मुख्य सामग्री पर जाएँ

Jar App क्या है, Real or Fake और कितना Safe है — Review

Jar App क्या है, Real or Fake और कितना Safe है — Review
विज्ञापन

Jar app real or fake — सीधा जवाब: Jar App एक असली ऐप है, कोई फ्रॉड या फेक ऐप नहीं. यह आपके रोज़ के खर्चों से बचा हुआ चिल्लर अपने-आप डिजिटल गोल्ड में लगा देती है. लेकिन “असली है” और “आपके लिए सही है” — ये दो अलग बातें हैं. डिजिटल गोल्ड पर 3% GST लगता है, खरीद और बिक्री के रेट में फ़र्क़ रहता है, और यह पूरा सेक्टर SEBI या RBI के दायरे में नहीं आता. ये तीनों बातें ऐप के विज्ञापन में नहीं बताई जातीं, इसलिए नीचे पूरा हिसाब खोलकर रखा गया है.

Jar App क्या है

इस लेख में आप जानेंगे

लेख की रूपरेखा — 26 विषय

Jar App क्या है और कैसे काम करता है

Jar एक डिजिटल गुल्लक है. आप UPI से जो भी खर्च करते हैं, ऐप उसे ऊपर के 10 या 5 के गुणज तक राउंड कर देती है और बीच का चिल्लर आपके बैंक से काटकर उतने ही रुपये का 24K डिजिटल सोना ख़रीद लेती है.

मान लीजिए आपने 47 रुपये का सामान ख़रीदा और UPI से पेमेंट कर दिया. Jar उस खर्च को 50 मान लेगा — 47 रुपये दुकानदार के पास जायेंगे और बचे 3 रुपये का सोना आपके Jar अकाउंट में जुड़ जायेगा. महीने भर में यही 2-3 रुपये मिलकर कुछ सौ रुपये बन जाते हैं. यही ऐप का पूरा आइडिया है — बचत का फ़ैसला रोज़ न लेना पड़े.

इसके अलावा ऐप में Daily Savings (हर दिन एक तय रकम, जैसे 10 या 20 रुपये) और मैनुअल खरीद (जब मन हो तब जितने का चाहें सोना खरीद लें) के विकल्प भी हैं. चिल्लर वाला ऑटो-डेबिट चलाना ज़रूरी नहीं है — बहुत से लोग सिर्फ़ मैनुअल खरीद इस्तेमाल करते हैं.

Jar App Real or Fake — सीधा जवाब

Jar फेक नहीं है. यह बेंगलुरु की एक फंडेड भारतीय कंपनी की ऐप है, Google Play Store और Apple App Store दोनों पर आधिकारिक रूप से मौजूद है, इसकी वेबसाइट myjar.app है, और पैसा लेकर भाग जाने जैसी कोई घटना इसके साथ रिपोर्ट नहीं हुई है. आपका पैसा ऐप की जेब में नहीं जाता — उतने का सोना ख़रीदकर आपके नाम पर वॉल्ट में रख दिया जाता है.

लेकिन यहीं रुकना ग़लत होगा. असली सवाल यह नहीं है कि ऐप नकली तो नहीं — असली सवाल यह है कि इसमें रखा पैसा आपको फ़ायदे में लौटेगा या नहीं. उसका जवाब “जो मिलता है वह सोना है” से नहीं, बल्कि चार्ज और नियमों से निकलता है, जो आगे दिए गए हैं.

Jar ऐप का मालिक कौन है

Jar को Nishchay AG और Misbah Ashraf ने 2021 में शुरू किया था. दोनों को-फाउंडर हैं और कंपनी बेंगलुरु से चलती है. ऐप में बाहरी निवेशकों का पैसा लगा है और इसके विज्ञापनों में कई जाने-माने चेहरे दिख चुके हैं — पर ध्यान रखिए, बड़ा विज्ञापन या मशहूर चेहरा किसी निवेश के सुरक्षित होने का सबूत नहीं होता.

Jar App ke founders malik

आपका सोना असल में कहाँ रहता है

Jar ख़ुद सोना नहीं रखता. ऐप के अनुसार वह डिजिटल गोल्ड SafeGold (Digital Gold India Pvt Ltd) से ख़रीदता है — यही कंपनी कई दूसरे UPI और फिनटेक ऐप्स को भी डिजिटल गोल्ड देती है. आपके नाम पर उतनी ही मात्रा का असली 24K सोना बीमाकृत वॉल्ट में रखा जाता है, और उसकी देखरेख एक ट्रस्टी कंपनी करती है.

इसका एक सीधा मतलब यह भी है: आपका रिश्ता सिर्फ़ Jar से नहीं, उसके गोल्ड पार्टनर से भी है. ऐप के अंदर Locker या Savings सेक्शन में जाकर आप हर खरीद की रसीद देख सकते हैं — उसमें सोने की मात्रा (ग्राम में), रेट और पार्टनर का नाम लिखा रहता है. पहली बार ऐप चलाते ही एक बार यह रसीद खोलकर ज़रूर देख लीजिए.

विज्ञापन

Jar ऐप कितना Safe है — वे 5 बातें जो विज्ञापन में नहीं बताई जातीं

नीचे की पाँचों बातें सिर्फ़ Jar की कमी नहीं हैं — ये हर डिजिटल गोल्ड प्लेटफ़ॉर्म पर लागू होती हैं. फिर भी निवेश से पहले इन्हें जानना ज़रूरी है.

1. डिजिटल गोल्ड किसी रेगुलेटर के दायरे में नहीं है

बैंक FD पर RBI है, म्यूचुअल फंड और शेयरों पर SEBI है, बीमा पर IRDAI है. डिजिटल गोल्ड इनमें से किसी के अंदर नहीं आता. यानी कुछ गड़बड़ होने पर कोई सरकारी लोकपाल नहीं है जहाँ शिकायत की जा सके — भरोसा पूरी तरह कंपनी और उसके वॉल्ट पार्टनर पर है. अगर आपको रेगुलेटेड रास्ता चाहिए तो सोने के लिए Gold ETF या Sovereign Gold Bond देखें, और आम बचत के लिए FD क्या है और कैसे करें तथा SIP क्या होती है पढ़ें.

2. हर खरीद पर 3% GST लगता है

डिजिटल गोल्ड सोने की ख़रीद ही मानी जाती है, इसलिए उस पर 3% GST लगता है. 100 रुपये डालने पर लगभग 97 रुपये का ही सोना आता है और यह 3 रुपये वापस नहीं मिलते. पेमेंट से ठीक पहले वाली Payment Summary स्क्रीन पर यह टैक्स अलग लिखा दिखता है — उसे हर बार पढ़ें.

3. खरीद और बिक्री का रेट एक नहीं होता

ऐप पर किसी भी समय दो रेट होते हैं — Buy price और Sell price. बेचने का रेट हमेशा ख़रीदने से कुछ कम रहता है. GST और इस फ़र्क़ को मिलाकर बात यह बनती है कि सोने का भाव कुछ प्रतिशत चढ़ने तक आप मुनाफ़े में नहीं, सिर्फ़ बराबरी पर आते हैं. आज अपनी ऐप में एक बार दोनों रेट देख लीजिए — फ़र्क़ अपनी आँखों से दिख जायेगा. इसीलिए यह ऐप कुछ दिन या कुछ हफ़्ते की बचत के लिए नहीं है.

4. ऐप बैंक के SMS पढ़ती है

चिल्लर वाला फ़ीचर तभी चल सकता है जब ऐप को पता चले कि आपने कितना खर्च किया — इसके लिए वह बैंक के मैसेज पढ़ने की परमिशन माँगती है. यह काम करने के लिए ज़रूरी है, पर अगर आपको अपने बैंक SMS किसी ऐप को देना ठीक नहीं लगता तो यह परमिशन मत दीजिए और सिर्फ़ मैनुअल खरीद या Daily Savings इस्तेमाल कीजिए. ऐप तब भी चलती है, बस राउंड-अप वाला हिस्सा बंद रहेगा.

5. सबसे बड़ा ख़तरा ऐप नहीं, नकली “कस्टमर केयर नंबर” है

Jar से जुड़ी असली ठगी ऐप के अंदर नहीं, बाहर होती है. पैसे निकालने में देर होने पर लोग Google या YouTube पर “Jar app customer care number” खोजते हैं, और वहाँ ठगों के डाले हुए नंबर मिल जाते हैं. फ़ोन उठाने वाला AnyDesk जैसी स्क्रीन-शेयर ऐप डलवाता है या OTP माँगता है, और अकाउंट ख़ाली हो जाता है.

नियम एक ही है: सपोर्ट सिर्फ़ ऐप के अंदर वाले Help या Support सेक्शन से लीजिए. सर्च में मिले किसी नंबर पर कॉल मत कीजिए, किसी को स्क्रीन शेयर मत कीजिए, और OTP किसी को मत बताइए. ठगी हो जाए तो 1930 पर कॉल कीजिए या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कीजिए. किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले लिंक सेफ है या नहीं कैसे जाँचें भी पढ़ लें.

Jar ऐप Download कैसे करें

Play Store पर Jar सर्च कीजिए और देख लीजिए कि डेवलपर का नाम Jar ही दिख रहा है — मिलते-जुलते नाम वाली नकल ऐप्स भी रहती हैं. iPhone वालों को यह App Store पर मिल जाएगी. वेबसाइट myjar.app से भी डाउनलोड लिंक मिलता है. किसी WhatsApp या Telegram ग्रुप से मिली APK फ़ाइल कभी इंस्टॉल मत कीजिए.

विज्ञापन

Jar ऐप में अकाउंट कैसे बनाये

पूरा प्रोसेस 3-4 मिनट का है और इसमें सिर्फ़ मोबाइल नंबर लगता है. ऐप के नए वर्जन में स्क्रीन का डिज़ाइन थोड़ा बदला हुआ दिख सकता है, पर पूछी जाने वाली चीज़ें यही रहती हैं.

1. जार ऐप को इनस्टॉल कर के ओपन करें.

2. पहली स्क्रीन पर Start Now पर क्लिक करें.

Click on Start Now

3. अपने मोबाइल नंबर से साइन अप करें. वही नंबर डालें जो बैंक अकाउंट से जुड़ा है, वरना आगे पैसे निकालने में दिक्कत आएगी.

Sign up with mobile number

4. नंबर पर आया OTP ऐप ख़ुद ही डिटेक्ट कर लेती है. यह OTP किसी को भी मत बताइए.

Fill the OTP

5. अब ऐप मैसेज पढ़ने की परमिशन माँगेगी. यह स्टेप ज़रूरी नहीं है. चिल्लर वाला ऑटो-सेविंग चाहिए तो Give Permission दीजिए; नहीं चाहिए तो मना कर दीजिए और सिर्फ़ मैनुअल खरीद इस्तेमाल कीजिए.

Allow SMS Permissions

6. सरनेम के साथ अपना पूरा नाम डालें — वही जो PAN कार्ड पर है, क्योंकि आगे KYC में यही मिलान होगा. फिर Next दबाएँ.

Enter your Name

7. अब चुनिए कि आप किस चीज़ के लिए बचत कर रहे हैं. यह सिर्फ़ ऐप के अंदर का लक्ष्य है, इससे कोई शर्त नहीं जुड़ती.

Select what you are saving for

8. इसके बाद ऊपर की तरफ़ Skip पर क्लिक कर दीजिए — अभी ऑटो-डेबिट चालू करना ज़रूरी नहीं है.

Click on Skip

9. अकाउंट बन गया. नीचे Jar का होमपेज दिख रहा है — ऊपर ही प्रति ग्राम सोने का भाव लिखा रहता है.

This is Jar App Home

Jar ऐप पर Digital Gold कैसे खरीदें

1. होम पर Start Saving बटन पर क्लिक करें.

2. जितने रुपये का सोना चाहिए वह रकम चुनें और Buy Now दबाएँ. कूपन कोड का बॉक्स भी यहीं रहता है; नए यूज़र वाले ऑफ़र समय-समय पर बदलते रहते हैं, इसलिए जो उस दिन चल रहा होगा वही दिखेगा.

Click on Buy Now

3. अब Payment Summary आती है. यही वह स्क्रीन है जिसे लोग बिना पढ़े छोड़ देते हैं — यहीं लिखा होता है कि कितना GST कटा और असल में कितने ग्राम सोना मिल रहा है. एक बार पढ़कर Pay Now दबाएँ.

Click on Pay Now

4. कोई भी UPI ऐप चुनकर पेमेंट कर दें. UPI पिन अभी बना नहीं है तो पहले UPI पिन कैसे बनाएं पढ़ लीजिए.

Select UPI App for Payment

5. खरीद पूरी होने पर एक Spin जैसा रिवॉर्ड भी मिल सकता है. इससे मिलने वाली रकम मामूली होती है — इसे कमाई का ज़रिया मत मानिए.

Gold Purchase Successful

6. कितने ग्राम सोना जमा हुआ, यह होम स्क्रीन पर दिखने लगेगा. रकम नहीं, ग्राम देखने की आदत डालिए — भाव घटने पर रुपये वाला आँकड़ा घट जाता है, पर सोना उतना ही रहता है.

Here you can see your savings

जार ऐप में ऑटो-डेबिट सेटअप कैसे करें

ऑटो-डेबिट UPI Autopay के ज़रिये चलता है. इसे चालू करने से पहले एक बात समझ लीजिए — यह मैंडेट आपके बैंक में दर्ज होता है, इसलिए इसे Jar के अलावा अपने UPI ऐप (PhonePe/GPay/Paytm) की Autopay या Mandates सूची से भी बंद किया जा सकता है. नीचे इसे चालू करने के स्टेप्स हैं.

1. होमपेज पर नीचे स्क्रॉल करके Save as you spend खोजें और Know More पर क्लिक करें.

2. कुछ सेकंड रुकें, फिर Proceed दबाएँ.

Click on Proceed

3. अब Go Ahead दबाएँ. अगर आप चाहते हैं कि हर बार पैसे कटने से पहले आपसे पूछा जाए तो पहले By myself वाला विकल्प चुन लीजिए — पहली बार इस्तेमाल कर रहे लोगों के लिए यही बेहतर है.

विज्ञापन
Click on Go Ahead

4. फिर से Proceed पर क्लिक करें.

Click on Proceed again

5. कोई UPI ऐप चुनें जिससे पेमेंट करना है और Proceed दबाएँ.

Choose Payment method

6. UPI ऐप में मैंडेट अप्रूव कर दीजिए. वहाँ लिखी हुई अधिकतम रकम और अवधि पढ़कर ही अप्रूव करें — यही तय करती है कि ज़्यादा से ज़्यादा कितना कट सकता है.

Pay and Set AutoPay

Jar ऐप से पैसे कैसे निकाले

पैसे निकालने का मतलब है अपना सोना उस दिन के sell rate पर बेचना और रकम बैंक अकाउंट में मँगाना. पैसे निकालते समय KYC (PAN) माँगा जाता है, इसलिए पहली निकासी से पहले KYC पूरी कर लेना बेहतर रहता है.

1. होमपेज पर तीन लाइन वाले मेनू आइकॉन पर क्लिक करें.

2. Withdraw Savings पर क्लिक करें.

Click on Withdraw Saving

3. जितनी रकम निकालनी है वह लिखें और Withdraw Savings दबाएँ. यहाँ दिखने वाली रकम sell rate पर बनती है, इसलिए वह ऐप में दिख रही “कुल वैल्यू” से थोड़ी कम हो सकती है.

Enter amount you want to sell

4. अपनी UPI ID या बैंक डिटेल डालें और कन्फर्म कर दें. पैसा उसी अकाउंट में आता है जो आपके नाम पर हो — किसी और के खाते में नहीं भेजा जा सकता.

अगर पैसा तुरंत न आए: घबराइए मत और बाहर कहीं नंबर मत खोजिए. UPI या बैंक की ओर से देर होना आम है. ऐप के Help सेक्शन में जाकर उसी ट्रांज़ैक्शन पर टिकट खोलिए और स्क्रीनशॉट लगा दीजिए. दो-तीन कार्य-दिवस तक इंतज़ार करना सामान्य है.

Jar App कैसे बंद करें या अकाउंट डिलीट करें

सिर्फ़ ऐप अनइंस्टॉल कर देना काफ़ी नहीं है — ऑटो-डेबिट का मैंडेट बैंक में चालू रह सकता है. सही क्रम यह है:

  1. ऐप की Settings या Savings सेक्शन में जाकर डेली सेविंग और Save as you spend दोनों बंद करें.
  2. अपने UPI ऐप में Autopay / Mandates खोलकर Jar वाला मैंडेट भी वहाँ से कैंसिल कर दें. यही स्टेप लोग भूलते हैं और फिर पैसे कटते रहते हैं.
  3. जमा सोना बेचकर पूरी रकम बैंक में निकाल लें. बैलेंस बचा रह गया तो अकाउंट डिलीट नहीं होगा.
  4. अब ऐप के Help / Support से अकाउंट डिलीट करने की रिक्वेस्ट डालें.
  5. आख़िर में ऐप अनइंस्टॉल करें और एक हफ़्ते बाद बैंक स्टेटमेंट देखकर पक्का कर लें कि कोई कटौती नहीं हो रही.

Jar ऐप किसके लिए सही है और किसे नहीं लेनी चाहिए

सही है अगर: आपसे बचत होती ही नहीं और आपको एक ऐसी आदत चाहिए जो अपने-आप चले; आप छोटी रकम से शुरू करना चाहते हैं; और आपका इरादा कम से कम एक-दो साल पैसा पड़ा रहने देने का है. शादी या त्योहार पर गहना लेने के लिए धीरे-धीरे जोड़ना भी इसका ठीक इस्तेमाल है.

नहीं लेनी चाहिए अगर: यह आपकी इकलौती बचत है (इमरजेंसी का पैसा बैंक या FD में रखिए, सोने में नहीं); आप कुछ महीनों में पैसा वापस चाहते हैं; आप इसे “कमाई का ऐप” समझकर आ रहे हैं; या आप बड़ी रकम लगाने वाले हैं — बड़ी रकम के लिए रेगुलेटेड रास्ते बेहतर हैं. पैसा कहाँ लगाएँ — SIP, म्यूचुअल फंड या स्टॉक वाला लेख इसी उलझन के लिए लिखा गया है.

और हाँ — Jar कमाई की ऐप नहीं है, बचत की ऐप है. जो लोग “पैसे कमाने वाला ऐप” खोजते हुए यहाँ पहुँचते हैं, उन्हें निराशा होती है. ऐसी ऐप्स की असलियत समझने के लिए Roz Dhan ऐप real है या fake और Angel One ऐप क्या है पढ़ सकते हैं.

विज्ञापन

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या Jar App सेफ है या नहीं?

ऐप के स्तर पर यह सेफ है — असली कंपनी, ऑफिशियल स्टोर पर मौजूद, और पैसे का बदले में आपके नाम पर सोना रखा जाता है. लेकिन डिजिटल गोल्ड खुद SEBI या RBI के दायरे में नहीं आता, यानी गड़बड़ होने पर कोई सरकारी लोकपाल नहीं है. साथ ही 3% GST और खरीद-बिक्री रेट के फर्क को जोड़कर देखें, तभी असली तस्वीर बनती है.

Jar App का मालिक कौन है?

Jar की शुरुआत Nishchay AG और Misbah Ashraf ने 2021 में की थी. दोनों को-फाउंडर हैं और कंपनी बेंगलुरु से चलती है. इसमें बाहरी निवेशकों का पैसा लगा है, यानी यह कोई गुमनाम ऐप नहीं है.

Jar ऐप में कितना चार्ज लगता है?

सोना खरीदने पर 3% GST लगता है, और बेचने का रेट हमेशा खरीदने के रेट से कुछ कम रहता है — यही असली लागत है. दोनों चीजें पेमेंट से पहले वाली Payment Summary स्क्रीन और ऐप के Buy/Sell रेट में साफ दिखती हैं, इसलिए हर बार एक नजर डाल लें.

क्या Jar ऐप में KYC करना जरुरी है?

हाँ, कुछ स्थितियों में. एक तय लिमिट से ज्यादा का सोना खरीदने पर, जमा सोना बेचकर पैसे निकालने पर, और घर पर सोने का सिक्का मंगाने पर KYC जरूरी होती है. यह लिमिट समय-समय पर बदल सकती है, इसलिए ताजा जानकारी ऐप में ही देखें. KYC के लिए ऐप के Locker सेक्शन में सेटिंग्स आइकॉन से PAN की डिटेल भरनी होती है.

ख़रीदा हुआ गोल्ड कहाँ स्टोर रहता है?

ऐप के अनुसार Jar डिजिटल गोल्ड SafeGold से खरीदता है और आपके नाम की उतनी ही मात्रा का 24K सोना बीमाकृत वॉल्ट में रखा जाता है, जिसकी देखरेख एक ट्रस्टी कंपनी करती है. हर खरीद की रसीद ऐप के अंदर दिखती है — उसमें ग्राम, रेट और पार्टनर का नाम लिखा रहता है.

Jar App का कस्टमर केयर नंबर क्या है?

Google या YouTube पर मिलने वाले किसी भी ‘Jar customer care number’ पर कॉल न करें — ये लगभग हमेशा ठगों के नंबर होते हैं जो स्क्रीन शेयर या OTP मांगकर अकाउंट खाली कर देते हैं. सपोर्ट सिर्फ ऐप के अंदर Help/Support सेक्शन से लें. ठगी हो जाए तो 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें.

Jar ऐप कैसे बंद करें?

पहले ऐप में डेली सेविंग और Save as you spend बंद करें, फिर अपने UPI ऐप की Autopay/Mandates सूची से Jar का मैंडेट भी कैंसिल करें. इसके बाद पूरा सोना बेचकर पैसे बैंक में निकाल लें और तब ऐप के Help सेक्शन से अकाउंट डिलीट की रिक्वेस्ट डालें. सिर्फ अनइंस्टॉल करने से ऑटो-डेबिट बंद नहीं होता.

Jar इस्तेमाल करते हुए आपका कोई अनुभव अलग रहा हो — अच्छा या बुरा — तो कमेंट में लिखिए. ख़ासकर पैसे निकालने में लगे समय के बारे में, क्योंकि वही सबसे ज़्यादा पूछा जाता है और उसी के आधार पर हम यह लेख अपडेट करते रहते हैं.

इन्हें भी पढ़ें:

Hindi Sink को फॉलो करें

@hindisinkofficial

नई Pocket FM कहानियों, स्टोरी गाइड और ताज़ा अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

विज्ञापन
🔒 Link Safety Checker — कोई भी link safe है या नहीं, यहाँ जाँचें