Select Friends से तय कर सकते हैं कि लोकेशन सिर्फ चुने हुए लोगों को दिखे.
बच्चों के फोन में तो यह सबसे पहले करने वाला काम है. साथ में Settings → Who Can… → Contact Me / See My Location / See My Story को भी My Friends पर सेट कर दीजिए.
क्या SnapChat सेफ है?
बालिग यूजर के लिए ऐप अपने आप में सुरक्षित है — लॉगिन में two-factor authentication लगाया जा सकता है, और स्नैप देख लेने के बाद हट जाते हैं. दिक्कत ऐप से नहीं, इसकी दो आदतों से आती है: अनजान लोगों से जुड़ना, और यह मान लेना कि भेजी गई चीज हमेशा के लिए मिट जाती है.
- “मिट जाता है” का मतलब सुरक्षित नहीं है. सामने वाला स्क्रीनशॉट ले सकता है या दूसरे फोन से फोटो खींच सकता है. Snapchat स्क्रीनशॉट लेने पर सूचना जरूर भेजता है, पर तब तक तस्वीर बच चुकी होती है. कोई भी ऐसी फोटो मत भेजिए जिसका बाहर आना आप बर्दाश्त न कर सकें.
- अनजान friend requests: Quick Add और पब्लिक स्टोरी के रास्ते अनजान लोग आसानी से पहुँच जाते हैं. ब्लैकमेल के ज्यादातर मामले यहीं से शुरू होते हैं — अनजान से बात शुरू, फिर निजी फोटो की मांग. साफ नियम रखिए: जिसे असल जिंदगी में नहीं जानते, उसे जोड़ना ही नहीं है.
- बच्चों के लिए: Play Store पर ऐप 12+ रेटिंग के साथ है और Discover का कंटेंट फिल्टर नहीं होता. Snapchat का Family Center इसी के लिए है — माता-पिता देख सकते हैं कि बच्चा किन लोगों से बात कर रहा है (मैसेज नहीं दिखते) और शिकायत भी कर सकते हैं.
- लॉगिन की सुरक्षा: Settings → Two-Factor Authentication जरूर चालू कीजिए, और कभी किसी “Snapchat score बढ़ाने” या “streak वापस लाने” वाली साइट पर अपना पासवर्ड मत डालिए.
Snapchat+ क्या है और इसमें क्या मिलता है
Snapchat+ ऐप का पेड (subscription) वर्जन है. इसमें कुछ अतिरिक्त चीजें मिलती हैं — यह देखना कि आपकी स्टोरी किसने दोबारा देखी, किसी दोस्त को #1 BFF के रूप में पिन करना, ऐप का आइकन बदलना, प्रोफाइल पर खास बैज, और नए फीचर सबसे पहले आजमाने का मौका.
कीमत देश और प्लान (मासिक या सालाना) के हिसाब से अलग-अलग है और समय-समय पर बदलती रहती है, इसलिए यहाँ कोई आंकड़ा लिखना ठीक नहीं होगा — ऐप में प्रोफाइल → Snapchat+ पर जाइए, वहाँ रुपये में मौजूदा कीमत और चल रहा free trial साफ दिख जाएगा. सच कहें तो जो चीजें इसमें मिलती हैं, वे ज्यादातर दिखावे की हैं; ऐप का असली काम बिना पैसे दिए पूरा चल जाता है.
लैपटॉप या कंप्यूटर में Snapchat कैसे चलाएँ
Snapchat का आधिकारिक वेब वर्जन web.snapchat.com पर है, जो Chrome या Edge में खुलता है और उसमें चैट तथा वीडियो कॉल चलती हैं. लेकिन यह हर देश और हर अकाउंट में उपलब्ध नहीं होता — पहले खोलकर लॉगिन करके देख लीजिए. वेब पर lenses और स्ट्रीक वाले पूरे फीचर वैसे भी नहीं मिलते.
लॉगिन न हो तो दूसरा रास्ता BlueStacks जैसे एंड्राइड एमुलेटर का है, पर इसमें दो दिक्कतें हैं: Snapchat एमुलेटर पर लॉगिन को अक्सर संदिग्ध मानकर अकाउंट अस्थायी रूप से लॉक कर देता है, और लैपटॉप का वेबकैम होने पर भी स्नैप की क्वालिटी फोन जैसी नहीं आती. रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए फोन ही सही रास्ता है.
एक फोन में दो Snapchat कैसे चलाएँ
Snapchat खुद एक ऐप में दो अकाउंट का विकल्प नहीं देता — WhatsApp की तरह “Add account” यहाँ नहीं है. जो लोग दो चला रहे हैं, वे फोन की क्लोनिंग सुविधा इस्तेमाल करते हैं: Xiaomi में Dual apps, Samsung में Dual Messenger, और Oppo/Realme/Vivo में App Clone. सेटिंग्स में इन्हीं नामों से सर्च कीजिए, Snapchat का टॉगल ऑन कीजिए, और दूसरी कॉपी बन जाएगी.
ईमानदार चेतावनी: Snapchat ऐसे क्लोन और बाहरी “dual space” ऐप्स को पसंद नहीं करता. दूसरे अकाउंट से बार-बार लॉगआउट होना, या लॉगिन पर वेरिफिकेशन मांगा जाना आम बात है, और तीसरी कंपनी के ऐप से लॉगिन करने पर अकाउंट स्थायी रूप से बंद भी हो सकता है. दो अकाउंट सच में जरूरी हों तो फोन की अपनी क्लोनिंग सुविधा ही इस्तेमाल कीजिए, बाहरी ऐप नहीं.
कुछ जरूरी SnapChat नियम
- किसी व्यक्ति, समूह या संपत्ति को नुकसान पहुँचाने से जुड़ा Snap डालना मना है.
- किसी को डराने, धमकाने या परेशान करने वाला कंटेंट भेजना मना है.
- जानवरों के साथ क्रूरता या खुद को नुकसान पहुँचाने से जुड़ा कोई Snap नहीं डाला जा सकता.
- Username साल में सिर्फ एक बार बदला जा सकता है.
- एक बार में करीब 60 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड होता है, जो 10-10 सेकंड के हिस्सों में बँट जाता है.
- चैट को हमेशा के लिए रखने का एक ही तरीका है — मैसेज पर देर तक दबाकर Save in Chat करना. बाकी सब मिट जाता है.
- अपना भेजा मैसेज डिलीट करने पर भी सामने वाले के फोन से वह कई बार नहीं हटता, और उसे सूचना जरूर मिल जाती है कि आपने कुछ हटाया है.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Snap का हिंदी में मतलब क्या होता है?
अंग्रेजी में snap के दो मतलब हैं — चुटकी बजाने या चटकने की आवाज, और झटपट खींची गई तस्वीर. स्नैपचैट में दूसरा मतलब चलता है: ऐप के कैमरे से खींचकर किसी को भेजी गई फोटो या वीडियो ही Snap कहलाती है. इसीलिए ऐप का नाम Snapchat पड़ा, यानी झटपट फोटो के जरिए बातचीत.
स्नैपचैट कौन से देश का ऐप है और किसने बनाया?
स्नैपचैट अमेरिका की कंपनी Snap Inc. का ऐप है. इसे 2011 में इवान स्पीगल, बॉबी मर्फी और रेगी ब्राउन ने मिलकर शुरू किया था; बाद में आपसी विवाद के चलते रेगी ब्राउन कंपनी से अलग हो गए. कंपनी का मुख्यालय कैलिफोर्निया में है.
स्नैपचैट स्ट्रीक क्या होती है और कैसे टूटती है?
चैट में दोस्त के नाम के आगे दिखने वाली 🔥 और नंबर का मतलब है कि आप दोनों लगातार उतने दिनों से हर 24 घंटे के अंदर एक-दूसरे को स्नैप भेज रहे हैं. यह लगातार तीन दिन स्नैप भेजने पर शुरू होती है. सिर्फ टेक्स्ट चैट से स्ट्रीक नहीं चलती, दोनों तरफ से स्नैप जाना जरूरी है. 24 घंटे में स्नैप न जाए तो यह टूट जाती है; ⌛ का निशान चेतावनी होता है कि समय खत्म होने वाला है.
क्या स्नैपचैट सेफ है, खासकर बच्चों के लिए?
बालिग यूजर के लिए ऐप सुरक्षित है, बशर्ते two-factor authentication चालू हो और अनजान लोगों को न जोड़ा जाए. बच्चों के मामले में सबसे पहले Snap Map में Ghost Mode ऑन कीजिए और Settings के “Who Can…” वाले सारे विकल्प My Friends पर सेट कर दीजिए. माता-पिता के लिए Snapchat में Family Center है, जिससे यह देखा जा सकता है कि बच्चा किन लोगों से बात कर रहा है — मैसेज नहीं दिखते.
SnapChat पर किसी को ब्लॉक कैसे करें?
कैमरा स्क्रीन से दाईं ओर स्वाइप करके चैट में आइए और उस दोस्त के नाम पर टैप कीजिए. ऊपर दिए थ्री-डॉट मेन्यू → Manage Friendship → Block पर जाकर उसे ब्लॉक कर सकते हैं. यहीं से Remove Friend और Report के विकल्प भी मिलते हैं.
SnapChat वीडियो डाउनलोड कैसे करें?
Spotlight के किसी भी वीडियो में दिए Share आइकन पर टैप कीजिए और Share to के नीचे दिख रहे Download आइकन पर टैप कीजिए — वीडियो गैलरी में सेव हो जाएगा. अपने बनाए स्नैप सेव करने हों तो भेजने से पहले नीचे-बाएँ Save आइकन दबाइए, वे Memories में चले जाएँगे.
क्या स्नैपचैट पर स्क्रीनशॉट लेने पर सामने वाले को पता चलता है?
हाँ. किसी स्नैप, चैट या स्टोरी का स्क्रीनशॉट लेने पर Snapchat भेजने वाले को सूचना भेज देता है और चैट में उसका निशान भी रह जाता है. स्क्रीन रिकॉर्डिंग पर भी ज्यादातर मामलों में यही होता है. इसीलिए यह मानकर चलिए कि स्नैपचैट पर भेजी कोई भी चीज पूरी तरह निजी नहीं है.
स्नैपचैट चलाने में कितना डेटा और पैसा लगता है?
ऐप डाउनलोड करना और चलाना पूरी तरह फ्री है; पैसा सिर्फ Snapchat+ लेने पर लगता है, जो जरूरी नहीं है. हाँ, यह ऐप कैमरा और वीडियो पर चलता है इसलिए मोबाइल डेटा तेजी से खर्च करता है. डेटा बचाना हो तो Settings में Travel Mode चालू कर दीजिए — इससे स्नैप और स्टोरी अपने आप लोड नहीं होंगे, टैप करने पर ही खुलेंगे.
कुल मिलाकर स्नैपचैट उन लोगों के लिए बना है जो रोजमर्रा की छोटी-छोटी चीजें बिना किसी रिकॉर्ड के दोस्तों से बाँटना चाहते हैं. शुरुआत करनी हो तो पहले दिन बस तीन काम कीजिए — आईडी बनाइए, Ghost Mode ऑन कीजिए, और दो-चार असली दोस्त जोड़कर एक स्नैप भेजकर देखिए. बाकी ऐप खुद समझ में आ जाता है. ऐप्स के ऐसे ही काम के रिव्यू App Review सेक्शन में और रोज काम आने वाले टॉप मोबाइल ऐप्स वाली सूची में मिलेंगे.
इन्हें भी पढ़ें:
- गाडी नंबर से मालिक का नाम कैसे पता करें
- SBI का बैलेंस कैसे चेक करें
- Google Tips and Tricks in Hindi
- Paypal अकाउंट कैसे बनाये
- फेसबुक में नाम कैसे चेंज करें
स्नैपचैट का कोई ऑप्शन आपके फोन में अलग जगह दिख रहा हो या कोई सवाल रह गया हो, तो कमेंट में लिख दीजिए — जाँचकर लेख में जोड़ देंगे.
Snapchat ka matlab kya hai?
Snapchat दो शब्दों से बना है: snap यानी झटपट खींची गई फोटो, और chat यानी बातचीत. इसलिए Snapchat का हिंदी में मतलब हुआ झटपट फोटो के जरिए बातचीत. ऐप में भेजी गई फोटो, वीडियो और चैट देख लेने के बाद अपने आप मिट जाती हैं, यही इसकी पहचान है.
Snapchat kaise chalate hain?
ऐप खोलते ही कैमरा खुलता है: गोल बटन एक बार दबाने पर फोटो और दबाए रखने पर वीडियो बनता है, फिर Next दबाकर दोस्त को भेजें या My Story में डालें. नीचे की पट्टी में बाएँ से Map, Chat, Camera, Stories और Spotlight हैं. दोस्त जोड़ने के लिए प्रोफाइल → Add Friends में username सर्च करें.






