Game download kaise karte hain? गेम डाउनलोड करने का सीधा तरीका यह है — फोन में Google Play Store खोलिए, नीचे Games टैब में जाइए, गेम का नाम लिखकर सर्च कीजिए और Install दबा दीजिए. इंटरनेट ठीक हो तो 50-100MB का गेम दो-तीन मिनट में डाउनलोड होकर अपने-आप इंस्टॉल हो जाता है.
नीचे यही काम स्क्रीनशॉट के साथ है, और उसके बाद वो हालात भी हैं जिनमें लोग अटकते हैं — iPhone में, लैपटॉप में, कीपैड वाले फोन में, कम स्टोरेज वाले फोन में, और जब गेम डाउनलोड ही नहीं हो रहा हो.

लेख की रूपरेखा — 20 विषय
- Game डाउनलोड कैसे करते हैं (Play Store से)
- Google से Game कैसे Download करें (Google सर्च के जरिए)
- iPhone में Game कैसे Download करें
- बिना Play Store के गेम डाउनलोड कैसे करें (APK)
- Laptop या PC में Game कैसे डाउनलोड करें
- कीपैड या Jio Phone में गेम कैसे डाउनलोड करें
- कम स्टोरेज वाले छोटे फोन में गेम कैसे डाउनलोड करें
- Game डाउनलोड नहीं हो रहा? ये चीजें जांचिए
- Game कहां से डाउनलोड करना चाहिए
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
- गेम डाउनलोड करने वाले ऐप का नाम क्या है?
- फ्री में गेम कैसे डाउनलोड करते हैं?
- गेम डाउनलोड होने में कितना डेटा लगता है?
- क्या APK से गेम डाउनलोड करना सुरक्षित है?
- डाउनलोड किया हुआ गेम कहां मिलता है?
- Google per game download kaise karen?
- Google mein bina download kiye game kaise khelen?
- Hindi Sink को फॉलो करें
Game डाउनलोड कैसे करते हैं (Play Store से)
शुरू करने से पहले दो चीजें देख लें — फोन में गेम के साइज से कम से कम दोगुनी खाली जगह हो, और Play Store आपकी Gmail ID से लॉगिन हो. बड़े गेम जैसे BGMI या Free Fire MAX पहली बार खोलने पर और 1-2GB का डेटा अलग से उतारते हैं, वो साइज Play Store पर नहीं दिखता.
1. फोन में Play Store ऐप खोलें.

2. नीचे दिए Games टैब पर क्लिक करें.

3. ऊपर दिए Search Box से गेम खोजें, या नीचे स्क्रॉल करके Top free, New और Offline जैसी लिस्ट देखें. Google Play रिचार्ज से पैसे वाले गेम भी यहीं से खरीदे जाते हैं.

4. गेम का नाम लिखें. नाम याद न हो तो जैसा चाहिए वैसा लिख दें — “Car Wala Game”, “Train Wala Game”, “Cricket Game Offline”. Play Store हिंदी में लिखा हुआ भी समझ लेता है.

5. लिस्ट में से गेम के नाम पर क्लिक करें. असली गेम पहचानने का तरीका — डेवलपर का नाम देखिए (जैसे Free Fire के आगे Garena लिखा होगा) और डाउनलोड की संख्या देखिए. नकली कॉपी में नाम मिलता-जुलता होता है पर डेवलपर अनजान होता है. मोबाइल ऐप क्या है में यह फर्क और विस्तार से है.

6. Install पर क्लिक करें. डाउनलोड शुरू होकर अपने-आप इंस्टॉल भी हो जाता है.

7. Install की जगह Play लिखा आ जाए तो समझिए गेम तैयार है.

Play Store से ऐप और गेम इंस्टॉल करने का आधिकारिक तरीका Google Play Help Center पर भी दिया गया है।
Google से Game कैसे Download करें (Google सर्च के जरिए)
बहुत से लोग Play Store सीधे खोलने की जगह Google या Chrome में गेम का नाम लिखकर खोजते हैं. यह तरीका भी ठीक है, बस डाउनलोड आखिर में Play Store से ही होना चाहिए, किसी अनजान वेबसाइट से नहीं.
मोबाइल में Google से गेम डाउनलोड करने के स्टेप
- फोन में Google ऐप या Chrome खोलें.
- सर्च बॉक्स में गेम का नाम और उसके साथ “Play Store” लिखें, जैसे “Ludo King Play Store”.
- नतीजों में वह लिंक चुनें जिसके नीचे play.google.com लिखा हो. “Sponsored” वाले नतीजे और “apk download” वाली साइटें छोड़ दें.
- लिंक खोलते ही फोन में Play Store ऐप का गेम पेज खुल जाएगा. डेवलपर का नाम मिलाकर Install दबाएँ.
- Install की जगह Play दिखे तो गेम तैयार है और ऐप ड्रॉअर में मिल जाएगा.
लैपटॉप पर Google से फोन में गेम भेजना
कंप्यूटर पर Google में वही सर्च करके play.google.com वाला पेज खोलें और उसी Gmail ID से लॉगिन करें जो फोन के Play Store में है. Install दबाने पर डिवाइस चुनने का विकल्प आता है, अपना फोन चुनें. फोन में इंटरनेट चालू होने पर गेम उसमें अपने-आप डाउनलोड हो जाता है. यह तरीका मोबाइल गेम के लिए है; लैपटॉप में खेलने वाले गेम के लिए नीचे बताए Microsoft Store, Steam या Epic Games Store ही सही हैं.
iPhone में Game कैसे Download करें
iPhone और iPad में Play Store नहीं होता, वहां App Store होता है. नीले रंग का App Store आइकॉन खोलिए, नीचे Games टैब पर जाइए, सर्च कीजिए और Get दबाकर Face ID, Touch ID या Apple ID का पासवर्ड डाल दीजिए.
दो बातें जो एंड्रॉयड से अलग हैं: iPhone में APK फाइल नाम की कोई चीज नहीं चलती, इसलिए बाहर से गेम डालने का सवाल ही नहीं उठता. और पैसे वाला गेम खरीदने के लिए Apple ID में कार्ड या iTunes गिफ्ट कार्ड जुड़ा होना चाहिए, UPI सीधे नहीं चलता.
बिना Play Store के गेम डाउनलोड कैसे करें (APK)
कई बार गेम Play Store से हट जाता है, या आपके इलाके/फोन के लिए उपलब्ध नहीं होता. ऐसे में APK फाइल से इंस्टॉल किया जाता है. यहां साफ चेतावनी जरूरी है: गूगल पर “game name apk” सर्च करके पहली वेबसाइट खोल लेना सबसे बड़ी गलती है. वे पेज ज्यादातर विज्ञापन वाले फर्जी डाउनलोडर होते हैं जो असली गेम की जगह कोई और ऐप थमा देते हैं.
APK लेना ही हो तो सिर्फ इन जानी-मानी साइट से लें — APKMirror, APKPure या Uptodown. इनमें फाइल का साइज, वर्जन और डेवलपर का नाम साफ लिखा होता है. डाउनलोड से पहले तीन चीजें मिलाइए: डेवलपर का नाम Play Store वाले पेज जैसा ही हो, वर्जन नंबर मेल खाता हो, और फाइल का साइज कुछ MB का अजीब-सा न हो.
स्टेप 1: ब्राउज़र में ऊपर बताई साइट में से कोई एक खोलें और गेम का नाम सर्च करें.

स्टेप 2: गेम के पेज पर जाकर Download APK पर क्लिक करें. यहां अक्सर बड़े-बड़े नकली “Download” बटन वाले विज्ञापन दिखते हैं — असली बटन वही है जो पेज के बीच में गेम के नाम और वर्जन के साथ हो.

स्टेप 3: ब्राउज़र चेतावनी दे तो Download anyway चुनें. किसी लिंक पर शक हो तो पहले उस लिंक की सुरक्षा जांच लें.

स्टेप 4: डाउनलोड की प्रगति नोटिफिकेशन पैनल में दिखती रहेगी.

स्टेप 5: फाइल पर टैप करें. फोन पूछेगा कि इस ब्राउज़र को अनजान ऐप इंस्टॉल करने की इजाजत दें — Settings → Install unknown apps में जाकर सिर्फ उसी ब्राउज़र के लिए इजाजत दें, और काम होते ही वापस बंद कर दें. इंस्टॉल के बाद Play Protect स्कैन करने का विकल्प दे तो जरूर कराएं.
एक चीज बिल्कुल मत कीजिए — ऑनलाइन गेम (BGMI, Free Fire, COD) का mod APK या “unlimited diamond” वाला वर्जन. इनसे गेम अकाउंट हमेशा के लिए बैन हो जाता है और कई में पेमेंट ऐप्स की जानकारी चुराने वाला कोड छिपा होता है. BGMI से जुड़ी सही जानकारी के लिए BGMI इंडिया में कैसे खेलें पढ़ें.
Laptop या PC में Game कैसे डाउनलोड करें
विंडोज लैपटॉप में सबसे सुरक्षित जगह Microsoft Store है, क्योंकि वहां की हर फाइल वेरिफाइड होती है.
स्टेप 1: Windows आइकॉन दबाकर Microsoft Store सर्च करें और खोलें.

स्टेप 2: बाईं तरफ Gaming टैब पर क्लिक करें.

स्टेप 3: गेम का नाम लिखें और सही नतीजे पर क्लिक करें.

स्टेप 4: Install या Get बटन दबा दें. डाउनलोड पूरा होते ही वहीं Play लिखा आ जाएगा.

बड़े और मशहूर PC गेम Microsoft Store में कम मिलते हैं. उनके लिए दो फ्री और भरोसेमंद जगहें हैं:
- Steam (store.steampowered.com) — अकाउंट फ्री है. Free to Play कैटेगरी में सैकड़ों गेम बिना पैसे के मिलते हैं, और साल में दो बार होने वाली सेल में पैसे वाले गेम 70-80% सस्ते हो जाते हैं.
- Epic Games Store — यहां हर हफ्ते एक पूरा गेम मुफ्त दिया जाता है. उसे उस हफ्ते में सिर्फ “Get” करके अपने अकाउंट में डाल लीजिए, वो हमेशा के लिए आपका हो जाता है.
PC की एक बात याद रखिए — मोबाइल में गेम की फाइल .apk होती है, कंप्यूटर में .exe या .msi. अगर किसी वेबसाइट से डाउनलोड की फाइल .zip के अंदर .exe के बजाय setup.exe के साथ “password.txt” या “crack” जैसी चीजें दे रही है, तो वो पायरेटेड है और उसमें वायरस होने की पूरी आशंका है. फाइल मोबाइल से लैपटॉप में भेजनी हो तो कंप्यूटर और मोबाइल के बीच फाइल ट्रांसफर देख लीजिए.
कीपैड या Jio Phone में गेम कैसे डाउनलोड करें
कीपैड वाले JioPhone में Play Store नहीं होता. उसमें JioStore दिया रहता है — मेन्यू में उसे खोलिए, Games सेक्शन में जाइए और गेम चुनकर डाउनलोड दबा दीजिए. यहां गिने-चुने हल्के गेम ही मिलते हैं, बड़े गेम इन फोन में चलते ही नहीं.
अगर आपका फोन JioPhone Next या कोई और टचस्क्रीन एंड्रॉयड फोन है तो उसमें Play Store मिल जाता है और ऊपर बताया तरीका वैसे का वैसा काम करेगा.
कम स्टोरेज वाले छोटे फोन में गेम कैसे डाउनलोड करें
2GB RAM और 32GB स्टोरेज वाले फोन में भी गेम खेले जा सकते हैं, बस चुनाव सोच-समझकर करना होगा:
- Play Store में गेम के नाम के आगे Lite लिखकर सर्च करें. कई बड़े गेम के हल्के वर्जन 30-60MB में मिल जाते हैं.
- गेम के पेज पर Try now या Instant लिखा दिखे तो उसे दबाइए — वो गेम बिना इंस्टॉल किए चल जाता है.
- Play Store की Offline games लिस्ट देखें. ये छोटे भी होते हैं और डेटा भी नहीं खाते.
- पुराने गेम और ऐप हटाने के बाद भी जगह न बने तो फोन रीसेट करने से पहले Settings → Storage में “Cached data” जरूर साफ कर लें, अक्सर कई GB वहीं फंसे होते हैं.
Game डाउनलोड नहीं हो रहा? ये चीजें जांचिए
“Download pending” पर अटक जाना या बार-बार फेल होना आम है. क्रम से यह देखिए:
- खाली जगह — गेम के साइज से दोगुनी जगह चाहिए, क्योंकि इंस्टॉल के समय फाइल खुलती है.
- कोई और डाउनलोड चल रहा है क्या — Play Store एक बार में एक ही डाउनलोड करता है, बाकी कतार में “Pending” दिखते हैं. बाकी सब रोक दीजिए.
- मोबाइल डेटा की सेटिंग — Play Store → प्रोफाइल फोटो → Settings → Network preferences → App download preference को “Over any network” कर दें, वरना बड़ा गेम सिर्फ Wi-Fi पर उतरेगा.
- Play Store का कैश — Settings → Apps → Google Play Store → Storage → Clear cache. यह सबसे ज्यादा बार काम आने वाला उपाय है.
- फोन की तारीख और समय — गलत होने पर Play Store सर्वर से कनेक्ट ही नहीं होता. इसे Automatic कर दें.
- Download Manager — Settings → Apps → “Show system apps” → Download Manager अगर Disabled है तो Enable करें.
- गेम आपके फोन के लिए है भी या नहीं — “Your device isn’t compatible” का मतलब है कि RAM, एंड्रॉयड वर्जन या प्रोसेसर मेल नहीं खा रहा. ऐसे में APK डालने पर भी गेम क्रैश ही होगा.
Game कहां से डाउनलोड करना चाहिए
मोबाइल के लिए पहली पसंद हमेशा Google Play Store और iPhone में App Store ही रहनी चाहिए, क्योंकि वहां हर फाइल स्कैन होकर आती है. Play Store में गेम न मिले तभी APKMirror, APKPure या Uptodown जैसी साइट पर जाइए.
कंप्यूटर के लिए Microsoft Store, Steam, Epic Games Store और GOG भरोसेमंद हैं. “फ्री फुल वर्जन डाउनलोड” वाली साइटों से दूर रहिए — वहां मिलने वाले गेम पायरेटेड होते हैं और अक्सर उनके साथ माइनर या रैनसमवेयर चुपचाप इंस्टॉल हो जाता है.
एक आखिरी बात जो 2025 के बाद बदली है — भारत में असली पैसे लगाकर खेले जाने वाले ऑनलाइन गेम्स पर कानूनी रोक लग चुकी है, इसलिए कई पैसे वाले गेमिंग ऐप या तो बंद हो गए या उन्होंने पैसे वाले कॉन्टेस्ट हटा दिए. “गेम खेलकर पैसे कमाओ” का वादा करने वाला कोई भी APK अब सीधे-सीधे धोखा है.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
गेम डाउनलोड करने वाले ऐप का नाम क्या है?
एंड्रॉयड में Google Play Store और iPhone में App Store. ये दोनों हर फोन में पहले से मौजूद होते हैं, अलग से कुछ इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं. “गेम डाउनलोडर” नाम के जो ऐप Play Store पर मिलते हैं, उनकी कोई जरूरत नहीं होती.
फ्री में गेम कैसे डाउनलोड करते हैं?
Play Store के Games टैब में Top free लिस्ट खोलिए, वहां के सारे गेम मुफ्त हैं. PC पर Steam की Free to Play कैटेगरी और Epic Games Store का हर हफ्ते वाला फ्री गेम सबसे अच्छे विकल्प हैं.
गेम डाउनलोड होने में कितना डेटा लगता है?
छोटे ऑफलाइन गेम 20-100MB में आ जाते हैं. BGMI, Free Fire MAX या Call of Duty जैसे बड़े गेम पहली बार में 1GB से 3GB तक डेटा लेते हैं, क्योंकि इंस्टॉल के बाद वो अलग से रिसोर्स फाइल डाउनलोड करते हैं. ऐसे गेम Wi-Fi पर ही उतारें.
क्या APK से गेम डाउनलोड करना सुरक्षित है?
APKMirror, APKPure या Uptodown जैसी जानी-मानी साइट से, असली डेवलपर के नाम वाली फाइल हो तो आमतौर पर ठीक है. अनजान वेबसाइट, टेलीग्राम चैनल या mod/hack वाली फाइलें सुरक्षित नहीं हैं — इन्हीं से अकाउंट बैन और पैसे की चोरी होती है.
डाउनलोड किया हुआ गेम कहां मिलता है?
Play Store से इंस्टॉल हुआ गेम सीधे ऐप ड्रॉअर (होम स्क्रीन की ऐप लिस्ट) में आ जाता है. APK फाइल File Manager → Downloads फोल्डर में मिलती है और इंस्टॉल होने के बाद उस फाइल को हटाया जा सकता है, गेम चलता रहेगा.
इन्हें भी पढ़ें:
- खुद का Game कैसे बनाएं
- मोबाइल से आयुष्मान कार्ड कैसे बनाएं
- कार्टून वीडियो कैसे बनाएं
- मोबाइल से जीमेल आईडी कैसे बनाएं
- Photo Ka Size Kaise Kam Kare
गेम डाउनलोड करते समय कोई एरर आ रहा हो तो कमेंट में स्क्रीन पर लिखा पूरा मैसेज और अपने फोन का मॉडल बता दीजिए, उसी से पता चलता है कि दिक्कत स्टोरेज की है, नेटवर्क की या कम्पैटिबिलिटी की.
Google per game download kaise karen?
Google में गेम का नाम और “Play Store” लिखकर सर्च करें, फिर play.google.com वाला नतीजा खोलें. वह फोन में Play Store का गेम पेज खोल देता है, जहाँ Install दबाते ही डाउनलोड शुरू हो जाता है. APK वाली अनजान साइट और Sponsored नतीजे न खोलें.
Google mein bina download kiye game kaise khelen?
Chrome में इंटरनेट बंद होने पर डायनासोर वाला गेम खेला जा सकता है, और Google सर्च में “snake game”, “tic tac toe” या “solitaire” लिखने पर कुछ छोटे गेम सीधे सर्च पेज पर खुल जाते हैं. बड़े गेम के लिए डाउनलोड करना ही पड़ता है.






