मुख्य सामग्री पर जाएँ

SSO ID Kaise Banaye 2026 – राजस्थान SSO ID रजिस्ट्रेशन

SSO ID Kaise Banaye 2026 – राजस्थान SSO ID रजिस्ट्रेशन
विज्ञापन

SSO ID कैसे बनाएँ (SSO ID kaise banaye) — मोबाइल के ब्राउज़र में sso.rajasthan.gov.in खोलिए, Registration पर टैप कीजिए, Citizen/ Udhyog चुनिए और फिर Jan Aadhaar या Google में से एक तरीक़ा चुनकर अपनी पहचान सत्यापित कीजिए. उसके बाद अपनी पसंद की SSO ID और पासवर्ड बनाइए — काम हो गया. पूरी प्रक्रिया 5 मिनट की है और पूरी तरह मुफ़्त है.

राजस्थान का SSO पोर्टल एक ही आईडी से राज्य की सैकड़ों ऑनलाइन सेवाओं का दरवाज़ा खोल देता है — भर्ती के आवेदन से लेकर ई-मित्र और छात्रवृत्ति तक। नीचे विस्तार से: ज़रूरी दस्तावेज़, रजिस्ट्रेशन के स्टेप स्क्रीनशॉट के साथ, लॉग इन, SSO ID या पासवर्ड भूल जाने पर क्या करें, आईडी डीएक्टिवेट करना, ज़िलेवार हेल्पडेस्क, और वे गड़बड़ियाँ जिन पर ज़्यादातर लोग अटकते हैं — जन आधार में नाम न मिलना, दो-दो आईडी बन जाना और OTP न आना।

यह लेख सितंबर 2026 में sso.rajasthan.gov.in के लाइव पेजों से मिलाकर अपडेट किया गया है। नीचे दिए कुछ स्क्रीनशॉट पुराने हैं, पर स्टेप वही हैं — जहाँ पोर्टल पर कुछ बदला है, वह टेक्स्ट में साफ़ लिखा गया है।

सरकारी योजनाओं में रुचि है तो बेटियों के भविष्य के लिए Sukanya Samriddhi Yojana (SSY) की पूरी जानकारी भी पढ़ें.

Rajasthan SSO ID Kaise Banaye

इस लेख में आप जानेंगे

लेख की रूपरेखा — 29 विषय

SSO ID क्या होती है?

SSO का पूरा नाम है Single Sign On — यानी एक ही आईडी और पासवर्ड से कई सरकारी पोर्टल में लॉग इन करने की सुविधा। राजस्थान सरकार का यह पोर्टल सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) द्वारा बनाया और चलाया जाता है। हर सेवा के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन करने के बजाय आप एक बार SSO ID बनाते हैं और उसी से सभी जुड़े हुए ऐप्लिकेशन खुल जाते हैं।

पोर्टल पर सेवाएँ तीन श्रेणियों में बँटी हैं — G2G (सरकार से सरकार, यानी कर्मचारियों के लिए), G2C/G2B (नागरिक और व्यापार के लिए) और Identities (रजिस्टर्ड पहचान)। आम नागरिक को G2C/G2B वाली सूची से मतलब होता है।

SSO ID बनाने के लिए आपका राजस्थान का निवासी होना ज़रूरी है, क्योंकि नागरिक पंजीकरण जन आधार से जुड़ा है। इसे राजस्थान का कोई भी आम नागरिक, व्यापारी या सरकारी कर्मचारी अपने लिए बना सकता है, और यह पूरी तरह मुफ़्त है। एक बात ध्यान रखिए — SSO ID और जन आधार दो अलग चीज़ें हैं। जन आधार आपके परिवार की पहचान है; SSO ID उससे बनने वाला लॉगिन खाता है।

SSO ID से कौन-कौन सी सेवाएँ मिलती हैं

ज़्यादातर लोग SSO ID किसी एक काम के लिए बनाते हैं और फिर पता चलता है कि उसी से बहुत कुछ हो जाता है। लॉग इन करने के बाद डैशबोर्ड पर सर्च बॉक्स में ऐप का नाम लिखकर उसे खोला जाता है। कुछ सबसे ज़्यादा इस्तेमाल होने वाली सेवाएँ:

  • Recruitment Portal — राज्य की भर्तियों के आवेदन और एडमिट कार्ड
  • e-Mitra — बिल भुगतान, प्रमाण-पत्र और तमाम नागरिक सेवाएँ
  • छात्रवृत्ति (Scholarship) के आवेदन
  • जन आधार से जुड़ी सेवाएँ और परिवार का विवरण
  • व्यवसाय पंजीकरण, लाइसेंस के आवेदन और उद्योग से जुड़े पोर्टल
  • सरकारी कर्मचारियों के लिए SIPF, उपस्थिति प्रबंधन जैसी आंतरिक सेवाएँ

पूरी सूची पोर्टल के डैशबोर्ड पर ही दिखती है और उसमें समय-समय पर नए ऐप जुड़ते रहते हैं, इसलिए किसी लेख में लिखी गिनती को अंतिम न मानें। कुछ काम SSO के बाहर भी होते हैं — जैसे बिजली का बिल चेक करना या आयुष्मान कार्ड बनवाना, जिनके अपने केंद्रीय पोर्टल हैं।

SSO ID बनाने के लिए ज़रूरी दस्तावेज़

  • जन आधार कार्ड — आम नागरिक के लिए सबसे मुख्य रास्ता (सिर्फ़ राजस्थान के नागरिकों के लिए)
  • गूगल अकाउंट / Gmail ID — जन आधार के विकल्प के रूप में
  • चालू मोबाइल नंबर जो जन आधार से लिंक हो — OTP उसी पर आता है
  • SIPF नंबर — अगर आप राजस्थान सरकार के कर्मचारी हैं
  • आधार कार्ड — पहचान सत्यापन और प्रोफ़ाइल पूरी करने में काम आता है

पंजीकरण से पहले यह ज़रूर जाँच लें कि जन आधार में आपका मोबाइल नंबर सही और चालू है। सबसे ज़्यादा लोग यहीं अटकते हैं — OTP पुराने नंबर पर चला जाता है।

विज्ञापन

SSO ID कैसे बनाएँ — मोबाइल से पूरी प्रक्रिया

SSO ID बनाने के लिए आधिकारिक वेबसाइट sso.rajasthan.gov.in पर जाएँ और Registration पर क्लिक करें। ध्यान दीजिए — पहले यहाँ Citizen और Udyog अलग-अलग विकल्प थे, अब पोर्टल पर “Citizen/ Udhyog” नाम का एक ही विकल्प दिखता है, और उसके नीचे पहचान के दो तरीक़े — Jan Aadhaar और Google। सरकारी कर्मचारियों के लिए अलग “Govt. Employee” विकल्प है।

दस्तावेज़ पास हों तो पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनट की है। नीचे स्टेप मोबाइल के हिसाब से लिखे हैं, पर कंप्यूटर पर भी यही स्टेप हैं। जैसे बाक़ी सरकारी काम अब ऑनलाइन होते हैं, वैसे ही यह भी घर बैठे हो जाता है।

1. ब्राउज़र में https://sso.rajasthan.gov.in खोलें। पते की स्पेलिंग ध्यान से देखें — मिलते-जुलते नाम वाली फ़र्ज़ी साइटें बहुत हैं।

2. Registration पर क्लिक करें।

3. Citizen/ Udhyog चुनकर Jan Aadhaar पर क्लिक करें। (जन आधार न हो तो Google वाला विकल्प चुन सकते हैं।)

Rajasthan SSO Registration Page

4. अपना जन आधार नंबर दर्ज करें और Next पर क्लिक करें।

Enter your Jan Aadhar Number

5. परिवार के सभी सदस्यों की सूची दिखेगी। उसमें से अपना नाम चुनें और Send OTP पर क्लिक करें। ध्यान दें — मुखिया का नाम ग़लती से चुन लिया तो आईडी उसी के नाम बनेगी।

Select Your Name

6. जन आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। उसे दर्ज करके Verify OTP पर क्लिक करें।

Verify the OTP

7. अगले पेज पर अपनी SSO ID चुनें। नाम के हिसाब से कोई यूज़रनेम लिखें; उपलब्ध न हो तो आगे एक-दो अंक जोड़ दें। बगल के सही के निशान पर क्लिक करके उपलब्धता जाँची जा सकती है। फिर पासवर्ड बनाएँ और Register पर क्लिक करें।

Create Your SSO ID and Password

8. रजिस्ट्रेशन सफल होने का संदेश दिखेगा — OK पर क्लिक कर दें। आपकी SSO ID बन चुकी है। इसे कहीं लिखकर रख लें, क्योंकि आगे लॉग इन इसी से होगा, मोबाइल नंबर से नहीं।

Registration Successful

मोबाइल से बनाते समय दो बातें: पहली — रजिस्ट्रेशन ब्राउज़र में ही कीजिए। Play Store पर “SSO Rajasthan” जैसे नामों से कई ऐप दिखते हैं जो सरकार के नहीं हैं; उनमें आईडी, पासवर्ड या OTP डालना जोखिम भरा है। दूसरी — पेज मोबाइल में छोटा दिखे तो ब्राउज़र के मेनू में Desktop site चालू कर लीजिए, इससे सारे विकल्प साफ़ दिखने लगते हैं।

उद्योग और सरकारी कर्मचारी के लिए रजिस्ट्रेशन

सबका रास्ता एक जैसा नहीं है, इसलिए रजिस्ट्रेशन पेज पर सही विकल्प चुनना ज़रूरी है:

  • आम नागरिक — Citizen/ Udhyog चुनकर जन आधार से रजिस्टर कीजिए। यही सबसे सीधा रास्ता है।
  • व्यापार या उद्योग — विकल्प वही Citizen/ Udhyog है। पंजीकरण पहचान से होता है, और व्यवसाय से जुड़ी सेवाएँ लॉग इन के बाद डैशबोर्ड से खुलती हैं। पोर्टल पर उद्योग से जुड़े विकल्पों के नाम बदलते रहे हैं, इसलिए स्क्रीन पर लिखे शब्द ही अंतिम मानिए।
  • राजस्थान सरकार के कर्मचारी — Govt. Employee विकल्प चुनकर अपना SIPF नंबर और उससे जुड़ा पासवर्ड इस्तेमाल कीजिए। कर्मचारी की आईडी नागरिक वाली आईडी से अलग होती है और उसमें G2G सेवाएँ भी दिखती हैं।

अगर किसी विकल्प पर क्लिक करने के बाद स्क्रीन पर वह जानकारी माँगी जाए जो इस लेख में नहीं लिखी है, तो अंदाज़े से कुछ मत भरिए — अपने ज़िले के हेल्पडेस्क पर फ़ोन कीजिए (नंबर नीचे दिए हैं) या नज़दीकी ई-मित्र केंद्र पर पूछ लीजिए।

विज्ञापन

SSO ID Login कैसे करें

  • sso.rajasthan.gov.in खोलें।
  • अपनी SSO ID और पासवर्ड दर्ज करें।
  • कैप्चा भरें और Login पर क्लिक करें। (कैप्चा न पढ़ा जाए तो उसे रिफ़्रेश करने या सुनने का विकल्प भी पेज पर मौजूद है।)
Enter Your SSO ID and Password

लॉग इन पेज पर अब Meri Pehchaan से लॉग इन करने का विकल्प भी दिखता है — यह भारत सरकार का राष्ट्रीय सिंगल साइन-ऑन है। जिनके पास पहले से Meri Pehchaan/DigiLocker खाता है, वे उसी से आ सकते हैं। DigiLocker का इस्तेमाल न आता हो तो देखिए — DigiLocker कैसे यूज़ करें।

Rajasthan SSO Portal Dashboard

ध्यान दें: पहली बार लॉग इन करने पर प्रोफ़ाइल एडिट वाला पेज खुलता है। ख़ाली जानकारी भरकर Update करें, तभी डैशबोर्ड खुलेगा। यहाँ ईमेल और मोबाइल नंबर सही भरें — पासवर्ड रिकवरी इन्हीं से होती है। जो नंबर आज आपके पास चालू है, वही डालिए; बाद में नंबर बदलवाना उतना आसान नहीं रहता।

SSO ID या पासवर्ड भूल जाएँ तो क्या करें

पोर्टल के लॉग इन पेज पर नीचे दो अलग-अलग लिंक दिए गए हैं, और लोग अक्सर ग़लत वाला चुन लेते हैं:

  • I Forgot my Password — जब आईडी याद है, पासवर्ड नहीं।
  • I Forgot my Digital Identity — जब SSO ID ही याद नहीं। यहाँ जन आधार या गूगल अकाउंट से पहचान सत्यापित करके आईडी पता की जाती है।

पोर्टल से पासवर्ड रिसेट करने के स्टेप

1. sso.rajasthan.gov.in खोलें।

2. Login सेक्शन में नीचे I Forgot my Password के आगे दिए Click Here पर क्लिक करें।

I Forgot my Password

3. अपनी SSO ID डालें, फिर मोबाइल नंबर, ईमेल या आधार में से कोई एक विकल्प चुनकर उसका विवरण भरें।

Enter SSO ID and Mobile Number

4. कैप्चा भरकर Submit करें।

5. आए हुए OTP को दर्ज करके नया पासवर्ड बनाएँ।

नोट: पुराने लेखों और वीडियो में पासवर्ड रिसेट के लिए SMS भेजने वाला एक शॉर्टकोड बताया जाता है। पोर्टल के लॉग इन पेज पर आधिकारिक रूप से ऊपर बताए गए दोनों विकल्प ही दिख रहे हैं, इसलिए वही भरोसेमंद रास्ता है। अनजान नंबर पर SMS भेजने से पहले हमेशा पोर्टल का विकल्प आज़माएँ।

आम गड़बड़ियाँ और उनका हल

जन आधार में नाम नहीं दिख रहा या विवरण मेल नहीं खा रहा

रजिस्ट्रेशन के समय परिवार की सूची में आपका नाम न आए, या नाम/जन्मतिथि ग़लत दिखे, तो समस्या SSO पोर्टल में नहीं — जन आधार के रिकॉर्ड में है। पहले जन आधार में सदस्य जोड़ने या विवरण सुधारने का काम करवाएँ (नज़दीकी ई-मित्र केंद्र या जन आधार पोर्टल से), उसके बाद ही SSO रजिस्ट्रेशन दोबारा आज़माएँ। सुधार अपडेट होने में कुछ दिन लग सकते हैं।

OTP नहीं आ रहा

OTP उसी नंबर पर जाता है जो जन आधार से जुड़ा है — आपके हाथ में कौन-सा सिम है, इससे फ़र्क़ नहीं पड़ता। घर के किसी और सदस्य का नंबर लिंक हो तो OTP उसी के पास जाएगा। हल यह है कि जन आधार में अपना नंबर अपडेट करवाएँ। साथ ही जाँच लें कि आपके फ़ोन में DND या मैसेज ब्लॉकिंग चालू न हो।

“SSO ID पहले से मौजूद है” या दो-दो आईडी बन गईं

एक ही व्यक्ति की एक से ज़्यादा SSO ID होना समस्या पैदा करता है — किसी आवेदन में एक आईडी चल रही होती है और आप दूसरी से लॉग इन कर रहे होते हैं। पहले I Forgot my Digital Identity से पता करें कि आपके नाम पर पहले से आईडी है या नहीं। अगर सचमुच दो हैं, तो जिस पर कोई आवेदन नहीं चल रहा उसे नीचे बताए तरीक़े से डीएक्टिवेट कर दें और आगे के सभी काम एक ही आईडी से करें।

विज्ञापन

पासवर्ड स्वीकार नहीं हो रहा

पोर्टल पर एक Password Policy पेज दिया गया है जिसमें पासवर्ड की शर्तें लिखी हैं। नया पासवर्ड बार-बार अस्वीकार हो रहा हो तो वही पेज खोलकर शर्तें देख लें — आम तौर पर बड़े-छोटे अक्षर, अंक और चिह्न का मेल माँगा जाता है।

पेज नहीं खुल रहा या कैप्चा बार-बार ग़लत बता रहा है

भर्ती के फ़ॉर्म की आख़िरी तारीख़ के आसपास पोर्टल पर भीड़ बहुत बढ़ जाती है और पेज अटकने लगते हैं। ऐसे में बार-बार रिफ़्रेश करने के बजाय ब्राउज़र का कैश साफ़ करके देखिए, या सुबह जल्दी/देर रात कोशिश कीजिए। कैप्चा में बड़े-छोटे अक्षरों का फ़र्क़ होता है — उसे जैसा दिख रहा है, वैसा ही टाइप कीजिए, और न पढ़ा जाए तो बग़ल के बटन से नया कैप्चा ले लीजिए।

SSO ID डीएक्टिवेट/डिलीट कैसे करें

ज़रूरत कम ही पड़ती है, पर अगर आपके पास एक से ज़्यादा आईडी हैं और किसी एक को हटाना है तो नीचे के स्टेप देखें। (यह उसी तरह का काम है जैसे किसी और सेवा का अकाउंट डिलीट करना।)

  1. जिस आईडी को हटाना है उसमें लॉग इन करें।
  2. ऊपर दाईं ओर मेनू पर क्लिक करें।
  3. Update Profile पर क्लिक करें।
  4. नीचे स्क्रॉल करके Deactivate Account चुनें।
  5. मोबाइल पर आए OTP से पुष्टि करें।
  6. ज़रूरत पड़ने पर बाद में उसी अकाउंट को दोबारा सक्रिय भी किया जा सकता है।

जिस आईडी से कोई भर्ती आवेदन, छात्रवृत्ति या ई-मित्र का काम चल रहा हो, उसे डीएक्टिवेट न करें।

SSO हेल्पडेस्क — सही नंबर कहाँ से लें

यह हिस्सा ध्यान से पढ़िए, क्योंकि इंटरनेट पर घूम रहे कई पुराने हेल्पलाइन नंबर अब पोर्टल पर मौजूद ही नहीं हैं। राजस्थान SSO का हेल्पडेस्क अब ज़िलेवार है — हर ज़िले का अपना नंबर और अपनी ईमेल आईडी है। कुछ उदाहरण:

ज़िला हेल्पडेस्कफ़ोनईमेल
जयपुर0141-2928239sso.jaipur@rajasthan.gov.in
जोधपुर0141-2929224sso.jodhpur@rajasthan.gov.in
कोटा0141-2929227sso.kota@rajasthan.gov.in
उदयपुर0141-2929240sso.udaipur@rajasthan.gov.in
अजमेर0141-2929201sso.ajmer@rajasthan.gov.in
बीकानेर0141-2929210sso.bikaner@rajasthan.gov.in

आपके ज़िले का नंबर इस सूची में न हो तो पोर्टल का हेल्पडेस्क पेज खोलकर “RajSSO Helpdesk” खोजें — सभी ज़िलों की अद्यतन सूची वहीं मिलती है: sso.rajasthan.gov.in/helpdesk। ज़्यादातर ज़िलों के नंबर 0141-29292xx शृंखला में हैं और ईमेल का प्रारूप sso.<ज़िला>@rajasthan.gov.in होता है।

सावधानी: गूगल पर “SSO helpline number” खोजकर मिले नंबरों पर भरोसा न करें। ठग ऐसे ही नंबर डालकर लोगों से OTP और आधार विवरण माँगते हैं। SSO ID बनाने या ठीक करवाने के पैसे भी कोई नहीं लेता — यह सेवा मुफ़्त है। किसी लिंक पर क्लिक करने से पहले लिंक सुरक्षित है या नहीं यह कैसे जाँचें पढ़ लीजिए।

Rajasthan SSO ID से जुड़े सवाल जवाब

SSO ID भूल जाने पर कैसे पता करें?

Ans: आधिकारिक वेबसाइट sso.rajasthan.gov.in के लॉग इन पेज पर नीचे दिए I Forgot my Digital Identity विकल्प पर क्लिक करें और जन आधार या गूगल अकाउंट से पहचान सत्यापित करके अपनी SSO ID पता करें। सिर्फ़ पासवर्ड भूले हों तो उसके बग़ल वाला I Forgot my Password विकल्प चुनें।

मोबाइल से SSO ID कैसे बनाएँ?

Ans: मोबाइल के ब्राउज़र में sso.rajasthan.gov.in खोलिए और Registration → Citizen/ Udhyog → Jan Aadhaar चुनिए। जन आधार नंबर डालकर परिवार की सूची में से अपना नाम चुनिए, OTP सत्यापित कीजिए और फिर अपनी SSO ID तथा पासवर्ड बना लीजिए। अलग से कोई ऐप इंस्टॉल करने की ज़रूरत नहीं है।

क्या SSO ID और जन आधार एक ही चीज़ हैं?

Ans: नहीं। जन आधार राजस्थान सरकार की परिवार पहचान है, जिसमें परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज रहता है। SSO ID उससे बनने वाला लॉगिन खाता है, जिससे राज्य के ऑनलाइन पोर्टल खुलते हैं। जन आधार के बिना आम नागरिक का SSO रजिस्ट्रेशन मुश्किल है।

SSO ID से Admit Card डाउनलोड कैसे करें?

Ans: SSO पोर्टल में लॉग इन करें। डैशबोर्ड खुलने पर सर्च बॉक्स में recruitment लिखकर Recruitment Portal खोलें। वहाँ Get Admit Card पर क्लिक करने पर आपके द्वारा आवेदन की गई परीक्षाओं के एडमिट कार्ड की सूची मिल जाती है, जिन्हें डाउनलोड किया जा सकता है।

क्या SSO ID बनाने के लिए पैसे देने पड़ते हैं?

Ans: नहीं। राजस्थान का कोई भी नागरिक SSO ID बिलकुल मुफ़्त बना सकता है। कोई शुल्क नहीं लगता — अगर कोई पैसे माँगे तो वह ठगी है।

क्या राजस्थान के बाहर के लोग SSO ID बना सकते हैं?

Ans: नागरिक पंजीकरण जन आधार से जुड़ा है, जो केवल राजस्थान के निवासियों को मिलता है। इसलिए आम नागरिक के रूप में SSO ID बनाने के लिए राजस्थान का निवासी होना ज़रूरी है।

एक व्यक्ति की दो SSO ID हों तो क्या करें?

Ans: जिस आईडी से कोई आवेदन नहीं चल रहा, उसमें लॉग इन करके Update Profile में जाएँ और Deactivate Account चुनकर OTP से पुष्टि करें। आगे के सभी काम एक ही आईडी से करें, वरना आवेदन और स्टेटस अलग-अलग आईडी में बँट जाते हैं।

SSO ID kaise kholen?

नई SSO ID खोलने के लिए sso.rajasthan.gov.in पर Registration → Citizen/ Udhyog → Jan Aadhaar चुनें, जन आधार नंबर डालकर अपना नाम चुनें और OTP verify करें. फिर अपनी पसंद की SSO ID और पासवर्ड बनाकर Register दबाएं. बनी हुई ID खोलनी है तो उसी पेज पर SSO ID, पासवर्ड और कैप्चा भरकर Login करें.

विज्ञापन

New SSO ID kaise banaye agar pehle se ID bani ho?

नई ID बनाने से पहले लॉग इन पेज के I Forgot my Digital Identity विकल्प से जाँच लें कि आपके नाम पर पहले से ID है या नहीं, क्योंकि एक व्यक्ति की दो ID होने पर आवेदन बँट जाते हैं. पुरानी ID मिल जाए तो उसी का पासवर्ड रिसेट करके काम चलाएँ.

SSO helpline number kya hai?

SSO हेल्पडेस्क अब ज़िलेवार है, जैसे जयपुर का 0141-2928239 और अजमेर का 0141-2929201. बाकी ज़िलों की ताज़ा सूची sso.rajasthan.gov.in/helpdesk पर मिलती है. Google पर मिले अनजान नंबरों को OTP या आधार विवरण कभी न बताएं.

इन्हें भी पढ़ें

Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है और राजस्थान सरकार का आधिकारिक दस्तावेज़ नहीं है। पोर्टल की प्रक्रिया, विकल्प और हेल्पडेस्क विवरण समय-समय पर बदलते रहते हैं — आवेदन से पहले sso.rajasthan.gov.in पर ताज़ा जानकारी ख़ुद देख लें। SSO ID, OTP या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। अंतिम बार जाँचा गया: 20 सितंबर 2026.

Hindi Sink को फॉलो करें

@hindisinkofficial

नई Pocket FM कहानियों, स्टोरी गाइड और ताज़ा अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

विज्ञापन
🔒 Link Safety Checker — कोई भी link safe है या नहीं, यहाँ जाँचें