मुख्य सामग्री पर जाएँ

WhatsApp चैनल कैसे बनाएं और क्या इससे पैसे मिलते हैं

WhatsApp चैनल कैसे बनाएं और क्या इससे पैसे मिलते हैं
विज्ञापन

WhatsApp channel kaise banaye और क्या इससे पैसे मिलते हैं? सीधा जवाब पहले — WhatsApp चैनल बनाने या चलाने के पैसे WhatsApp नहीं देता. यहाँ न वीडियो पर विज्ञापन चलते हैं, न व्यूज़ का भुगतान होता है, और फॉलोअर की कोई संख्या पार करने पर भी कुछ नहीं मिलता. चैनल से कमाई सिर्फ अप्रत्यक्ष तरीकों से होती है — ब्रांड की पोस्ट, एफिलिएट लिंक, या अपने यूट्यूब चैनल और वेबसाइट पर ट्रैफिक भेजकर. नीचे पहले यही हिस्सा खुलकर समझाया गया है, फिर चैनल बनाने का पूरा तरीका स्क्रीनशॉट के साथ दिया है.

WhatsApp Channel Kaise Banaye

इस लेख में आप जानेंगे

लेख की रूपरेखा — 18 विषय

क्या WhatsApp चैनल से पैसे मिलते हैं?

नहीं. WhatsApp चैनल में यूट्यूब जैसा कोई मोनेटाइजेशन प्रोग्राम अभी भारत में शुरू नहीं हुआ है. न कोई एड-रेवेन्यू शेयर है, न व्यू-बेस्ड भुगतान. Meta ने चैनल को कमाई लायक बनाने की बात कही है, लेकिन जब तक वह सुविधा असल में आपके ऐप में नहीं दिखती, तब तक उसका कोई मतलब नहीं.

यूट्यूब पर जो वीडियो “WhatsApp चैनल से रोज़ 500 रुपये” का दावा करते हैं, उनमें असल में रेफरल ऐप प्रमोट किए जा रहे होते हैं — कमाई चैनल से नहीं, आपके फॉलोअर्स के उस ऐप में रजिस्टर करने से होती है. यह बात शुरू में ही साफ कर लेनी चाहिए ताकि उम्मीदें असलियत के हिसाब से बनें.

एक और बात जो चैनल को कमाई के लिहाज़ से कमज़ोर बनाती है: आपको यह पता ही नहीं चलता कि आपके चैनल को कौन फॉलो कर रहा है. न फॉलोअर की लिस्ट दिखती है, न किसी को सीधा मैसेज किया जा सकता है. सिर्फ कुल संख्या और हर पोस्ट पर आए रिएक्शन दिखते हैं. इसी वजह से कई ब्रांड चैनल के मुकाबले इंस्टाग्राम या यूट्यूब को तरजीह देते हैं, जहाँ पूरे आँकड़े मिलते हैं.

WhatsApp चैनल से पैसे कैसे कमाए

कमाई के जो रास्ते सच में चलते हैं, वे ये चार हैं. इनमें से कोई भी रातोंरात नहीं होता और सबके लिए पहले एक काम का, एक विषय पर टिका चैनल बनाना पड़ता है.

1. ब्रांड प्रमोशन. यही सबसे सीधा रास्ता है. चैनल के डिस्क्रिप्शन में अपना कॉन्टैक्ट ईमेल डाल रखें, ताकि कंपनियाँ खुद संपर्क कर सकें. शुरुआत में आपको ही स्थानीय दुकानों, कोचिंग या छोटे ब्रांड से बात करनी पड़ती है. ध्यान रहे कि प्रमोशन वाली पोस्ट पर साफ लिखें कि यह विज्ञापन है — छिपाकर डालने पर फॉलोअर तेजी से चैनल छोड़ते हैं.

2. एफिलिएट लिंक. Amazon, Flipkart या किसी भी कंपनी के एफिलिएट प्रोग्राम में जुड़कर प्रोडक्ट के लिंक चैनल में शेयर करें. कोई उस लिंक से खरीदे तो कमीशन मिलता है. भारत में ज्यादातर श्रेणियों पर कमीशन एक से दस प्रतिशत के बीच रहता है, इसलिए कमाई तभी दिखती है जब फॉलोअर सच में उस चीज़ में दिलचस्पी रखते हों. सिर्फ लिंक की भरमार करने वाले चैनल जल्दी खाली हो जाते हैं.

विज्ञापन
Whatsapp Channel Se Paise Kaise Kamaye

3. रेफरल बोनस. कई ऐप नए यूज़र लाने पर इनाम देते हैं. उनका रेफरल लिंक चैनल में डाला जा सकता है, जैसे रेफरल प्रोग्राम वाले ऐप्स में होता है. यहाँ एक चेतावनी जरूरी है — जो ऐप बहुत ज्यादा रेफरल बोनस का वादा करें, उनमें से कई बाद में पैसे निकालने ही नहीं देते, और आपके फॉलोअर का भरोसा आप पर से हट जाता है. किसी भी लिंक को शेयर करने से पहले लिंक सुरक्षित है या नहीं यह जाँच लें.

Whatsapp से पैसे कैसे कमाए

4. अपने यूट्यूब चैनल या ब्लॉग पर ट्रैफिक. यह सबसे टिकाऊ तरीका है. नया वीडियो या लेख आते ही उसका लिंक चैनल में डाल दें. WhatsApp पर नोटिफिकेशन सीधे लोगों के फोन पर जाता है, इसलिए क्लिक की दर सोशल मीडिया से बेहतर रहती है. यूट्यूब या वेबसाइट से होने वाली कमाई ही असल में बढ़ती है, चैनल सिर्फ पहुँचाने का जरिया बनता है.

चैनल बेचने की बात भी बहुत होती है. तकनीकी रूप से किसी दूसरे एडमिन को चैनल सौंपा जा सकता है, लेकिन इसे खरीदना-बेचना WhatsApp की शर्तों के खिलाफ है और खरीदने वाला यह जाँच भी नहीं सकता कि फॉलोअर असली हैं या नहीं — क्योंकि फॉलोअर लिस्ट किसी को दिखती ही नहीं. इस लेन-देन में ठगी बहुत होती है, इसलिए इससे दूर रहना ही समझदारी है.

WhatsApp Channel Me Ownership Transfer Kaise Kare

WhatsApp चैनल क्या है और ग्रुप से कैसे अलग है

WhatsApp चैनल एक एकतरफा ब्रॉडकास्ट सुविधा है, जो 2023 में आई थी. इसमें सिर्फ एडमिन पोस्ट डालता है और फॉलोअर उसे पढ़ते हैं, जवाब नहीं दे सकते — सिर्फ इमोजी से रिएक्शन दे सकते हैं. चैनल आपके सामान्य चैट से अलग Updates टैब में रहता है, इसलिए यह आपकी रोज़ की बातचीत में दखल नहीं देता.

ग्रुप से इसके फर्क ये हैं:

  • ग्रुप में हर सदस्य मैसेज कर सकता है, चैनल में सिर्फ एडमिन. इसलिए चैनल में “गुड मॉर्निंग” वाली भीड़ नहीं होती.
  • ग्रुप में सदस्यों की तय सीमा होती है, चैनल को कितने भी लोग फॉलो कर सकते हैं.
  • ग्रुप में सबको एक-दूसरे का नंबर दिख जाता है. चैनल में न फॉलोअर को एडमिन का नंबर दिखता है, न एडमिन को फॉलोअर का.
  • चैनल की पोस्ट फॉलोअर के फोन से 30 दिन बाद अपने आप हट जाती हैं. ग्रुप के मैसेज तब तक रहते हैं जब तक कोई हटाए नहीं.

फोन में चैट को निजी रखने की और भी सेटिंग हैं — WhatsApp का Chat Lock फीचर इसी काम आता है.

WhatsApp चैनल कैसे बनाएं

चैनल बनाना मुफ्त है और इसमें किसी योग्यता की जरूरत नहीं. Note: अगर आपके WhatsApp में Updates टैब या Create channel का विकल्प नहीं दिख रहा तो ऐप बहुत पुराना है — Play Store या App Store से पहले उसे अपडेट कर लें.

1. अपने फोन में WhatsApp खोलें.

विज्ञापन

2. Updates टैब में आएँ और ऊपर-दाएँ दिए Plus आइकॉन पर टैप करें.

WhatsApp चैनल कैसे बनाएं

3. पॉप-अप में Create Channel चुनें.

व्हाट्सएप चैनल कैसे बनाएं

4. अगले पॉप-अप में चैनल के नियम-शर्तें दिखती हैं. Continue दबाएँ.

Find Channel Whatsapp in Hindi

5. अब चैनल का नाम और डिस्क्रिप्शन डालें. नाम ऐसा रखें जिससे विषय तुरंत समझ आए, क्योंकि लोग चैनल डायरेक्टरी में नाम से ही खोजते हैं. डिस्क्रिप्शन में साफ लिखें कि फॉलो करने पर क्या मिलेगा और अपना कॉन्टैक्ट ईमेल जरूर डालें. आखिर में एक लोगो जोड़कर Create channel दबाएँ.

Whatsapp Channel Banane Ki Vidhi

6. चैनल तैयार है. अब उसका लिंक शेयर करके लोगों को फॉलो करने के लिए बुला सकते हैं. एक Welcome Post डालना न भूलें — खाली चैनल देखकर लोग वापस चले जाते हैं.

Whatsapp Channel Kya Hai

चैनल बनाने के ताज़ा स्टेप्स और नियमों के लिए WhatsApp Help Center का आधिकारिक पेज देखें।

WhatsApp चैनल इस्तेमाल कैसे करें

चैनल पर पोस्ट कैसे करें

Updates टैब में अपना चैनल खोलें और उसी तरह लिखें जैसे किसी को मैसेज भेजते हैं. टेक्स्ट, फोटो, वीडियो, वॉइस नोट, स्टिकर और Poll — ये सब भेजे जा सकते हैं. लेकिन डॉक्यूमेंट (PDF, Word), लोकेशन और कॉन्टैक्ट चैनल में नहीं भेजे जा सकते — PDF शेयर करनी हो तो उसे Google Drive पर डालकर लिंक भेजना पड़ता है.

Whatsapp Par Channel Kaise Banaye

चैनल का लिंक शेयर कैसे करें

चैनल खोलकर उसके नाम पर टैप करें, वहाँ लिंक वाला विकल्प मिलेगा. लिंक कॉपी करके उसे WhatsApp स्टेटस, Instagram बायो, फेसबुक पेज या यूट्यूब वीडियो के डिस्क्रिप्शन में डाल सकते हैं. सबसे ज्यादा फॉलोअर वहीं से आते हैं जहाँ आपके पहले से लोग जुड़े हुए हैं.

व्हाट्सएप चैनल

चैनल का नाम, लोगो या डिस्क्रिप्शन कैसे बदलें

चैनल के नाम पर टैप करें, ऊपर थ्री डॉट दबाएँ और Edit चुनें. तीनों चीज़ें यहीं से बदली जा सकती हैं. बदलाव के बाद नीचे Save changes दबाना न भूलें, वरना कुछ सेव नहीं होता.

How to Create a Whatsapp Channel in Hindi

चैनल में किसी को एडमिन कैसे बनाएं

चैनल के नाम पर टैप करके नीचे स्क्रॉल करें और Invite admins चुनें. न्योता भेजने के बाद सामने वाले को उसे स्वीकार करना पड़ता है. एक चैनल में अधिकतम 16 एडमिन हो सकते हैं. एडमिन आपकी तरह पोस्ट डाल सकता है, इसलिए यह अधिकार सोच-समझकर दें.

Whatsapp Channel Me Admin Kaise Banaye

WhatsApp चैनल के फॉलोअर कैसे बढ़ाएं

चैनल बनाना पाँच मिनट का काम है, फॉलोअर जुटाना महीनों का. जो चीज़ें सच में असर करती हैं:

  • एक विषय पर टिके रहें. आज सरकारी नौकरी, कल शायरी और परसों मोबाइल ऑफर डालने वाले चैनल को कोई फॉलो नहीं रखता.
  • नाम में विषय रखें. चैनल सर्च में नाम से ही मिलते हैं, इसलिए “Sarkari Job Update” जैसा नाम “Raju Official” से कहीं बेहतर काम करता है.
  • अपनी मौजूदा जगहों का इस्तेमाल करें. स्टेटस, ग्रुप, इंस्टाग्राम और यूट्यूब — शुरुआती फॉलोअर यहीं से आते हैं. इंस्टाग्राम पर पहुँच बढ़ाने के तरीके यहाँ भी काम आते हैं.
  • दिन में एक-दो पोस्ट काफी हैं. WhatsApp का नोटिफिकेशन सीधे फोन पर जाता है, इसलिए दस पोस्ट डालने पर लोग चैनल म्यूट कर देते हैं या फॉलो हटा देते हैं.
  • Poll का इस्तेमाल करें. यही एकमात्र तरीका है जिससे पता चलता है कि फॉलोअर क्या चाहते हैं, क्योंकि वे जवाब नहीं दे सकते.

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या चैनल बनाने पर मेरा नंबर लोगों को दिखेगा?

नहीं. फॉलोअर को सिर्फ चैनल का नाम और लोगो दिखता है, आपका नंबर नहीं. इसी तरह आपको भी फॉलोअर के नंबर नहीं दिखते. यही चैनल की सबसे बड़ी खूबी है और सबसे बड़ी सीमा भी.

विज्ञापन

चैनल पर ग्रीन टिक कैसे मिलता है?

वेरिफिकेशन सिर्फ जानी-मानी संस्थाओं, मीडिया संगठनों और बड़े ब्रांड को मिलता है, और इसके लिए अलग से आवेदन का कोई खुला रास्ता नहीं है. कोई व्यक्ति पैसे लेकर टिक दिलाने का दावा करे तो वह ठगी है.

चैनल की पुरानी पोस्ट क्यों गायब हो जाती हैं?

यह गड़बड़ नहीं, चैनल का नियम है — हर अपडेट फॉलोअर के फोन से 30 दिन बाद अपने आप हट जाता है. जो जानकारी लंबे समय तक चाहिए (जैसे फॉर्म भरने की गाइड), उसे किसी वेबसाइट या यूट्यूब वीडियो पर रखकर उसका लिंक चैनल में डालें.

चैनल बनाने पर कोई चार्ज लगता है?

नहीं, चैनल बनाना और चलाना पूरी तरह मुफ्त है. कोई सीमा भी नहीं कि कितने चैनल बनाए जा सकते हैं. पैसे सिर्फ तब लगते हैं जब आप कहीं और विज्ञापन देकर चैनल का प्रचार करें.

चैनल कैसे डिलीट करें?

चैनल खोलकर नाम पर टैप करें, सबसे नीचे स्क्रॉल करके Delete channel चुनें और अपना नंबर डालकर पुष्टि करें. डिलीट करने के बाद चैनल और उसके सारे फॉलोअर वापस नहीं मिलते, इसलिए सिर्फ कुछ समय का ब्रेक लेना हो तो चैनल को वैसे ही छोड़ देना बेहतर है.

कंप्यूटर से चैनल चलाया जा सकता है?

हाँ, WhatsApp Web या डेस्कटॉप ऐप में भी Updates टैब मिलता है, जहाँ से पोस्ट डाली जा सकती है. लंबी पोस्ट टाइप करने और लिंक चिपकाने के लिए कंप्यूटर कहीं ज्यादा सुविधाजनक रहता है.

किसी स्टेप में दिक्कत आ रही हो तो नीचे कमेंट में पूछ लें.

इन्हें भी पढ़ें:

Hindi Sink को फॉलो करें

@hindisinkofficial

नई Pocket FM कहानियों, स्टोरी गाइड और ताज़ा अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

विज्ञापन
🔒 Link Safety Checker — कोई भी link safe है या नहीं, यहाँ जाँचें