Logo Kaise Banaye — फ्री में लोगो बनाने का सबसे आसान रास्ता Canva है. ऐप या canva.com खोलिए, Google अकाउंट से साइन अप कीजिए, सर्च में Logo लिखकर कोई टेम्पलेट चुनिए, उसमें अपना नाम, रंग और आइकॉन बदलिए और Download दबा दीजिए. पंद्रह मिनट में काम हो जाता है, न पैसे लगते हैं न कोई सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करना पड़ता है. कंप्यूटर पर बनाना हो तो DesignEvo का तरीका नीचे है, और मोबाइल पर भी वही Canva चलता है.

लोगो की ज़रूरत सिर्फ बड़ी कंपनियों को नहीं पड़ती. नई दुकान, वेबसाइट, फेसबुक पेज, Instagram पेज, YouTube चैनल या कोई ई-बुक — हर जगह एक निशान चाहिए जिससे लोग आपको पहचानें. फोन में कोई ऐप खोलते समय आप नाम नहीं पढ़ते, आइकॉन देखकर टैप करते हैं — लोगो का काम बस इतना ही है, पहचान बनाना.
लेख की रूपरेखा — 28 विषय
- Canva से Logo कैसे बनाएं (मोबाइल से)
- Logo को PNG Transparent में फ्री में कैसे डाउनलोड करें
- अपने नाम का Logo कैसे बनाएं
- YouTube चैनल और गेमिंग का Logo कैसे बनाएं
- AI से Logo कैसे बनाएं (और कहाँ काम नहीं आता)
- Computer में Logo कैसे बनाएं (DesignEvo से)
- डिज़ाइन किए गए कुछ Logo Examples
- अच्छा Logo कैसा होना चाहिए
- Logo कितने प्रकार के होते हैं
- Logo बनाना कैसे सीखें
- कुछ पोपुलर Logo Maker ऐप और वेबसाइट
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
- अपने नाम का लोगो कैसे बनाएं?
- फ्री में लोगो कैसे बनाया जाता है?
- गेमिंग लोगो कैसे बनाते हैं?
- क्या AI से लोगो बनाया जा सकता है?
- लोगो को transparent PNG में फ्री में कैसे डाउनलोड करें?
- YouTube चैनल के लोगो का सही साइज़ क्या है?
- क्या लोगो को रजिस्टर कराना ज़रूरी है?
- Logo banana kaise sikhe, kitna time lagta hai?
- Hindi Sink को फॉलो करें
Canva से Logo कैसे बनाएं (मोबाइल से)
1. Canva डाउनलोड करके साइन अप करें
Canva मोबाइल ऐप इंस्टॉल कर लें. कंप्यूटर है तो canva.com खोल लें या इस लिंक से Windows वाला ऐप ले लें. फिर Sign up दबाकर गूगल अकाउंट, फेसबुक या ईमेल से अकाउंट बना लें. साइन अप करते ही Canva Pro का 30 दिन का ट्रायल दिखाया जाता है — उसे अभी मत लीजिए, फ्री वर्जन से ही लोगो बन जाता है.

2. होमपेज पर Logo चुनें
होमपेज पर ऊपर सर्च बॉक्स में Logo लिखकर सर्च कर लीजिए, या “You might want to try…” वाली पट्टी में थोड़ा स्क्रॉल करके Logo चुन लीजिए (कंप्यूटर पर दाईं तरफ के तीर से). इससे कैनवास अपने आप चौकोर साइज़ का बन जाता है, जो लोगो के लिए सही रहता है.

3. टेम्पलेट चुनें या खाली पेज से शुरू करें
अब कुछ टेम्पलेट दिखेंगे. पहली बार बना रहे हैं तो टेम्पलेट ही चुनिए, खाली पेज से शुरू करने पर ज़्यादातर लोग अटक जाते हैं. जिन टेम्पलेट पर छोटा ताज (crown) बना है वे Pro वाले हैं — उन्हें छोड़ दीजिए, क्योंकि डाउनलोड करते समय Canva उनके पैसे माँगेगा. फ्री टेम्पलेट भी सैकड़ों हैं.

4. + आइकॉन से लोगो डिज़ाइन करें
नीचे बने प्लस (+) आइकॉन से तीन चीज़ें जोड़ी जाती हैं — Elements (ग्राफ़िक और आइकॉन), Text (अपना नाम या टैगलाइन) और Uploads से अपनी फोटो अपलोड या Photos सेक्शन की फ्री तस्वीर. Elements में सर्च करते समय अंग्रेज़ी में ही लिखिए (जैसे “chai cup”, “spanner”), हिंदी में लिखने पर नतीजे नहीं आते.

5. दो-तीन अलग डिज़ाइन बनाकर देखें
पहला डिज़ाइन बनते ही रुक मत जाइए. वही लोगो अलग रंग, अलग फॉन्ट और अलग आइकॉन के साथ दो-तीन बार बनाइए. एक छोटी जाँच ज़रूर कीजिए — लोगो को उंगली से छोटा करके नाखून जितना कर दीजिए. अगर उतने में नाम पढ़ा नहीं जा रहा, तो वह लोगो काम का नहीं है, क्योंकि WhatsApp की डीपी और ऐप आइकॉन में वह इतना ही छोटा दिखेगा.


6. लोगो डाउनलोड करें (कौन सा फॉर्मेट चुनें)
ऊपर डाउनलोड बटन दबाइए और फाइल टाइप में PNG चुनिए — JPG में किनारे खुरदरे आते हैं. जो दो-तीन डिज़ाइन पसंद आए हों, सब डाउनलोड कर लीजिए, क्योंकि लोगो कई जगह लगाना पड़ता है और हर जगह अलग वाला जँचता है. डिज़ाइन Canva के अकाउंट में सेव रहता है, इसलिए बाद में नाम या रंग बदलना हो तो वहीं से बदला जा सकता है.

Logo को PNG Transparent में फ्री में कैसे डाउनलोड करें
यहाँ एक बात साफ़ बता देना ज़रूरी है, क्योंकि बहुत लोग यहीं अटकते हैं. Canva में डाउनलोड करते समय “Transparent background” का जो चेकबॉक्स दिखता है, वह Pro वालों के लिए है. फ्री अकाउंट में उस पर टिक लगाते ही Canva पैसे माँगने लगता है.
फ्री में ट्रांसपेरेंट लोगो पाने के दो सीधे रास्ते हैं:
- लोगो को सफेद बैकग्राउंड के साथ PNG में डाउनलोड कीजिए, फिर Remove.bg पर डालकर बैकग्राउंड हटा लीजिए. पूरा तरीका फोटो का बैकग्राउंड फ्री में हटाने वाले लेख में है.
- या लोगो को उसी रंग के बैकग्राउंड पर बनाइए जिस पर वह लगेगा — जैसे वेबसाइट का हेडर सफेद है तो लोगो भी सफेद बैकग्राउंड पर रखिए. जोड़ कहीं दिखेगा ही नहीं.
एक और बात याद रखिए — Canva और ज़्यादातर फ्री टूल से लोगो PNG यानी तस्वीर के रूप में मिलता है, वेक्टर (SVG) में नहीं. तस्वीर वाला लोगो बहुत बड़ा करने पर, जैसे बैनर या फ्लेक्स छपवाते समय, धुँधला हो जाता है. इसलिए डाउनलोड करते समय साइज़ सबसे बड़ा रखिए, और दुकान का बोर्ड बनवाना हो तो प्रिंटिंग वाले से पहले पूछ लीजिए कि उसे कौन सी फाइल चाहिए.
अपने नाम का Logo कैसे बनाएं
नाम वाला लोगो सबसे आसान है और नए चैनल या छोटे बिज़नेस के लिए सबसे सही भी. Canva में खाली पेज खोलिए, Text से एक हेडिंग जोड़िए और उसमें अपना नाम लिख दीजिए. अब तीन चीज़ें करनी हैं:
- पहला अक्षर बड़ा कीजिए — नाम के पहले अक्षर को अलग रंग और बड़े साइज़ में रखिए. यही अक्षर बाद में ऐप आइकॉन और फेविकॉन के काम आता है.
- नाम लंबा है तो शॉर्ट फॉर्म बनाइए — “Sharma Electronics and Repairing” की जगह “SE” या “SER” रखिए और पूरा नाम नीचे छोटे अक्षरों में लिख दीजिए.
- दो से ज़्यादा फॉन्ट मत मिलाइए — एक नाम के लिए, एक टैगलाइन के लिए. तीसरा फॉन्ट जोड़ते ही लोगो बिखरा हुआ दिखने लगता है.
हिंदी में नाम लिखना हो तो Canva में फॉन्ट की सूची में Noto Sans Devanagari या Poppins जैसे फॉन्ट ढूँढ़िए. कई अंग्रेज़ी फॉन्ट देवनागरी सपोर्ट नहीं करते और हिंदी टाइप करते ही अक्षर टूटे हुए या डिब्बों में दिखने लगते हैं — यह Canva की खराबी नहीं, फॉन्ट की सीमा है.
YouTube चैनल और गेमिंग का Logo कैसे बनाएं
YouTube चैनल का लोगो बनाते समय दो बातें ध्यान में रखिए. पहली, YouTube प्रोफाइल फोटो को गोल घेरे में काटकर दिखाता है — कोनों में रखा कुछ भी कट जाएगा, इसलिए पूरा डिज़ाइन बीच में रखिए. दूसरी, YouTube 800 x 800 पिक्सल की फोटो माँगता है, लेकिन दिखती वह बहुत छोटी है, इसलिए बारीक लकीरों और लंबे नाम से बचिए.
गेमिंग चैनल का लोगो बनाना हो तो Canva के टेम्पलेट सर्च में सीधे gaming logo लिखिए — वहाँ से कोई टेम्पलेट उठाकर उसमें अपना नाम डाल दीजिए. बस एक चेतावनी: किसी गेम का असली लोगो, किरदार या नाम अपने लोगो में मत डालिए. BGMI, Free Fire या GTA जैसे नाम और चिह्न उन कंपनियों के हैं, और उनसे बना लोगो लगाने पर चैनल पर शिकायत आ सकती है. चैनल शुरू करने का पूरा तरीका YouTube चैनल कैसे बनाएं वाले लेख में है, और यूट्यूब पर वीडियो डालने का तरीका अलग से लिखा है.
AI से Logo कैसे बनाएं (और कहाँ काम नहीं आता)
AI से लोगो बनाना अब सचमुच काम करता है, पर उतना नहीं जितना वीडियो में दिखाया जाता है. ChatGPT या Gemini में अपनी बात लिखकर तस्वीर बनवाई जा सकती है. प्रॉम्प्ट ऐसा लिखिए, अंग्रेज़ी में:
“Minimal flat logo for a tea stall named Chai Adda, brown and cream colors, simple cup icon, white background, no text”
प्रॉम्प्ट के आखिर में “no text” लिखना सबसे काम की बात है, क्योंकि AI अक्षर ठीक से नहीं बना पाता — नाम अक्सर टूटा-फूटा या गलत वर्तनी में आता है. इसलिए सही तरीका यह है: AI से सिर्फ आइकॉन बनवाइए, फिर उसे Canva में अपलोड करके नाम खुद टाइप कीजिए.
दो और सीमाएं जान लीजिए. AI से बनी तस्वीर भी PNG होती है, वेक्टर नहीं, इसलिए बड़ा प्रिंट कराने में वही दिक्कत आएगी. और AI कभी-कभी किसी मशहूर ब्रांड से मिलता-जुलता डिज़ाइन बना देता है — लोगो तय करने से पहले उसे Google Images में रिवर्स सर्च करके देख लीजिए कि वैसा कुछ पहले से तो नहीं है. Looka, Wix और Tailor Brands जैसी AI लोगो वेबसाइटें डिज़ाइन फ्री में दिखा देती हैं, पर फाइल डाउनलोड करने पर पैसे माँगती हैं — यह बात वे शुरू में नहीं बतातीं.
Computer में Logo कैसे बनाएं (DesignEvo से)
कंप्यूटर पर भी Canva चलता है, पर एक दूसरा आसान रास्ता DesignEvo.com है — लोगो बनाने की एक लोकप्रिय वेबसाइट, जिसमें तैयार आइकॉन का बड़ा संग्रह है.
1. ब्राउज़र में DesignEvo.com खोलें.
2. होमपेज पर Make a Logo पर क्लिक करें.

3. टेम्पलेट दिखेंगे. किसी एक पर Customize दबाएं. खुद से शुरू करना हो तो ऊपर Start From Scratch चुनें.

4. अब डिज़ाइन कीजिए — Icon से चिह्न, Text से नाम या टैगलाइन, Shape से आकृतियाँ और Background से पीछे का रंग.

5. ऊपर Download दबाकर Download a low-resolution free logo चुनें. फ्री वाली फाइल 300 x 300 पिक्सल की मिलती है — प्रोफाइल फोटो और वेबसाइट के लिए ठीक है, बड़े प्रिंट के लिए नहीं.

6. अब साइन अप माँगा जाएगा — Facebook, Google या ईमेल से कर लीजिए.

7. श्रेणी पूछी जाएगी. समझ न आए तो Self-Employed चुन लीजिए.

8. “आप कौन हैं” वाले पेज पर Designer चुन लीजिए.

9. Confirm Now दबाकर आगे बढ़ें.

10. आखिर में Download And Agree दबाइए. फाइल Zip में आए तो WinRAR या 7-Zip से खोल लीजिए. एक बात ध्यान रखिए — DesignEvo के फ्री लोगो के साथ शर्त जुड़ी रहती है कि कहीं उसका श्रेय (credit) देना पड़ सकता है. दुकान या कंपनी का पक्का लोगो बना रहे हैं तो Canva बेहतर है.

डिज़ाइन किए गए कुछ Logo Examples
नीचे कुछ लोगो हमने खुद अलग-अलग कामों के लिए बनाए हैं — ब्लॉग, गेमिंग चैनल, ब्यूटी पार्लर, जिम, न्यूज़ और खेल. इन्हें देखकर अंदाज़ा लग जाएगा कि किस तरह के काम में किस तरह का लोगो जँचता है. वही ढाँचा लेकर अपना नाम और रंग डाल लीजिए.






अच्छा Logo कैसा होना चाहिए
अलग दिखे: डिज़ाइन बाकियों से थोड़ा हटकर होना चाहिए और उसमें आपके काम की झलक दिखनी चाहिए, ताकि देखते ही अंदाज़ा लग जाए कि आप करते क्या हैं. किसी का लोगो देखकर हूबहू वैसा बनाने से बचिए.
नाम बड़ा रखें: लोगो का मुख्य हिस्सा आपका नाम है, उसे छोटा मत रखिए. नाम दो-तीन शब्दों का हो तो सिर्फ पहले अक्षर लीजिए; एक ही शब्द हो तो उसके पहले अक्षर को चिह्न की तरह डिज़ाइन कीजिए.
रंग कम रखें: दो, ज़्यादा से ज़्यादा तीन रंग. गहरे रंग (काला, गहरा नीला, गहरा हरा, लाल) दूर से और छोटे आकार में भी साफ़ दिखते हैं. हल्के रंग सफेद बैकग्राउंड पर गायब हो जाते हैं. लोगो को एक बार ब्लैक-एंड-व्हाइट में भी देखिए — अगर उसमें भी पढ़ा जा रहा है, तो रंग सही हैं.
फॉन्ट: Canva में डिफ़ॉल्ट Canva Sans लगा रहता है, उसे बदल दीजिए — वही फॉन्ट हज़ारों लोगो में दिखता है. Open Sans, Roboto, Poppins या Noto Sans अच्छे विकल्प हैं. इस वेबसाइट के लोगो में हमने Maragsa फॉन्ट इस्तेमाल किया है.
बैकग्राउंड: ट्रांसपेरेंट लोगो हर जगह चल जाता है, इसलिए ज़्यादातर डिज़ाइनर वही बनाते हैं. तरीका ऊपर बता दिया है. रंगीन बैकग्राउंड भी बुरा नहीं, बस उसे हर जगह एक जैसा रखिए.
आइकॉन: हो सके तो अपने काम से जुड़ा एक चिह्न डालिए. सिर्फ एक अक्षर वाले लोगो में यह मुश्किल है, वहाँ अक्षर को ही चिह्न की तरह गढ़िए.
Logo कितने प्रकार के होते हैं
लोगो के मुख्य रूप से नौ प्रकार माने जाते हैं. अपने काम के हिसाब से इनमें से कोई एक चुन लीजिए, उसके बाद डिज़ाइन करना आसान हो जाता है.
- वर्डमार्क (लोगोटाइप) — पूरा नाम किसी खास फॉन्ट और रंग में. नई कंपनियों के लिए सबसे सही, क्योंकि लोग नाम पढ़कर याद रखते हैं. जैसे Visa, Coca-Cola, Subway.
- लेटरफ़ॉर्म — नाम का सिर्फ पहला अक्षर. इसे ज़्यादातर ऐप आइकॉन और फेविकॉन में लगाया जाता है. जैसे Google का G, Facebook का f.
- लेटरमार्क (मोनोग्राम) — लंबे नाम का शॉर्ट फॉर्म. नाम बड़ा हो तो यही चुनिए. जैसे HBO, NASA, HP.
- ब्रांडमार्क (पिक्टोरियल) — नाम के बिना सिर्फ एक चिह्न. यह तभी चलता है जब ब्रांड पहले से मशहूर हो. जैसे Apple, Instagram, Snapchat.
- एब्स्ट्रैक्ट — ऐसा आकार जो किसी असली चीज़ जैसा नहीं दिखता, पर कोई मतलब छिपाए रहता है. जैसे Nike, Airbnb.
- मैस्कॉट — कोई कार्टून जैसा किरदार. बच्चों और परिवारों वाले काम, जैसे खाने-पीने की दुकान के लिए अच्छा. जैसे KFC, Michelin Man.
- एंब्लेम — नाम और टैगलाइन किसी चिह्न के अंदर. पुरानेपन और भरोसे का एहसास देता है, पर छोटे आकार में पढ़ना मुश्किल होता है. जैसे Starbucks, Warner Bros.
- कॉम्बिनेशन मार्क — चिह्न और नाम दोनों साथ. नए ब्रांड के लिए सबसे सुरक्षित चुनाव. जैसे Dropbox, Taco Bell.
- डायनामिक मार्क — मौके के हिसाब से बदलता लोगो, जैसे त्योहारों पर Google का डूडल. यह तभी काम करता है जब ब्रांड इतना मशहूर हो कि बदलने पर भी पहचाना जाए.
Logo बनाना कैसे सीखें
लोगो बनाना सीखने के लिए कोई कोर्स ज़रूरी नहीं. सबसे तेज़ तरीका नकल से शुरू करना है — नकल करके छापने के लिए नहीं, अभ्यास के लिए. रोज़ एक मशहूर लोगो उठाइए और Canva में उसे हूबहू बनाने की कोशिश कीजिए. दो हफ्ते में समझ आने लगेगा कि रंग, जगह और फॉन्ट किस तरह काम करते हैं.
उसके बाद तीन आदतें डालिए: हर लोगो को छोटा करके देखिए, हर लोगो को ब्लैक-एंड-व्हाइट में देखिए, और किसी और से पूछिए कि “इसे देखकर क्या लगता है?” — अगर जवाब वही आता है जो आपका काम है, लोगो सही बना है. जब हाथ जम जाए तो यही हुनर कमाई का ज़रिया भी बन सकता है; Canva से पैसे कैसे कमाएं में इसी का तरीका लिखा है.
Logo बनाना फ्री में कहाँ से सीखें
सीखने के लिए पैसे वाला कोर्स ज़रूरी नहीं. शुरुआत Canva के अपने फ्री ट्यूटोरियल (Canva Design School) से कीजिए, जिनमें फॉन्ट जोड़ना, रंग चुनना और लेआउट बनाना छोटे-छोटे पाठों में समझाया गया है. उसके बाद YouTube पर “logo design tutorial” खोजकर किसी एक ही चैनल की पूरी सीरीज़ देखिए, ताकि बार-बार नया तरीका न सीखना पड़े. जब Canva में हाथ जम जाए, तो कंप्यूटर पर फ्री वेक्टर सॉफ्टवेयर Inkscape आज़माइए — वहाँ बना लोगो कितना भी बड़ा करने पर धुंधला नहीं होता, और प्रोफेशनल काम में यही माँगा जाता है. हर हफ्ते अपने बनाए तीन-चार लोगो एक फोल्डर में रखते जाइए; यही बाद में आपका पोर्टफोलियो बनेगा.
कुछ पोपुलर Logo Maker ऐप और वेबसाइट
नीचे वे टूल हैं जिनसे हमने खुद लोगो बनाकर देखा है. इनके लिंक जानबूझकर नहीं दिए हैं — नाम के साथ ‘Logo Maker’ लिखकर गूगल या गूगल प्ले स्टोर पर सर्च कर लीजिए, क्योंकि इनके पते और प्लान बदलते रहते हैं.
- Canva (फ्री) — सबसे भरोसेमंद. डाउनलोड फ्री, सिर्फ ट्रांसपेरेंट बैकग्राउंड और कुछ एलिमेंट पेड.
- DesignEvo (फ्री + पेड) — आइकॉन का बड़ा संग्रह, फ्री फाइल छोटी मिलती है.
- Squarespace Logo Maker (फ्री) — बहुत सीधा-सादा, कम विकल्प.
- Looka (पेड) — AI से कई डिज़ाइन बनाकर दिखाता है, पर डाउनलोड पर पैसे.
- Wix Logo Maker (पेड) — डिज़ाइन देखने तक फ्री, फाइल के पैसे.
- Tailor Brands (पेड) — सब्सक्रिप्शन वाला, छोटे काम के लिए महँगा पड़ता है.
- Fiverr / Designhill (पेड) — यहाँ टूल नहीं, असली डिज़ाइनर मिलते हैं. दुकान या कंपनी का पक्का लोगो बनवाना हो तो यह रास्ता ठीक है.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
अपने नाम का लोगो कैसे बनाएं?
Canva खोलिए, Logo चुनिए और Create Blank दबाइए. अब Text से एक हेडिंग जोड़कर उसमें अपना नाम लिखिए, पहले अक्षर को बड़ा और अलग रंग का कर दीजिए और नीचे छोटे अक्षरों में पूरा नाम या टैगलाइन लिख दीजिए. दो से ज़्यादा फॉन्ट मत मिलाइए, इसी एक बात से लोगो साफ़-सुथरा दिखने लगता है.
फ्री में लोगो कैसे बनाया जाता है?
Canva, DesignEvo और Squarespace Logo Maker — तीनों में फ्री लोगो बनकर डाउनलोड हो जाता है. सबसे भरोसेमंद Canva है, बस डाउनलोड करते समय ऐसा कोई टेम्पलेट या एलिमेंट इस्तेमाल मत कीजिए जिस पर ताज (crown) का निशान बना हो, वरना पैसे माँगे जाएंगे.
गेमिंग लोगो कैसे बनाते हैं?
Canva के टेम्पलेट सर्च में ‘gaming logo’ लिखिए और कोई टेम्पलेट उठाकर उसमें अपना नाम डाल दीजिए. किसी गेम का असली नाम, लोगो या किरदार अपने लोगो में मत डालिए — वे उन कंपनियों के हैं और उनसे चैनल पर शिकायत आ सकती है.
क्या AI से लोगो बनाया जा सकता है?
हाँ, ChatGPT या Gemini में प्रॉम्प्ट लिखकर लोगो जैसी तस्वीर बनवाई जा सकती है. पर AI अक्षर ठीक से नहीं बना पाता, इसलिए प्रॉम्प्ट के आखिर में ‘no text’ लिख दीजिए, सिर्फ आइकॉन बनवाइए और नाम बाद में Canva में खुद टाइप कीजिए. बनाए हुए डिज़ाइन को Google Images में रिवर्स सर्च करके देख लीजिए कि वह किसी मौजूदा ब्रांड जैसा तो नहीं है.
लोगो को transparent PNG में फ्री में कैसे डाउनलोड करें?
Canva में transparent background वाला विकल्प Pro में ही मिलता है. फ्री में करना हो तो लोगो को सफेद बैकग्राउंड के साथ PNG में डाउनलोड कीजिए और फिर Remove.bg पर डालकर बैकग्राउंड हटा लीजिए. नतीजा लगभग वही मिलता है और एक रुपया नहीं लगता.
YouTube चैनल के लोगो का सही साइज़ क्या है?
YouTube प्रोफाइल फोटो के लिए 800 x 800 पिक्सल की चौकोर तस्वीर माँगता है और उसे गोल घेरे में काटकर दिखाता है. इसलिए डिज़ाइन बीच में रखिए, कोनों में कुछ ज़रूरी मत डालिए, और नाम इतना छोटा मत लिखिए कि मोबाइल पर पढ़ा ही न जाए.
क्या लोगो को रजिस्टर कराना ज़रूरी है?
छोटे काम, ब्लॉग या यूट्यूब चैनल के लिए ज़रूरी नहीं. लेकिन दुकान, ब्रांड या कंपनी बड़ी कर रहे हैं तो लोगो का ट्रेडमार्क करा लेना समझदारी है, वरना कोई और वही नाम-निशान इस्तेमाल कर सकता है. आवेदन भारत सरकार के IP India के पोर्टल से ऑनलाइन होता है और वहीं यह भी देखा जा सकता है कि वैसा नाम पहले से रजिस्टर तो नहीं है.
Logo banana kaise sikhe, kitna time lagta hai?
Canva में रोज़ एक मशहूर लोगो की नकल करके अभ्यास कीजिए, फिर अपने नाम या किसी काल्पनिक दुकान के लोगो बनाइए. रोज़ आधा-एक घंटा देने पर दो-तीन हफ्ते में साफ-सुथरा लोगो बनाने लगेंगे; प्रोफेशनल स्तर तक पहुँचने में कुछ महीने का अभ्यास लगता है.
इन्हें भी पढ़ें:






