मोबाइल नंबर से लोकेशन कैसे पता करें या mobile number se address kaise nikale — यह सवाल हर दिन हजारों लोग सर्च करते हैं. सीधा और ईमानदार जवाब यह है: किसी अनजान मोबाइल नंबर की लाइव लोकेशन आम आदमी ऑनलाइन पता नहीं कर सकता. जो वेबसाइट और ऐप्स “live location on map” दिखाने का दावा करते हैं, वे असल में उस व्यक्ति की लोकेशन नहीं दिखा रहे होते.

यही बात mobile number se address kaise nikale पर भी लागू होती है — किसी नंबर से उसके मालिक का घर का पता निकालने वाली कोई वैध सुविधा आम लोगों के लिए है ही नहीं. इस लेख में चार चीजें हैं: ये ऐप और वेबसाइट असल में क्या दिखाती हैं, Truecaller पर लिखे “location” का असली मतलब क्या है, अपना खोया फोन ढूंढने और चोरी हुआ हैंडसेट ब्लॉक कराने के वे तरीके जो सच में काम करते हैं, और अनजान नंबर से परेशान होने पर कानूनी रास्ता क्या है.
लेख की रूपरेखा — 24 विषय
- क्या किसी भी मोबाइल नंबर की लाइव लोकेशन ऑनलाइन पता चल सकती है?
- किसी नंबर की सही लोकेशन online कैसे पता करें: क्या-क्या वाकई मुमकिन है
- फिर Number Locator जैसे ऐप और वेबसाइट नक्शे पर क्या दिखाते हैं?
- Truecaller से क्या पता चलता है और क्या नहीं
- मोबाइल नंबर से Address कैसे निकालें — क्या यह मुमकिन है?
- मोबाइल की लोकेशन कैसे चेक करें — अपना खोया फोन Find Hub से ढूंढें
- फोन चोरी हो गया है तो CEIR से हैंडसेट ब्लॉक करवाएँ
- कोई अनजान नंबर से परेशान कर रहा है तो क्या करें
- परिवार के साथ लोकेशन शेयर करना (वैध और आसान तरीका)
- Mobile नंबर से Location कैसे पता करें — FAQs
- क्या सच में मोबाइल नंबर से किसी की लाइव लोकेशन पता की जा सकती है?
- मोबाइल नंबर से address कैसे निकाले?
- किसी अनजान नंबर का नाम कैसे पता करें?
- Truecaller पर जो location दिखता है वह क्या है?
- मेरा फोन खो गया है, अब क्या करूँ?
- IMEI नंबर से लोकेशन पता की जा सकती है क्या?
- मोबाइल की लोकेशन शेयर कैसे करें?
- क्या बंद फोन की लोकेशन पता चल सकती है?
- Mobile number ki sahi location online kaise pata kare?
- Truecaller se location kaise nikale?
- Phone number ki location kaise check kare?
- संक्षेप में — क्या काम करता है और क्या नहीं
क्या किसी भी मोबाइल नंबर की लाइव लोकेशन ऑनलाइन पता चल सकती है?
नहीं. किसी चालू फोन की असली, रियल-टाइम लोकेशन सिर्फ उसी टेलीकॉम कंपनी के पास होती है जिसका सिम उसमें लगा है — क्योंकि वही जानती है कि वह हैंडसेट इस वक्त किस मोबाइल टावर से जुड़ा है. यह जानकारी किसी पब्लिक वेबसाइट को नहीं दी जाती.
भारत में यह डेटा किसे और कैसे मिल सकता है, यह दूरसंचार अधिनियम 2023 और उसके तहत बने Lawful Interception Rules 2024 से तय होता है. इन नियमों के मुताबिक केवल केंद्र सरकार द्वारा अधिकृत एजेंसियाँ (कानून-प्रवर्तन और सुरक्षा एजेंसियाँ) ही, एक लिखित इंटरसेप्शन ऑर्डर पर, टेलीकॉम कंपनी से यह जानकारी माँग सकती हैं. यह काम भी नामित नोडल अधिकारियों के ज़रिये ही होता है. यानी आम नागरिक के लिए यह रास्ता खुला ही नहीं है — किसी ऐप या ट्रिक से नहीं.
इसलिए जब कोई साइट कहती है कि “बस नंबर डालिए और नक्शे पर लोकेशन देखिए”, तो वह जो दिखा रही है वह लोकेशन नहीं, कुछ और है. वह क्या है, आगे समझिए.
किसी नंबर की सही लोकेशन online कैसे पता करें: क्या-क्या वाकई मुमकिन है
“मोबाइल नंबर की सही लोकेशन online” सर्च करने वाले ज़्यादातर लोग किसी वेबसाइट के बॉक्स में सीधे नंबर डाल देते हैं. उससे पहले यह छोटी सूची देख लीजिए कि किसी नंबर से असल में क्या पता चल सकता है और क्या नहीं:
- ऑपरेटर और टेलीकॉम सर्कल: हाँ. यह नंबर की शुरुआती डिजिट्स से तय होता है और सार्वजनिक है. Number Locator ऐप और Truecaller इसी को “location” लिखकर दिखाते हैं.
- नाम: कभी-कभी. WhatsApp प्रोफाइल, UPI ऐप में पैसे भेजने वाली स्क्रीन (पैसे भेजे बिना) या Truecaller से नाम का अंदाज़ा मिलता है, पर वह गलत या पुराना भी हो सकता है.
- घर का पता: नहीं. सिम का KYC पता टेलीकॉम कंपनी के रिकॉर्ड में रहता है, किसी पब्लिक सर्च में नहीं आता.
- लाइव लोकेशन: नहीं. यह सिर्फ टेलीकॉम कंपनी के पास होती है और सिर्फ अधिकृत एजेंसियों को लिखित ऑर्डर पर मिलती है.
- अपने खोए फोन की लोकेशन: हाँ. Find Hub से, अगर फोन चालू है, इंटरनेट से जुड़ा है और उसमें आपका Google अकाउंट लॉग-इन है.
- परिवार की लोकेशन: हाँ. जब वे खुद Google Maps या WhatsApp से अपनी लाइव लोकेशन आपके साथ शेयर करें.
एक बात और: जब आप किसी अनजान वेबसाइट पर किसी का नंबर डालते हैं, तो वह नंबर उस वेबसाइट के पास पहुँच जाता है, और बदले में आपको सिर्फ सर्कल वाला एक पिन मिलता है. इसलिए किसी और का नंबर ऐसी साइटों पर डालने से बचिए. अगर वह नंबर आपको परेशान कर रहा है, तो नीचे दिए Chakshu, cybercrime.gov.in या 1930 वाले रास्ते अपनाइए.
फिर Number Locator जैसे ऐप और वेबसाइट नक्शे पर क्या दिखाते हैं?
भारत में हर मोबाइल नंबर की शुरुआती डिजिट्स (नंबरिंग सीरीज) से यह पता चल जाता है कि वह नंबर किस ऑपरेटर को और किस टेलीकॉम सर्कल (जैसे UP East, Maharashtra, Delhi) को आवंटित हुआ था. यह जानकारी सार्वजनिक है और इसी पर ये सारे “नंबर लोकेटर” चलते हैं.
ये ऐप्स नंबर डालने पर उसी सर्कल या राज्य के किसी बिंदु पर नक्शे में पिन लगा देते हैं और उसे “Live Location” लिख देते हैं. नीचे इसी तरह के एक ऐप के स्क्रीनशॉट हैं — इन्हें ध्यान से देखिए, ताकि आप इस पैटर्न को पहचान सकें और दोबारा इनके झांसे में न आएँ.

1. ऐप खुलते ही Location और Phone की परमिशन माँगता है. गौर कीजिए — यह आपकी लोकेशन की परमिशन है, उस दूसरे नंबर की नहीं. दूसरे व्यक्ति की लोकेशन देने के लिए किसी परमिशन की जरूरत ही नहीं पड़ती, क्योंकि ऐप उसे दे ही नहीं सकता.


2. नंबर डालने पर जो “डिटेल्स” आती हैं, वे ऑपरेटर और सर्कल तक सीमित होती हैं. इसे आप खुद टेस्ट कर सकते हैं: एक ही सीरीज के दो अलग-अलग नंबर डालिए — जिनके मालिक भले ही अलग-अलग शहरों में बैठे हों, दोनों का नतीजा एक जैसा आएगा. यही सबूत है कि यह व्यक्ति की लोकेशन नहीं है.


3. आखिर में नक्शे पर एक पिन दिख जाता है. यह पिन उस सर्कल/राज्य का एक अनुमानित बिंदु है — उस इंसान का घर या मौजूदा जगह नहीं. इसी तरह की वेबसाइटों (जैसे नंबर ट्रेस करने वाली साइटें) का भी यही तरीका है:


इन ऐप्स को इंस्टॉल करने का असली नुकसान
- ये अक्सर आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट, कॉल लॉग, लोकेशन और स्टोरेज की परमिशन माँगते हैं — यानी जिस जानकारी को आप बचाना चाहते थे, वही आप खुद दे देते हैं.
- कमाई का मॉडल पूरी तरह विज्ञापन पर होता है, इसलिए हर क्लिक पर फुल-स्क्रीन ऐड आते हैं और बैटरी-डेटा दोनों खर्च होते हैं.
- कई ऐप्स के नाम और पैकेज-नेम जाने-माने ब्रांड्स से मिलते-जुलते रखे जाते हैं ताकि भरोसा लगे. इंस्टॉल करने से पहले डेवलपर का नाम जरूर देखें.
- कोई भी ऐप जो “किसी का भी नंबर ट्रैक करो” का वादा करे, वह या तो झूठ बोल रहा है या आपको ऐसा काम करने के लिए उकसा रहा है जो अपराध है (नीचे देखें).
Truecaller से क्या पता चलता है और क्या नहीं
Truecaller एक caller-ID ऐप है. यह अपने करोड़ों यूजर्स से मिले नाम-डेटा के आधार पर बताता है कि नंबर किसका है, और नंबर सीरीज के आधार पर उसका ऑपरेटर और रजिस्टर्ड टेलीकॉम सर्कल दिखाता है. सर्च रिजल्ट में जो “location” जैसा शब्द दिखता है, वह यही रजिस्टर्ड सर्कल है — व्यक्ति की मौजूदा जगह नहीं.
इसका मतलब: दिल्ली की सीरीज का नंबर लेकर कोई व्यक्ति सालों से चेन्नई में रह रहा हो, तो भी Truecaller “Delhi” ही दिखाएगा. नंबर पोर्ट (MNP) कराने पर भी सर्कल वही पुराना दिखता रहता है. यानी इससे कोई निष्कर्ष निकालना गलत है.
फिर भी अनजान कॉल की पहचान के लिए यह उपयोगी है. सेटअप का तरीका नीचे स्क्रीनशॉट के साथ है — Play Store से ऐप डाउनलोड करें.
1. Truecaller ऐप को ओपन करके Get Started पर क्लिक करें.

2. इसके बाद एक पॉप-अप खुलेगा जिसमे Cancel पर क्लिक करें.

3. अगले पॉप-अप में भी Cancel पर क्लिक करें. अगर आप चाहते हैं कि Truecaller ही आपका डिफ़ॉल्ट कॉलर-आईडी ऐप बने, तभी Set as Default चुनें.

4. अब ऐप कुछ Permissions माँगेगा. ध्यान रखें कि कॉन्टैक्ट परमिशन देने पर आपकी फोनबुक के नाम भी इस सेवा में जुड़ सकते हैं — यह तय आप करें, न कि ऐप.

5. अपना मोबाइल नंबर डाल कर Verify My Number पर क्लिक करें, फिर पॉप-अप में Confirm करें.


6. अगले पेज में Agree & Continue पर क्लिक करें और अपनी Profile बनाएँ.


7. Live Caller ID इनेबल करने का विकल्प आता है, जिससे अनजान नंबर से कॉल आने पर नाम दिखता है. आप इसे बाद में सेटिंग्स से भी ऑन कर सकते हैं.

8. होम स्क्रीन पर ऊपर दिए गए Search बार में नंबर डालिए. जो नाम, ऑपरेटर और सर्कल दिखेगा — बस उतना ही भरोसेमंद मानिए. नाम भी दूसरे यूजर्स का सेव किया हुआ होता है, इसलिए वह गलत या पुराना भी हो सकता है.


मोबाइल नंबर से Address कैसे निकालें — क्या यह मुमकिन है?
“नंबर से नाम और पता” वाली खोज सबसे ज़्यादा तब होती है जब किसी अनजान नंबर से कॉल आया हो, या ऑनलाइन कुछ बेचते-खरीदते समय सामने वाले पर भरोसा न हो. साफ़ बात यह है — किसी नंबर के मालिक का घर का पता आपको कहीं नहीं मिलेगा. सिम लेते समय जो पता दिया जाता है वह टेलीकॉम कंपनी के KYC रिकॉर्ड में रहता है, और वह किसी पब्लिक सर्च में नहीं आता. जो वेबसाइट “full address” दिखाने का दावा करती हैं, वे या तो सर्कल का नाम दिखाकर उसे पता बता देती हैं, या पहले पैसे माँगती हैं और बाद में कुछ नहीं देतीं.
हाँ, नाम का अंदाज़ा लगाने के दो वैध रास्ते ज़रूर हैं, और रोज़मर्रा में यही काफी होते हैं:
- WhatsApp — नंबर को कॉन्टैक्ट में सेव करके WhatsApp खोलिए. अगर उस नंबर पर WhatsApp है तो प्रोफाइल फोटो, “About” और कभी-कभी नाम दिख जाता है. यह उतना ही दिखेगा जितना उस व्यक्ति ने अपनी प्राइवेसी सेटिंग में सबके लिए खोल रखा है.
- UPI ऐप — Google Pay, PhonePe या Paytm में उस नंबर पर पैसे भेजने की स्क्रीन तक जाइए. भेजने से पहले बैंक में दर्ज नाम दिख जाता है. पैसे भेजिए मत — सिर्फ नाम देखकर वापस आ जाइए. यह तरीका तब काम का है जब किसी ने पेमेंट माँगा हो और आप जाँचना चाहते हों कि नाम वही है या नहीं.
दोनों में नाम मिलता है, पता नहीं. और दोनों में नाम गलत या पुराना भी हो सकता है. अगर कॉल करने वाला खुद को बैंक, कूरियर या बिजली विभाग का बताकर पैसे या OTP माँग रहा है, तो नाम-पता ढूँढ़ने में समय मत लगाइए — वह सीधे ठगी का मामला है, और उसका रास्ता नीचे शिकायत वाले हिस्से में दिया है. ऐसे लोग अक्सर मैसेज में लिंक भी भेजते हैं; कोई भी लिंक खोलने से पहले उस लिंक की सुरक्षा जाँच लीजिए. इसी तरह गाड़ी के नंबर से मालिक का नाम पता करने का सवाल भी बहुत पूछा जाता है — उसका सच गाड़ी नंबर से मालिक का नाम वाले लेख में लिखा है.
मोबाइल की लोकेशन कैसे चेक करें — अपना खोया फोन Find Hub से ढूंढें
यह वह तरीका है जो सचमुच काम करता है, क्योंकि यहाँ लोकेशन नंबर से नहीं, बल्कि आपके अपने Google अकाउंट से आती है. Google ने मई 2025 में Find My Device का नाम बदलकर Find Hub कर दिया है — कुछ फोनों में अभी दोनों नाम दिख सकते हैं.
किसी दूसरे फोन या कंप्यूटर से google.com/android/find खोलिए और उसी Google अकाउंट से लॉग इन कीजिए जो खोए हुए फोन में लॉग-इन है.
Google की शर्तें (ये पूरी होने पर ही काम करेगा): फोन में पावर हो, वह मोबाइल डेटा या Wi-Fi से जुड़ा हो, उसमें Google अकाउंट लॉग-इन हो, Find Hub ऑन हो, और डिवाइस Google Play पर visible हो.
यहाँ से आप तीन काम कर सकते हैं:
- Play Sound — फोन 5 मिनट तक पूरी आवाज़ में बजेगा, भले ही वह साइलेंट या वाइब्रेट पर हो. घर में ही फोन गुम हो जाए तो यही सबसे काम का है.
- Secure Device — फोन को आपके PIN, पैटर्न या पासवर्ड से लॉक कर देता है.
- Erase Device — फोन का पूरा डेटा हमेशा के लिए मिटा देता है. यह आखिरी विकल्प है, क्योंकि इसके बाद लोकेशन ट्रैक करना भी बंद हो जाता है.
अभी कर लीजिए: फोन खोने का इंतज़ार मत कीजिए. आज ही Settings में जाकर देख लीजिए कि Find Hub ऑन है या नहीं, और Location भी ऑन रखिए — वरना खोने के बाद कुछ नहीं हो पाएगा.
फोन चोरी हो गया है तो CEIR से हैंडसेट ब्लॉक करवाएँ
अगर फोन बंद कर दिया गया है या सिम निकाल दिया गया है, तो Find Hub काम नहीं करेगा. ऐसे में दूरसंचार विभाग का संचार साथी पोर्टल काम आता है. इसकी CEIR सेवा से आप अपने खोए/चोरी हुए हैंडसेट को देश के सभी टेलीकॉम नेटवर्क पर ब्लॉक करा सकते हैं — यानी उसमें कोई भी सिम डालने पर वह चलेगा नहीं.
- सबसे पहले नज़दीकी पुलिस स्टेशन में या ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएँ और उसकी कॉपी अपने पास रखें.
- sancharsaathi.gov.in पर जाकर CEIR सेवा चुनें और अपने हैंडसेट का IMEI नंबर, खोए हुए सिम का नंबर, शिकायत की जानकारी और पहचान पत्र देकर ब्लॉक रिक्वेस्ट डालें.
- IMEI नंबर फोन के डिब्बे पर, बिल पर, या किसी भी फोन से *#06# डायल करके मिल जाता है. फोन खोने से पहले इसे कहीं लिख कर रख लेना सबसे समझदारी का काम है.
- ब्लॉक होने के बाद अगर वह हैंडसेट कहीं इस्तेमाल होता है तो सिस्टम में उसका रिकॉर्ड बनता है, जो पुलिस को बरामदगी में मदद करता है. फोन वापस मिलने पर इसी पोर्टल से अनब्लॉक भी करा सकते हैं.
इसी पोर्टल पर TAFCOP से यह भी देख सकते हैं कि आपके नाम पर कितने मोबाइल कनेक्शन चल रहे हैं, और किसी अनजान कनेक्शन की रिपोर्ट कर सकते हैं. संचार साथी का मोबाइल ऐप भी आ चुका है और उसमें ये सारी सेवाएँ एक जगह मिलती हैं — संचार साथी ऐप क्या है में उसका पूरा तरीका दिया है.
कोई अनजान नंबर से परेशान कर रहा है तो क्या करें
यह इस पेज पर आने वाली सबसे आम वजह है. उसकी लोकेशन ढूंढकर “सबक सिखाने” का रास्ता न कानूनी है, न मुमकिन. जो रास्ते असल में काम करते हैं, वे ये हैं:
- नंबर ब्लॉक और रिपोर्ट करें — फोन ऐप और WhatsApp दोनों में ब्लॉक करें. स्क्रीनशॉट और कॉल लॉग डिलीट न करें, वही सबूत हैं.
- Chakshu पर रिपोर्ट करें — संचार साथी पोर्टल के Chakshu मॉड्यूल पर धोखाधड़ी वाले कॉल, SMS और WhatsApp मैसेज की शिकायत की जा सकती है.
- साइबर शिकायत दर्ज करें — cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें. यह पोर्टल गृह मंत्रालय के I4C द्वारा चलाया जाता है और इसमें महिलाओं व बच्चों से जुड़े मामलों के लिए अलग श्रेणी है.
- पैसे का नुकसान हुआ हो तो तुरंत 1930 पर कॉल करें — यह राष्ट्रीय साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन है और 24×7 चलती है. जितनी जल्दी शिकायत होगी, रकम रुकने की संभावना उतनी ज्यादा रहती है.
- गंभीर मामलों में FIR दर्ज कराएँ — पुलिस के पास वे कानूनी अधिकार हैं जो किसी ऐप के पास नहीं हैं. जाँच के दौरान वही टेलीकॉम कंपनी से जानकारी माँग सकती है.
- अपने अकाउंट सुरक्षित कर लीजिए — परेशान करने वाला अक्सर सोशल अकाउंट में सेंध लगाने की भी कोशिश करता है. सबसे पहले टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू कर लीजिए और प्रोफाइल फोटो व नंबर सबके लिए खुला मत रखिए.
चेतावनी: किसी महिला का पीछा करना या उसकी इंटरनेट/ई-मेल/इलेक्ट्रॉनिक संचार की गतिविधि पर नज़र रखना भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 78 के तहत stalking है. यह संज्ञेय अपराध है और पहली बार दोष सिद्ध होने पर 3 साल तक की कैद व जुर्माना, तथा दोबारा होने पर 5 साल तक की कैद व जुर्माने का प्रावधान है. किसी और की मर्जी के बिना उसे ट्रैक करने की कोशिश मत कीजिए.
परिवार के साथ लोकेशन शेयर करना (वैध और आसान तरीका)
अगर आपको बच्चों या बुजुर्ग माता-पिता की लोकेशन देखनी है, तो सही तरीका सहमति वाला है — जिसकी लोकेशन देखनी है, वह खुद अपने फोन से शेयर करे:
- Google Maps में प्रोफाइल फोटो पर टैप करके Location sharing चुनें, फिर वह व्यक्ति और समय-सीमा चुनें जिसके साथ लोकेशन शेयर करनी है. इसे कभी भी बंद किया जा सकता है.
- WhatsApp में चैट खोलकर अटैचमेंट आइकॉन → Location → Share live location चुनें और अवधि तय करें.
- दोनों में सामने वाले को पता रहता है कि उसकी लोकेशन शेयर हो रही है — और यही इसे चुपके से ट्रैक करने वाले ऐप्स से अलग बनाता है.
Mobile नंबर से Location कैसे पता करें — FAQs
क्या सच में मोबाइल नंबर से किसी की लाइव लोकेशन पता की जा सकती है?
नहीं. किसी चालू फोन की रियल-टाइम लोकेशन सिर्फ उसकी टेलीकॉम कंपनी के पास होती है, और दूरसंचार अधिनियम 2023 तथा Lawful Interception Rules 2024 के तहत यह जानकारी सिर्फ सरकार द्वारा अधिकृत एजेंसियों को, इंटरसेप्शन ऑर्डर पर ही दी जा सकती है. आम नागरिक के लिए कोई ऐप या वेबसाइट यह नहीं कर सकती.
मोबाइल नंबर से address कैसे निकाले?
किसी नंबर के मालिक का घर का पता किसी वैध तरीके से नहीं निकाला जा सकता. सिम का KYC पता टेलीकॉम कंपनी के रिकॉर्ड में रहता है और वह पब्लिक सर्च में नहीं आता. जो वेबसाइट ‘full address’ दिखाने का दावा करती हैं, वे या तो टेलीकॉम सर्कल का नाम ही पता बताकर दिखा देती हैं, या पैसे लेकर कुछ नहीं देतीं.
किसी अनजान नंबर का नाम कैसे पता करें?
नंबर को कॉन्टैक्ट में सेव करके WhatsApp खोलिए — प्रोफाइल फोटो और नाम उतना ही दिखेगा जितना उस व्यक्ति ने सबके लिए खोल रखा है. दूसरा तरीका UPI ऐप है: पैसे भेजने की स्क्रीन तक जाने पर बैंक में दर्ज नाम दिख जाता है (पैसे भेजिए मत, सिर्फ नाम देखिए). Truecaller भी नाम दिखाता है, पर वह दूसरे यूजर्स का सेव किया हुआ नाम होता है, इसलिए गलत भी हो सकता है.
Truecaller पर जो location दिखता है वह क्या है?
वह उस नंबर का रजिस्टर्ड टेलीकॉम सर्कल है, यानी नंबर किस राज्य/सर्कल में जारी हुआ था. व्यक्ति उस समय कहाँ है, इससे उसका कोई संबंध नहीं. दिल्ली की सीरीज का नंबर लेकर कोई चेन्नई में रह रहा हो, तब भी Truecaller Delhi ही दिखाएगा.
मेरा फोन खो गया है, अब क्या करूँ?
पहले किसी दूसरे डिवाइस से google.com/android/find खोलकर उसी Google अकाउंट से लॉग इन करें और Play Sound, Secure Device या Erase Device चुनें. अगर फोन बंद है या चोरी हो गया है तो पुलिस शिकायत दर्ज कराकर sancharsaathi.gov.in की CEIR सेवा से IMEI ब्लॉक करा दें, ताकि हैंडसेट किसी भी नेटवर्क पर न चले.
IMEI नंबर से लोकेशन पता की जा सकती है क्या?
आम आदमी के लिए नहीं. IMEI से आप संचार साथी पोर्टल पर हैंडसेट ब्लॉक करा सकते हैं और उसकी असलियत जाँच सकते हैं. ब्लॉक हैंडसेट के इस्तेमाल का रिकॉर्ड बनता है जो पुलिस जाँच में काम आता है, लेकिन नक्शे पर लोकेशन आपको नहीं मिलेगी.
मोबाइल की लोकेशन शेयर कैसे करें?
WhatsApp में चैट खोलकर अटैचमेंट आइकॉन पर टैप करें, फिर Location चुनकर Share live location पर जाएँ और समय-सीमा तय करें. Google Maps में प्रोफाइल फोटो पर टैप करके Location sharing से भी यही किया जा सकता है. दोनों में सामने वाले की सहमति और जानकारी जरूरी है.
क्या बंद फोन की लोकेशन पता चल सकती है?
बंद हो चुके फोन की मौजूदा लोकेशन नहीं मिलती. Find Hub उसकी आखिरी दर्ज लोकेशन दिखा सकता है, यानी बंद होने से ठीक पहले फोन कहाँ था. नए एंड्रॉइड फोनों में कुछ मॉडल बंद होने के बाद भी कुछ समय तक पता लगने देते हैं, पर इस पर भरोसा मत कीजिए — चोरी के मामले में सीधे CEIR पर IMEI ब्लॉक कराइए.
Mobile number ki sahi location online kaise pata kare?
किसी और के नंबर की सही या लाइव लोकेशन online पता करने का कोई वैध तरीका आम लोगों के लिए नहीं है. ऑनलाइन ऐप और वेबसाइट सिर्फ ऑपरेटर और टेलीकॉम सर्कल दिखाकर उसे location बता देती हैं. अपने खोए फोन की सही लोकेशन google.com/android/find (Find Hub) से देखी जा सकती है.
Truecaller se location kaise nikale?
Truecaller के Search बार में नंबर डालने पर जो location दिखती है, वह नंबर का रजिस्टर्ड टेलीकॉम सर्कल है, व्यक्ति की मौजूदा जगह नहीं. नंबर पोर्ट होने या व्यक्ति के दूसरे शहर में रहने पर भी वही पुराना सर्कल दिखता है, इसलिए Truecaller से किसी की असली location नहीं निकलती.
Phone number ki location kaise check kare?
अगर नंबर आपके अपने खोए फोन का है, तो नंबर नहीं बल्कि उसमें लॉग-इन Google अकाउंट काम आता है: google.com/android/find खोलकर लोकेशन देखें और Play Sound या Secure Device चुनें. किसी और के फोन की लोकेशन सिर्फ उसकी सहमति से, Google Maps या WhatsApp की लाइव लोकेशन शेयरिंग से देखी जा सकती है.
संक्षेप में — क्या काम करता है और क्या नहीं
“मोबाइल नंबर से लोकेशन” वाले ज्यादातर ऐप और वेबसाइट सिर्फ ऑपरेटर और टेलीकॉम सर्कल दिखाकर उसे लोकेशन बता देते हैं. जो चीजें सच में काम करती हैं वे तीन हैं — अपने फोन के लिए Find Hub, चोरी के बाद CEIR पर IMEI ब्लॉक, और परेशान करने वाले नंबर के लिए Chakshu / cybercrime.gov.in / 1930. इन्हीं पर भरोसा कीजिए.
स्रोत: संचार साथी पोर्टल (दूरसंचार विभाग), दूरसंचार अधिनियम 2023 एवं Lawful Interception Rules 2024, Google Android Help (Find Hub), भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 78, और गृह मंत्रालय के I4C का साइबर क्राइम पोर्टल.
इन्हें भी पढ़ें:
- ट्रेन की लाइव लोकेशन कैसे देखें
- Google Pay Account Kaise Banaye
- Photo Edit Kaise Kare
- Facebook पर Name कैसे Change करें
अगर आपके साथ कोई ऐसी दिक्कत हो रही है जिसका जवाब यहाँ नहीं मिला, तो कमेंट में लिखिए — हम जोड़ने की कोशिश करेंगे.
वैसे, अगर आप सफर या काम के बीच phone पर audio stories सुनते हैं तो एक बात और: Pocket FM पर Yakshini और Insta Millionaire जैसी Hindi series के हज़ारों episodes हैं, जिनमें से शुरुआती episodes free में सुने जा सकते हैं। हर show की कहानी, episodes की संख्या और ending हमने Pocket FM stories की guide में एक जगह इकट्ठा की है।






