UPI PIN kya hota hai? UPI PIN वह 4 या 6 अंकों का गुप्त नंबर है जो आपके बैंक खाते से जुड़ा होता है और UPI से पैसे भेजते समय हर बार माँगा जाता है. यह किसी ऐप का पासवर्ड नहीं है — PhonePe, Google Pay या Paytm सिर्फ़ ज़रिया हैं, पिन आपका बैंक जाँचता है. बनाने के लिए ऐप में अपना बैंक अकाउंट जोड़िए, SET UPI PIN पर टैप कीजिए और डेबिट कार्ड के आख़िरी 6 अंक व एक्सपायरी डेट डालकर OTP से पुष्टि कीजिए. डेबिट कार्ड नहीं है तो कई बैंकों में यही काम आधार OTP से भी हो जाता है — दोनों तरीक़े नीचे दिए गए हैं.

लेख की रूपरेखा — 18 विषय
- UPI पिन क्या होता है
- UPI पिन बनाने से पहले क्या-क्या चाहिए
- UPI पिन कैसे बनाएं (PhonePe के उदाहरण से)
- Google Pay, Paytm और BHIM में मेन्यू कहाँ मिलेगा
- बिना ATM कार्ड के UPI पिन कैसे बनाएं (आधार से)
- UPI पिन भूल जाएं तो क्या करें
- UPI पिन 4 अंक का होता है या 6 अंक का
- UPI पिन नहीं बन रहा — आम गलतियाँ और उनका हल
- सबसे बड़ा धोखा: “पैसे लेने के लिए UPI पिन डालिए”
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
UPI पिन क्या होता है
आसान भाषा में — जैसे ATM से पैसे निकालते समय कार्ड का पिन डालना पड़ता है, वैसे ही फोन से UPI पेमेंट करते समय UPI पिन डालना पड़ता है. यह आपकी मंज़ूरी का सबूत है कि पैसे आपने ही भेजे हैं. पाँच बातें साफ़ समझ लीजिए, इसके बाद बाक़ी सब आसान है:
- यह पिन बैंक अकाउंट का होता है, ऐप का नहीं. एक ही अकाउंट को PhonePe और Google Pay दोनों में जोड़ा हो तो पिन दोनों जगह वही रहेगा. एक ऐप में बदलेंगे तो दूसरे में भी बदल जायेगा.
- यह ATM पिन से अलग है. डेबिट कार्ड की डिटेल सिर्फ़ पहचान के लिए माँगी जाती है; पिन आप नया, अपनी पसंद का बनाते हैं. दोनों एक जैसे मत रखिए.
- पैसे लेने के लिए पिन कभी नहीं लगता. यह सबसे ज़रूरी बात है और आगे इसी पर एक पूरा हिस्सा है.
- ऐप के पास आपका पिन नहीं रहता. पिन बैंक के सर्वर पर एन्क्रिप्ट होकर जाता है, इसलिए भूल जाने पर कंपनी भी नहीं बता सकती — सिर्फ़ नया बनाया जा सकता है.
- हर अकाउंट का पिन अलग होता है. दो बैंकों के खाते जोड़े हैं तो दोनों के लिए अलग-अलग पिन सेट करने होंगे.
UPI व्यवस्था को NPCI चलाता है, और पिन की जाँच आपका बैंक करता है. इसीलिए पिन डालते समय जो कीपैड खुलता है वह ऐप का नहीं, NPCI की सुरक्षित स्क्रीन का होता है — उसका स्क्रीनशॉट भी नहीं लिया जा सकता. यही बात बताती है कि यह पिन आपके फोन में कहीं सेव नहीं है.
UPI पिन बनाने से पहले क्या-क्या चाहिए
- वह मोबाइल नंबर उसी फोन में चालू सिम के रूप में लगा होना चाहिए जो बैंक में रजिस्टर्ड है. नंबर किसी और फोन में है तो पिन नहीं बनेगा.
- उसी सिम से एक SMS अपने-आप जाता है, इसलिए उसमें थोड़ा बैलेंस या SMS कोटा होना चाहिए. “verification failed” की सबसे आम वजह यही है.
- डेबिट/ATM कार्ड के आख़िरी 6 अंक और एक्सपायरी (महीना/साल). कार्ड न हो तो आधार वाला तरीक़ा देखिए.
- जन-धन या कुछ छोटे खातों में UPI पिन नहीं बन पाता; ऐसे में बैंक से पुष्टि करनी पड़ती है. खाते की स्थिति देखने के लिए बैंक स्टेटमेंट कैसे निकालें काम आ सकता है.
UPI पिन कैसे बनाएं (PhonePe के उदाहरण से)
नीचे PhonePe की स्क्रीन दिखाई गई हैं, पर तरीक़ा हर ऐप में यही रहता है — प्रोफाइल → बैंक अकाउंट जोड़ें → SET UPI PIN → कार्ड की डिटेल → OTP → नया पिन. गूगल पे, पेटीएम और BHIM में भी यही क्रम है, बस मेन्यू के नाम अलग हैं (आगे बताए गए हैं).
1. PhonePe ऐप इंस्टॉल करके ओपन करें और अपने उसी नंबर से लॉग इन करें जो बैंक में दर्ज है.
2. ऊपर अपनी Profile Photo पर क्लिक करें.

3. Add Bank Account पर क्लिक करें.

4. अपना बैंक चुनें. ऊपर बड़े बैंक दिखते हैं; आपका उनमें न हो तो सर्च कर लीजिए. यहाँ बैंक का सही नाम चुनना ज़रूरी है — कई बैंकों के मिलते-जुलते नाम होते हैं, ग़लत चुनने पर अकाउंट नहीं मिलेगा.

5. कुछ सेकंड में आपका खाता अपने-आप खोज लिया जायेगा और ऊपर बैंक की डिटेल दिखने लगेगी. नीचे SET UPI PIN पर क्लिक करें.

6. डेबिट कार्ड के आख़िरी 6 अंक और एक्सपायरी डेट डालकर PROCEED दबाएँ. पूरा कार्ड नंबर या CVV यहाँ कभी नहीं माँगा जाता — अगर कोई स्क्रीन CVV माँगे तो समझ जाइए कि वह नक़ली है.

7. बैंक वाले नंबर पर OTP आएगा, जिसे ऐप ख़ुद भर लेता है. न भरे तो मैसेज देखकर डाल दीजिए और सही के निशान पर क्लिक कीजिए.

8. अब नया UPI पिन डालने की स्क्रीन आएगी. आपका बैंक 4 अंक माँगेगा या 6, यह उसी स्क्रीन पर दिख जाता है. जन्मतिथि, गाड़ी नंबर, 1234 या 1111 जैसा पिन मत रखिए.

9. वही पिन दोबारा डालकर कन्फर्म कीजिए. इतने में पिन सेट हो जाता है और आप पैसे भेज सकते हैं.

Google Pay, Paytm और BHIM में मेन्यू कहाँ मिलेगा
- Google Pay: ऊपर अपनी प्रोफ़ाइल फोटो → बैंक अकाउंट वाले हिस्से में अपना बैंक चुनें → Set UPI PIN या Forgot UPI PIN.
- Paytm: प्रोफ़ाइल या UPI & Payment Settings → अपना बैंक अकाउंट → Set/Reset UPI PIN.
- BHIM: होम स्क्रीन पर Bank Accounts → अकाउंट चुनें → Set UPI PIN. BHIM सीधे NPCI का ऐप है, इसलिए कोई ऐप काम न कर रहा हो तो एक बार यहाँ से कोशिश करके देखिए.
- बैंक का अपना ऐप: लगभग हर बड़े बैंक की ऐप में भी UPI सेक्शन होता है और वहीं से पिन सेट या रीसेट किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: गूगल से बात कैसे करें
बिना ATM कार्ड के UPI पिन कैसे बनाएं (आधार से)
जिनके पास डेबिट कार्ड नहीं है, उनके लिए अब आधार वाला रास्ता खुल चुका है. इसमें कार्ड की जगह आधार नंबर के आख़िरी 4 अंक डालने होते हैं और पुष्टि आधार से जुड़े नंबर पर आये OTP से होती है.

तरीक़ा यही है — ऐप में बैंक अकाउंट जोड़िए, SET UPI PIN पर जाइए और डेबिट कार्ड की जगह आधार वाला विकल्प चुनिए. आधार के आख़िरी 4 अंक डालिए, दो OTP (एक आधार का, एक बैंक का) वेरिफ़ाई कीजिए और नया पिन बना लीजिए.
Note: यह तभी चलेगा जब तीनों बातें एक साथ सही हों — आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक हो, वही नंबर बैंक में भी दर्ज हो, और आपका बैंक खाता आधार से जुड़ा (seeded) हो. इनमें से एक भी अधूरी है तो आधार वाला विकल्प या तो दिखेगा ही नहीं, या बीच में फेल हो जायेगा.
आधार वाला विकल्प हर बैंक में नहीं मिलता — यह आपके बैंक पर निर्भर करता है. न दिखे तो दो रास्ते हैं: बैंक की अपनी ऐप में वर्चुअल डेबिट कार्ड बनाकर उसी की डिटेल इस्तेमाल कीजिए (कई बैंक यह सुविधा देते हैं), या शाखा से डेबिट कार्ड के लिए आवेदन कर दीजिए — आमतौर पर 15-20 दिन में आ जाता है. फॉर्म भरने का तरीक़ा Union Bank ATM फॉर्म कैसे भरें में देखा जा सकता है.
UPI पिन भूल जाएं तो क्या करें
सीधी बात — भूला हुआ UPI पिन पता नहीं किया जा सकता. न ऐप बता सकती है, न बैंक, क्योंकि वह कहीं पढ़े जाने लायक रूप में रखा ही नहीं जाता. जो हो सकता है वह है नया पिन बनाना, और इसमें भी वही डेबिट कार्ड या आधार वाली प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ती है.
- ऐप में प्रोफ़ाइल खोलकर अपना बैंक अकाउंट चुनें.
- Forgot UPI PIN या RESET पर टैप करें. पुराना पिन याद है और सिर्फ़ बदलना है तो CHANGE चुनें — उसमें कार्ड की डिटेल दोबारा नहीं लगती, बस पुराना पिन डालकर नया बना दीजिए.
- डेबिट कार्ड के आख़िरी 6 अंक और एक्सपायरी (या आधार वाला विकल्प) डालें.
- OTP वेरिफ़ाई करके नया पिन दो बार डालें. हो गया.
एक ज़रूरी चेतावनी: ग़लत पिन बार-बार डालने पर बैंक आपका UPI कुछ घंटों (आम तौर पर 24 घंटे) के लिए रोक देता है. दो बार ग़लत हो जाए तो तीसरी बार अंदाज़ा लगाने की जगह सीधे रीसेट कर लीजिए — वही तेज़ रास्ता है.
UPI पिन 4 अंक का होता है या 6 अंक का
यह आपका बैंक तय करता है, ऐप नहीं. ज़्यादातर बैंकों में 4 अंक चलते हैं, कुछ बैंकों में 6 अंक ज़रूरी हैं. आपके लिए कौन-सा है, यह पिन बनाते समय स्क्रीन पर बने ख़ाली ख़ानों की गिनती से ही पता चल जाता है. इसे अपनी मर्ज़ी से बदला नहीं जा सकता. और हाँ — दो अलग बैंकों में एक 4 अंक का और दूसरा 6 अंक का पिन हो सकता है, यह सामान्य बात है.
UPI पिन नहीं बन रहा — आम गलतियाँ और उनका हल
- “Bank account not found” — बैंक में दर्ज नंबर और ऐप वाला नंबर अलग हैं. बैंक जाकर या नेट बैंकिंग से नंबर अपडेट कराइए, तभी आगे कुछ होगा.
- “Verification failed” या SMS अटक गया — ऐप उसी सिम से एक SMS भेजता है. सिम में बैलेंस डालिए, फ़्लाइट मोड चालू-बंद कीजिए और दोबारा कोशिश कीजिए. दो सिम वाले फोन में सही सिम चुनना न भूलें.
- कार्ड की डिटेल नहीं मिल रही — नया कार्ड पहली बार इस्तेमाल हो रहा है तो पहले ATM पर जाकर उसे एक बार चालू (activate) कर लीजिए.
- OTP नहीं आ रहा — DND या मैसेज ब्लॉक होने से भी ऐसा होता है. थोड़ी देर रुककर दोबारा कोशिश कीजिए; बार-बार क्लिक करने से बैंक कुछ समय के लिए रोक देता है.
- महीने के आख़िरी दिन या बैंक के सर्वर डाउन होने पर — यह आपकी गलती नहीं. कुछ घंटे बाद वही प्रक्रिया बिना बदलाव के चल जाती है.
सबसे बड़ा धोखा: “पैसे लेने के लिए UPI पिन डालिए”
यह हिस्सा पूरे लेख में सबसे ज़रूरी है. UPI पिन सिर्फ़ पैसे भेजते समय लगता है, लेते समय कभी नहीं. कोई खाते में पैसे डाल रहा हो तो आपको कुछ भी नहीं डालना पड़ता — रकम अपने-आप आ जाती है.
ठगी इसी बात पर टिकी है. OLX या Facebook Marketplace पर सामान बेचने वाले को “पेमेंट भेज रहा हूँ” कहकर एक collect request या QR कोड भेजा जाता है, और कहा जाता है कि पिन डालिए तभी पैसे आएँगे. पिन डालते ही पैसे आते नहीं, चले जाते हैं. यही खेल “रिफ़ंड”, “लॉटरी”, “कैशबैक” और “बिजली बिल बकाया” वाले मैसेज के साथ भी चलता है.
- पैसे लेने के लिए कभी पिन मत डालिए, QR कोड मत स्कैन कीजिए और कोई request approve मत कीजिए.
- पिन डालने से पहले स्क्रीन पर लिखी रकम और “Paying to / भेज रहे हैं” वाली लाइन ज़रूर पढ़िए.
- बैंक, UPI ऐप या कंपनी का कोई कर्मचारी आपसे पिन या OTP नहीं पूछता. AnyDesk जैसी स्क्रीन-शेयर ऐप किसी के कहने पर मत डालिए.
- SMS या WhatsApp पर आया कोई भी पेमेंट लिंक खोलने से पहले लिंक सेफ है या नहीं कैसे जाँचें पढ़ लीजिए.
- पैसे कट जाएँ तो तुरंत 1930 पर कॉल कीजिए या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कीजिए. जितनी जल्दी शिकायत होगी, पैसे रुकने की संभावना उतनी ज़्यादा रहती है.
छोटे-छोटे पेमेंट में बार-बार पिन डालना भारी लगे तो ऐप में UPI Lite चालू कर सकते हैं — उसमें एक तय सीमा तक के पेमेंट बिना पिन के हो जाते हैं. यह सीमा NPCI समय-समय पर बदलता रहता है, इसलिए ताज़ा आँकड़ा ऐप में ही दिख जायेगा. फ़ायदा यह है कि पिन बार-बार नहीं डालना पड़ता; ध्यान यह रखना है कि फोन किसी और के हाथ लगने पर उतनी रकम बिना पिन के जा सकती है.
यह भी पढ़ें: बाइक नंबर से मालिक का नाम ऐसे पता करें
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
UPI पिन क्या होता है?
UPI पिन 4 या 6 अंकों का वह गुप्त नंबर है जो आपके बैंक खाते से जुड़ा होता है और UPI से पैसे भेजते समय हर बार डालना पड़ता है. यह ऐप का पासवर्ड नहीं है — इसकी जाँच आपका बैंक करता है, इसलिए एक ही अकाउंट के लिए यह PhonePe, Google Pay और Paytm तीनों में एक ही रहता है.
क्या UPI पिन पता किया जा सकता है?
नहीं. UPI पिन कहीं पढ़े जाने लायक रूप में सेव नहीं होता, इसलिए न ऐप बता सकती है और न बैंक. भूल जाने पर सिर्फ नया पिन बनाया जा सकता है — ऐप में अपना बैंक अकाउंट खोलकर Forgot UPI PIN पर टैप कीजिए और डेबिट कार्ड या आधार से दोबारा प्रक्रिया पूरी कीजिए.
क्या पैसे लेने के लिए UPI पिन डालना पड़ता है?
बिल्कुल नहीं. पिन सिर्फ पैसे भेजते समय लगता है. कोई कहे कि पैसे लेने के लिए पिन डालिए, QR स्कैन कीजिए या request approve कीजिए — तो वह ठगी है, क्योंकि ऐसा करते ही पैसे आपके खाते से निकल जाएंगे. ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल करें.
बिना ATM कार्ड के UPI पिन कैसे बनाएं?
कई बैंकों में आधार से यह हो जाता है. ऐप में बैंक अकाउंट जोड़कर SET UPI PIN पर जाइए और डेबिट कार्ड की जगह आधार वाला विकल्प चुनिए, फिर आधार के आखिरी 4 अंक डालकर OTP वेरीफाई कीजिए. शर्त यह है कि आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक हो, वही नंबर बैंक में दर्ज हो और खाता आधार से जुड़ा हो.
UPI पिन 4 अंक का होता है या 6 अंक का?
यह आपका बैंक तय करता है, ऐप नहीं. ज्यादातर बैंकों में 4 अंक चलते हैं और कुछ में 6 अंक जरूरी होते हैं. पिन बनाते समय स्क्रीन पर बने खाली खानों की गिनती से पता चल जाता है, और इसे अपनी मर्जी से बदला नहीं जा सकता.
क्या हर ऐप के लिए अलग UPI पिन बनाना पड़ता है?
नहीं. पिन बैंक अकाउंट का होता है, ऐप का नहीं. एक ही खाता PhonePe और Google Pay दोनों में जोड़ा है तो पिन दोनों जगह वही चलेगा, और एक ऐप में बदलने पर दूसरे में भी बदल जाएगा. हाँ, दो अलग बैंकों के खाते हैं तो दोनों के पिन अलग-अलग बनाने होंगे.
गलत UPI पिन डालने पर क्या होता है?
बार-बार गलत पिन डालने पर बैंक आपका UPI कुछ घंटों (आम तौर पर 24 घंटे) के लिए रोक देता है, ताकि कोई और अंदाजा लगाकर पैसे न निकाल सके. इसलिए दो बार गलत होने के बाद तीसरी कोशिश करने की जगह सीधे Forgot UPI PIN से नया पिन बना लेना बेहतर रहता है.
किसी स्टेप पर अटक रहे हों तो कमेंट में अपने बैंक का नाम और स्क्रीन पर आ रहा मैसेज दोनों लिख दीजिए — वही दोनों मिलकर बताते हैं कि दिक़्क़त कहाँ है. पिन बन जाने के बाद रिचार्ज और बाक़ी पेमेंट इसी से हो जाएँगे, और ऐप से पैसे कमाने वाली सेवाओं में भी यही पिन काम आता है.
इन्हें भी पढ़ें:






