मुख्य सामग्री पर जाएँ

Google One क्या है? प्लान, कीमत और स्टोरेज फुल का हल

Google One क्या है? प्लान, कीमत और स्टोरेज फुल का हल
विज्ञापन

Google One क्या है? Google One गूगल का पेड सब्सक्रिप्शन है जिसमें आप अपने गूगल अकाउंट का स्टोरेज 15GB से बढ़ाकर 100GB, 200GB या 2TB कर लेते हैं. यही खरीदा हुआ स्टोरेज Google Photos, Google Drive और Gmail तीनों में एक साथ काम आता है. खरीदने में दो मिनट लगते हैं — Google One ऐप खोलिए, Upgrade पर टैप कीजिए, प्लान चुनिए और UPI से पेमेंट कर दीजिए.

Google One Kya Hai

पर पैसे देने से पहले एक बात जान लीजिए — ज़्यादातर लोगों का 15GB इसलिए भरता है क्योंकि Gmail में भारी अटैचमेंट और Drive का ट्रैश पड़ा रहता है, स्टोरेज असल में कम पड़ा ही नहीं होता. नीचे दोनों बातें हैं: प्लान की कीमत भी, और बिना पैसे दिए जगह बनाने का तरीका भी.

इस लेख में आप जानेंगे

लेख की रूपरेखा — 20 विषय

Google One क्या है और यह किस काम आता है

जब भी आप कोई नया गूगल अकाउंट बनाते हैं, उसके साथ 15GB स्टोरेज फ्री मिलता है. यह 15GB अकेले Drive का नहीं है — Gmail के मेल और अटैचमेंट, Google Drive की फाइलें और Google Photos के फोटो-वीडियो, तीनों मिलकर इसी 15GB में समाते हैं. जून 2021 से पहले Google Photos का “हाई क्वालिटी” बैकअप इस लिमिट से बाहर था, अब नहीं है. इसी वजह से आजकल स्टोरेज इतनी जल्दी भरता है.

Google One मई 2018 में आया था और इसे आप मोबाइल ऐप या one.google.com दोनों से चला सकते हैं. एक बात साफ़ रखिए: Google One कोई अलग ऐप नहीं है जिसमें फाइलें रखी जाती हैं. यह सिर्फ़ आपके उसी पुराने गूगल अकाउंट का स्टोरेज बढ़ा देता है. फाइलें वहीं रहेंगी जहाँ पहले थीं — Drive में, Photos में, Gmail में.

एक और बात जो लोग पूछते हैं — WhatsApp का चैट बैकअप भी अब Android पर गूगल अकाउंट के स्टोरेज में ही गिना जाता है, पहले वह अलग और मुफ़्त था. अगर आपका बैकअप कई GB का है तो WhatsApp बैकअप की सेटिंग एक बार देख लीजिए, वीडियो शामिल करना बंद करते ही काफ़ी जगह बच जाती है.

Google One के प्लान और कीमत

भारत में तीन आम प्लान चलते हैं. कीमतें गूगल समय-समय पर बदलता रहता है और पहली बार लेने वालों को अक्सर आधे दाम का ऑफर दिखता है, इसलिए फ़ाइनल रकम हमेशा ऐप के Upgrade पेज पर ही देखें.

100GB (Basic) — करीब ₹130 प्रतिमाह

यही प्लान 90% लोगों के लिए काफ़ी है. 100GB में एक आम यूज़र के कई साल के फोटो-वीडियो आ जाते हैं. इसे परिवार के 5 और लोगों के साथ शेयर किया जा सकता है, यानी कुल 6 लोग. सालाना लेने पर करीब दो महीने के बराबर की बचत होती है.

Google 1 Kya Hai

200GB (Standard) — करीब ₹210 प्रतिमाह

100GB और 200GB के बीच कीमत का फ़र्क़ बहुत बड़ा नहीं है, इसलिए अगर आप रोज़ लंबे वीडियो शूट करते हैं तो सीधे यही लीजिए. फीचर दोनों में एक जैसे ही हैं, सिर्फ़ जगह ज़्यादा मिलती है.

विज्ञापन

2TB (Premium) — करीब ₹650 प्रतिमाह

2TB यानी 2048GB. यह प्लान उन्हीं के लिए है जो कैमरे की रॉ फाइलें, 4K वीडियो या क्लाइंट का डेटा गूगल पर रखते हैं. आम फोन यूज़र के लिए यह ज़रूरत से बहुत ज़्यादा है — मैंने कई लोगों को 2TB लेकर उसमें 40GB भी इस्तेमाल न करते देखा है.

Gemini/AI वाला महँगा प्लान

इसके ऊपर एक और सब्सक्रिप्शन है जिसमें 2TB स्टोरेज के साथ Gemini के प्रीमियम मॉडल, ज़्यादा लिमिट और Gmail-Docs में AI फीचर मिलते हैं. गूगल इसका नाम बदलता रहा है — पहले यह “Google One AI Premium” था, अब इसे Google AI Pro के नाम से बेचा जाता है, और ऊपर एक और महँगा AI Ultra टियर भी है. भारत में इसकी कीमत करीब ₹1,950 प्रतिमाह रही है, लेकिन ऑफर और स्टूडेंट छूट आते-जाते रहते हैं, इसलिए आज का रेट ऐप में ही देखें.

सीधी सलाह: अगर आपको सिर्फ़ फोटो का बैकअप चाहिए, AI वाला प्लान मत लीजिए. और अगर Gemini को आज़माना है तो पहले उसका फ्री वर्ज़न इस्तेमाल करके देखिए — Gemini और Google Assistant से हिंदी में बात कैसे करें वाले लेख में वह तरीका दिया है.

भारत में मौजूदा प्लान और कीमत बदल सकती है, इसलिए ख़रीदने से पहले Google One का आधिकारिक प्लान पेज ज़रूर देख लें।

Google One में स्टोरेज के अलावा क्या मिलता है

परिवार के साथ शेयरिंग: एक प्लान को 5 और लोगों के साथ बाँटा जा सकता है. सबका अपना अकाउंट और अपनी फाइलें अलग रहती हैं, कोई किसी का डेटा नहीं देख पाता, बस जगह साझा होती है. घर में एक ही प्लान लेकर सबका काम चल जाता है.

Google Photos के एक्स्ट्रा एडिटिंग टूल: Magic Eraser जैसे कुछ टूल मेंबर्स को ही मिलते हैं. सामान्य फोटो एडिटिंग के लिए यह ज़रूरी नहीं, पर काम का है.

Google Experts से सपोर्ट: ऐप के अंदर से चैट या कॉल पर गूगल का सपोर्ट मिलता है. यह सिर्फ़ Google One का नहीं, बाकी गूगल प्रोडक्ट की दिक्कतों में भी काम आता है.

VPN अब नहीं मिलता: यह बात ज़्यादातर पुराने लेखों में गलत लिखी है. गूगल ने 2024 में Google One का VPN फीचर बंद कर दिया था. अगर आपने VPN के लालच में प्लान लेने का मन बनाया है तो रुक जाइए — अपना IP एड्रेस छिपाने के लिए अब आपको अलग से कोई VPN लेना होगा.

डार्क वेब रिपोर्ट भी अब फ्री है: पहले यह Google One मेंबर्स का फीचर था. अब यह सभी गूगल अकाउंट वालों को मुफ़्त मिलता है, इसलिए इसके लिए भी पैसे देने की ज़रूरत नहीं. यह बताता है कि आपका ईमेल या नंबर किसी लीक हुए डेटाबेस में तो नहीं है — वैसे ही जैसे मोबाइल नंबर से जानकारी ढूँढने वाले दावों की असलियत परखनी पड़ती है.

विज्ञापन

Google One कैसे लें — स्टेप बाय स्टेप

ऐप गूगल प्ले स्टोर से इंस्टॉल कीजिए या ब्राउज़र में one.google.com खोलिए. दोनों जगह स्टेप एक जैसे हैं. ध्यान रखिए कि आप उसी अकाउंट में लॉगिन हों जिसका स्टोरेज बढ़ाना है — गलत अकाउंट में प्लान लग जाना सबसे आम गलती है.

1. Google One ऐप खोलें. Continue as (आपका नाम) पर टैप करें और देख लें कि नीचे लिखी ईमेल आईडी वही है जो आपको चाहिए.

Google One App Kya Hai

2. Get started पर टैप करें.

Google 1 App Kya Hai

3. डैशबोर्ड खुलेगा जिसमें दिखेगा कि अभी कितना स्टोरेज भरा है. Upgrade पर टैप करें.

गूगल वन

4. प्लान चुनें. यहीं ऊपर Monthly और Yearly का टॉगल होता है — सालाना वाला सस्ता पड़ता है. प्लान के नीचे दिए Get offer या Subscribe पर टैप करें.

गूगल वन क्या है

5. समरी में तारीख़ देख लें कि पहला चार्ज कब लगेगा और ऑफर की कीमत कब तक है. फिर Subscribe पर टैप करें.

Google One Kaise Use Kare

6. पेमेंट Google Play के ज़रिए होता है. UPI चुनने पर UPI PIN डालना होगा, कार्ड चुनने पर बैंक का OTP. Google Pay से पेमेंट सबसे तेज़ बैठता है.

7. पेमेंट होते ही स्टोरेज तुरंत बढ़ जाता है. अब फोटो, वीडियो और बाकी फाइलें पहले की तरह अपलोड करते रहिए. कहीं कुछ और सेट करने की ज़रूरत नहीं पड़ती.

Google स्टोरेज फुल हो गया है तो बिना पैसे दिए जगह कैसे बनाएं

स्टोरेज भरते ही Gmail पर नए मेल आने बंद हो जाते हैं और Photos का बैकअप रुक जाता है — यही डर लोगों से प्लान खरीदवा देता है. प्लान लेने से पहले 10 मिनट ये चीज़ें कर लीजिए, बहुत बार काम बन जाता है.

  • Google One ऐप में नीचे Storage टैब खोलिए. वहाँ Free up account storage या Storage manager मिलता है, जो सबसे बड़ी और बेकार फाइलें खुद छाँटकर दिखा देता है.
  • Gmail के सर्च बॉक्स में has:attachment larger:10M लिखकर सर्च कीजिए. भारी अटैचमेंट वाले पुराने मेल सबसे ज़्यादा जगह खाते हैं.
  • Gmail के Spam और Trash को खाली कीजिए. ट्रैश में पड़ा मेल भी 30 दिन तक जगह घेरता रहता है.
  • Google Photos और Drive का Bin/Trash अलग-अलग होता है, दोनों खाली कीजिए. मिटाई हुई फाइल 30 दिन तक वहीं रहती है और जगह तब तक खाली नहीं होती.
  • Google Photos की सेटिंग में बैकअप क्वालिटी Original से Storage saver कर दीजिए. आँख से फ़र्क़ नहीं दिखता, जगह आधी से कम लगती है.
  • स्क्रीनशॉट, व्हाट्सएप के फॉरवर्ड किए फोटो और धुंधले डुप्लिकेट हटा दीजिए. बहुत बड़े फोटो भेजने से पहले फोटो का साइज़ कम करने की आदत डाल लें.

ईमानदारी से कहूँ तो अगर आपके फोन में पाँच-छह साल के फोटो जमा हैं, तो ये सफ़ाई एक-दो बार ही काम आएगी. बार-बार यही झंझट करने से बेहतर है 100GB ले लेना.

विज्ञापन

Google One और Google Drive में क्या अंतर है

Google Drive वह जगह है जहाँ फाइलें रखी जाती हैं — PDF, डॉक्युमेंट, प्रेजेंटेशन, वीडियो, सब कुछ. Google One कोई जगह नहीं है, वह सिर्फ़ एक सब्सक्रिप्शन है जो उस जगह की लिमिट बढ़ा देता है. इसीलिए Google One लेने के बाद भी आप फाइलें Drive में ही खोलेंगे, Google One ऐप में नहीं.

एक फ़र्क़ और है जो काम का है: Google One ऐप में फोन का बैकअप (कॉन्टैक्ट, SMS, फोटो, ऐप डेटा) चालू करने का विकल्प मिलता है. यह फ़ीचर फोन बदलते समय या रीसेट करने से पहले बहुत काम आता है.

Google One कैंसिल कैसे करें

दो रास्ते हैं. Google One ऐप में ऊपर अपनी प्रोफाइल फोटो या Settings में जाकर Cancel subscription चुनिए. या फिर Google Play स्टोर खोलिए, प्रोफाइल फोटो पर टैप कीजिए, Payments and subscriptions > Subscriptions में जाइए और Google One चुनकर Cancel subscription दबाइए.

कैंसिल करने के बाद जो ज़रूरी बात समझनी चाहिए: जिस तारीख़ तक का पैसा दिया है उस दिन तक स्टोरेज चलता रहेगा, तुरंत बंद नहीं होता. उसके बाद आप वापस 15GB पर आ जाते हैं. आपकी फाइलें मिटती नहीं हैं, लेकिन अगर आपका डेटा 15GB से ज़्यादा है तो नया कुछ अपलोड नहीं होगा और Gmail पर नए मेल आना बंद हो सकते हैं. गूगल की पॉलिसी यह भी है कि दो साल तक लगातार लिमिट से ऊपर रहने पर वह कंटेंट हटा सकता है — इसलिए कैंसिल करने से पहले ज़रूरी फाइलें कंप्यूटर पर उतार लीजिए.

Google One किसे लेना चाहिए और किसे नहीं

लेना चाहिए अगर आप रोज़ फोटो-वीडियो बनाते हैं, फोन गुम होने पर डेटा जाने का डर है, घर में कई लोगों का स्टोरेज भर चुका है (एक प्लान छह लोगों में बँट जाता है), या आप रिज्यूमे और बिज़नेस के डॉक्युमेंट जैसी फाइलें गूगल पर ही रखते हैं.

नहीं लेना चाहिए अगर आपका 15GB सिर्फ़ इसलिए भरा है कि ट्रैश और भारी मेल साफ़ नहीं किए, या आपको सिर्फ़ VPN चाहिए था (वह अब मिलता ही नहीं), या आपके पास फोन में मेमोरी कार्ड है और आप ऑनलाइन बैकअप रखते ही नहीं. जिन लोगों को बस एक-दो फाइल शेयर करनी है, उनके लिए यह पैसे की बर्बादी है. गूगल के मुफ़्त टूल और ट्रिक्स से ही ज़्यादातर काम निकल जाता है.

विज्ञापन

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या Google One सेफ है

हाँ, यह गूगल का अपना प्रोडक्ट है और फाइलें उन्हीं सर्वर पर रहती हैं जहाँ आपका Gmail और Drive रहता है. सुरक्षा की असली कमज़ोरी आपका अकाउंट है, सर्विस नहीं — इसलिए गूगल अकाउंट पर 2-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखिए और पासवर्ड कहीं और मत दोहराइए.

क्या Google One फ्री में मिल सकता है

पूरा प्लान फ्री नहीं मिलता. हाँ, नए फोन खरीदने पर, कुछ बैंक कार्ड पर या टेलीकॉम ऑफर के साथ कुछ महीनों का ट्रायल मिल जाता है. ऐप के Upgrade पेज पर आपके अकाउंट के लिए उपलब्ध ऑफर दिख जाते हैं. जो वेबसाइटें “फ्री Google One कोड” देने का दावा करती हैं, वे ज़्यादातर फ़र्ज़ी हैं.

Google One का स्टोरेज खत्म होने पर क्या होता है

नया डेटा अपलोड होना रुक जाता है — Photos का बैकअप ठहर जाता है, Drive में फाइल सेव नहीं होती और नए ईमेल आना बंद हो सकते हैं. पुराना डेटा तुरंत मिटता नहीं. या तो जगह खाली कीजिए या अगला प्लान लीजिए.

क्या Google One में VPN मिलता है

अब नहीं. गूगल ने 2024 में यह फीचर बंद कर दिया था. इंटरनेट पर पड़े कई पुराने लेख अब भी “फ्री VPN” गिनाते हैं, उन पर भरोसा न करें.

एक प्लान कितने लोग इस्तेमाल कर सकते हैं

आप और 5 फैमिली मेंबर, यानी कुल 6 लोग. शेयर करने के लिए Google One ऐप में Family या Manage family group में जाकर सबको इनवाइट करना होता है. सबका स्टोरेज उसी पूल से कटता है, इसलिए किसी एक ने 2TB में से 1.5TB भर दिया तो बाकी के लिए कम बचेगा.

प्लान बदलकर बड़ा या छोटा किया जा सकता है

हाँ. उसी Upgrade पेज से प्लान बदला जा सकता है. बड़ा प्लान लेने पर बदलाव तुरंत लागू होता है और बचा हुआ पैसा एडजस्ट हो जाता है; छोटा प्लान लेने पर बदलाव आम तौर पर मौजूदा बिलिंग साइकिल खत्म होने पर लगता है.

इन्हें भी पढ़ें:

प्लान लेने में या स्टोरेज खाली करने में कहीं अटक रहे हों तो कमेंट में अपना सवाल लिख दीजिए.

Hindi Sink को फॉलो करें

@hindisinkofficial

नई Pocket FM कहानियों, स्टोरी गाइड और ताज़ा अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

विज्ञापन
🔒 Link Safety Checker — कोई भी link safe है या नहीं, यहाँ जाँचें